Metro Plus News
फरीदाबादराजनीतिहरियाणा

गाय, गंगा, गीता, गांव और गायत्री मंत्र के नाम पर लोगों को गुमराह कर रही है भाजपा: अशोक तंवर

मैट्रो प्लस से नवीन गुप्ता की रिपोर्ट
चंडीगढ़, 12 जनवरी: हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ० अशोक तंवर ने राष्ट्रीय युवा दिवस की सभी युवाओं को शुभकामनाएं दी हैं। अपने जारी बयान में डॉ० तंवर ने स्वामी विवेकानंद की 155वीं जयंती की बधाई देते हुए कहा कि स्वामी विवेकानंद ने देश के युवाओं को बड़ी प्रेरणा दी और युवा होने का असली मकसद और मतलब बताया।
इस अवसर पर डॉ० तंवर ने कहा कि जिस देश में स्वामी विवेकानंद जैसे महापुरुष पैदा हुए, आज दुर्भाग्य से उसी देश में युवाओं के सपनों को तोड़ा जा रहा है। देश का युवा अंधकारमय जीवन जी रहा है। वे बेरोजगारी के संताप से परेशान हैं। देश की 65 प्रतिशत आबादी  युवाओं की होने के बावजूद युवाओं के बारे में सरकार कुछ नहीं सोच रही। भारतीय जनता पार्टी के नेताओं ने युवाओं से झूठ बोलकर सत्ता हासिल की थी लेकिन अब उनसे विमुख हुआ जा रहा है।
डॉ० अशोक तंवर ने कहा कि प्रदेश में जबसे भाजपा की सरकार बनी है, तभी से अनुबंध और कच्चे आधार पर काम कर रहे युवा कर्मचारियों पर कुठाराघात किया जा रहा है। देश में 70 साल की आजादी  में पहली बार ऐसी सरकार आई है जब हर वर्ग बुरी तरह से प्रभावित हुआ है। गाय, गंगा, गीता, गांव और गायत्री मंत्र के नाम पर लोगों को उलझाकर गुमराह किया जा रहा है। न तो गाय को आश्रय मिल रहा है, न गंगा की सफाई हुई है, गीता जयंती के नाम पर करोड़ों रुपयों का घोटाला हो रहा है और खेत किसानों को उनके हाल पर छोड़ दिया गया है। गायत्री मंत्र के जाप के बहाने सरकार एक तरफ तो करोड़ों का घोटाला कर रही है और दूसरी तरफ मुख्यमंत्री बार-बार गीता जयंती पर इसी तरह से खर्च करने के बेशर्मी भरे बयान दे रहे हैं।
इस मौके पर कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि करोड़ों युवाओं को रोजगार, छात्र संघ के चुनाव, बेरोजगारी भत्ता और कौशल विकास का बहाना लेकर सत्ता में आई भाजपा की सरकार आज युवाओं को परेशान कर रही है। उन्होंने प्रदेश के लोगों का आह्वान किया कि आने वाले चुनावों में भाजपा को जड़ से उखाड़ फेंकें और कांग्रेस के हाथ सत्ता सौंपें ताकि उनके अधिकारों की रक्षा हो सके।

Related posts

FMS के 12 वीं की छात्रों की जेईई मेन में शानदार सफलता

Metro Plus

Delhi Scholars International का नाम रोशन किया छात्राओं ने

Metro Plus

कृष्णपाल गुर्जर ने किया डॉ.एसएस बंसल व उनकी कार्डिक टीम को सम्मानित।

Metro Plus