Metro Plus News
फरीदाबादराजनीतिहरियाणा

भाजपा सरकारें बनी हुई हैं अंबानी व अडानी की एजेंट: जगदीश भाटिया

टोल टैक्स मालिकों के हाथों की कठपुतली बन गई है सरकार: भाटिया
मैट्रो प्लस
फरीदाबाद, 28 सितंबर (मोहित गुप्ता): व्यापार मंडल फरीदाबाद के प्रधान एवं वरिष्ठ भाजपा नेता जगदीश भाटिया ने हरियाणा की मनोहर लाल खट्टर, केंद्रीय मंत्री कृष्णपाल गुर्जर एवं प्रदेश के मंत्रियों पर राज्य को बर्बाद करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा है कि प्रदेश सरकार टोल माफियाओं की कठपुतली बनी हुई है। विपक्ष में रहकर टोल टैक्स को जजिया कर (अंग्रेजों की सरकार के समय में जबरन वसूल किए जाने वाले कर को जजिया कर कहा जाता था) की संज्ञा देने भाजपा नेता आज टोल मालिकों की जेब में जा बैठे हैं।
भाजपा नेता जगदीश भाटिया ने कहा कि आज फरीदाबाद में आने व इस शहर से बाहर जाने के लिए लोगों को टोल टैक्स देना पड़ रहा है। सोहना रोड, गुडगांव रोड, बदरपुर बार्डर एवं पलवल के रास्ते होडल जाने के लिए फरीदाबाद वासियों को टोल देकर जाना पड़ता है। यह फरीदाबाद के साथ अन्याय नहीं तो और क्या है। श्री भाटिया ने कहा कि विपक्ष में रहते हुए उन्होंने टोल टैक्स के खिलाफ धरना प्रदर्शन का आयोजन किया था, तब आज के मुख्यमंत्री मनोहर लाल, वर्तमान केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर सहित तमाम नेताओं ने अपनी सरकार आने पर टोल टैक्स समाप्त करने की घोषणा की थी। साथ ही हरियाणा को इस अन्यायपूर्ण नीति से छुटकारा दिलवाने का वायदा किया था। मगर हैरत की बात है कि धरना प्रदर्शन करने के समय बदरपुर बार्डर पर टोल के रेट 25 रुपए थे, जबकि उनकी सरकार आने पर यह रेट 37 रुपए हो गए हैं। इससे मौजूदा सरकार की कथनी व करनी का अंतर जनता के सामने आ गया है।
श्री भाटिया ने कहा कि एक ओर तो जनता से रोड टैक्स के नाम पर अरबों खरबों रुपए वसूले जा रहे हैं। कारों की कीमत के हिसाब से रोड टैक्स लिया जाता है। भारी वाहनों से भी भारी रोड टैक्स लिया जाता है। जब सड़कों के पुर्ननिर्माण एवं उनकी मरम्मत के नाम पर सरकारें रोड टैक्स वसूलती हैं, तब टोल टैक्स वसूली का क्या औचित्य रह जाता है। उन्होंने कहा कि सरकार या तो टोल टैक्स वसूले या फिर रोड टैक्स। एक कार्य के लिए जनता से दो-दो टैक्स वसूलना सरासर धोखा है।
उन्होंने कहा कि आज केंद्र से लेकर हरियाणा तक की सरकारें अंबानी व अडानी की एजेंट बनी हुई हैं। अंबानी को टोल टैक्स वसूलने का ठेका दिया हुआ है तो अडानी को सीएनजी पंपों के मालिकाना हक दिए जा रहे हैं। मौजूदा भाजपा सरकार कभी खुद को जनता की हमदर्द कहा करती थी, लेकिन सत्ता में आने के बाद भाजपा सरकार जनता की जेबों में डाका डाल रही है। श्री भाटिया ने कहा कि आज बेहद दुख होता है कि वह भाजपा के लिए जनता से झूठे वायदे करते रहे। उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग की है कि भाजपा ने विपक्ष में रहते हुए जनता से जो वायदे किए थे, उन्हें तत्काल पूरा किया जाए, ताकि आगामी चुनावों में वह जनता से वोट मांग सकें।


Related posts

ए.डी. सीनियर सैकेंडरी स्कूल में धूमधाम से मनाया गया दीवाली उत्सव

Metro Plus

युवा उद्योगपति जैन बंधुओं ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से की शिष्टाचार भेंट।

Metro Plus

FMS में नव-सत्र का शुभारम्भ हवन यज्ञ के साथ किया गया

Metro Plus