Metro Plus News
फरीदाबादराजनीतिहरियाणा

चंडीगढ़ में सरकारी कोठियों में रहने वाले विधायक व मंत्री लोगों को देखकर कर लेते हैं अपनी आंखें बंद

भाजपा नेता जगदीश भाटिया ने सरकार पर हमला बोलते हुए विधायक व मंत्रियों पर ही लगाए आरोप
फरीदाबाद को नरक बनाने वाले अधिकारियों को जेल भेजे सरकार: भाटिया
सत्ता में आने से पहले तक जनता के बीच रहने वाले भाजपा सरकार के विधायक बचने लगे हैं लोगों से
मैट्रो प्लस
फरीदाबाद, 1 सितंबर (नवीन गुप्ता): दो दिन में एक-एक घंटे की हुई बरसात ने समूचे फरीदाबाद को नरक में तब्दील कर दिया है। अधिकारियों ने ना केवल सरकारी खजाने को दोनों हाथों से लूटा है, बल्कि मोदी सरकार को भी बदनाम करने में कोई कसर नहीं छोड़ी है। जब तक हरियाणा सरकार भ्रष्ट अधिकारियों को जेल के अंदर नहीं डालेगी, तब तक शहर पूरी तरह से नरक ही बना रहेगा। यह कहना है भाजपा नेता एवं व्यापार मंडल के अध्यक्ष जगदीश भाटिया का।
श्री भाटिया ने कहा कि दो दिन में मात्र दो घंटे की बरसात ने पूरे शहर को बदहाल कर दिया है। जगह-जगह पानी भरा हुआ है, सड़कें बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हैं और कूड़े व कचरे का ढेर हर जगह दिखाई दे रहा है। बदबू व गंदगी की वजह से लोगों को भयानक बीमारियों ने घेरा हुआ है। वायरल, डेंगू व चिकनगुनिया जैसी जानलेवा बीमारियों की वजह से पूरे शहर का बुरा हाल है। लेकिन हैरत की बात है कि जिला प्रशासन, नगर निगम प्रशासन एवं चिकित्सा विभाग के अधिकारी कुंभकर्णी नींद सोये हुए हैं। सरकारी सुविधाओं का लाभ लेकर अधिकारी व प्रशासन पूरी तरह से मस्त है। इस बदहाली के लिए किसी भी अधिकारी को जिम्मेदार नहीं माना जा रहा। बड़े से बड़े अधिकारी भी अपनी जिम्मेदारी से बचे हुए हैं। इस वजह से मोदी व मनोहर सरकार को लोगों के कोपभाजन का शिकार होना पड़ रहा है। लोगों में भाजपा सरकार के प्रति गुस्सा प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है।
भाजपा नेता जगदीश भाटिया ने कहा कि इन हालातों के लिए प्रशासन के साथ-साथ इलाके के विधायक व मंत्री भी बराबर के दोषी हैं। सत्ता में आने से पहले तक जनता के बीच रहने वाले भाजपा सरकार के विधायक भी अब लोगों से बचने लगे हैं। सरकारी सुविधाओं का लुफ्त उठाकर विधायक व मंत्रियों को जनता की समस्याओं से कोई लेना देना नहीं है। लोगों के बीच जाकर उनकी समस्या सुनना विधायकों को अपनी तौहीन लगता है। चंडीगढ़ में सरकारी कोठियों में रहने वाले विधायक व मंत्री अब लोगों को देखकर अपनी आंखें बंद कर लेते हैं। लेकिन वह वक्त भी दूर नहीं, जब क्षेत्र की जनता उनका मुंह काला करेगी। भाजपा नेता ने अधिकारियों पर गरजते हुए कहा कि मानसून से पहले ही अधिकारियों को पानी निकासी, गंदगी की सफाई व सड़कों की मरम्मत का काम पूरा कर लेना चाहिए था। बार बार कहने के बावजूद भी प्रशासन के अधिकारियों ने मानसून सेनिपटने की कोई तैयारी नहीं की, उल्टा फाईलों में सारी साफ-सफाई व सड़कों को बनाए जाने के काम युद्वस्तर पर किए गए। लेकिन मानसून की इस बरसात ने जिला प्रशासन एवं नगर निगम की सभी व्यवस्थाओं की पोल खोलकर रख दी है।
श्री भाटिया ने कहा कि फरीदाबाद की ऐसी दुगर्ति पहले कभी दिखाई नहीं दी। लेकिन भाजपा सरकार का अधिकारियों पर नियंत्रण ना होने की वजह से फरीदाबाद को नरक जैसे हालातों से गुजरना पड़ रहा है। श्री भाटिया ने सरकार से आग्रह किया है कि इस कुव्यवस्था के लिए जिम्मेदार अधिकारियों पर मुकदमें दर्ज हों और उन्हें सीधे जेल भेजा जाए। इसके बाद ही अधिकारियों की मगरमच्छ जैसी चमड़ी पतली होगी, यदि ऐसा नहीं किया गया तो उसका खामियाजा भाजपा सरकार को भुगतने के लिए तैयार रहना होगा।


Related posts

बेहतर समन्वयन के साथ कार्य करें अधिकारी: उपायुक्त

Metro Plus

सरकार के पास नहीं है ज्यादा स्कूली फीस को रेगुलेट करने को लेकर कोई नियम, हाईकोर्ट में सरकार ने दिया जवाब

Metro Plus

NSUI ने युवा आवाज द्वारा चलाए जा रहे हस्ताक्षर अभियान को समर्थन दिया: सन्नी बादल

Metro Plus