Metro Plus News
फरीदाबादराजनीतिहरियाणा

फरीदाबाद के लिए क्या बोल गए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी? देखें!

Metro Plus से Naveen Gupta की रिपोर्ट
Faridabad News, 24 फरवरी:
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने फरीदाबाद में भाजपा की मेयर उम्मीदवार प्रवीन बत्रा जोशी और पार्षद पद के सभी 46 उम्मीदवारों के समर्थन में रैली की। रैली में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा और केंद्र में मिलकर डबल इंजन की सरकार चल रही है। अब निकाय चुनाव के बाद ट्रिपल इंजन की सरकार और तेज गति से काम करेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा के लिए जनता में उत्साह और जोश है। विकास को लेकर भाजपा का विजन साफ है और नीति स्पष्ट है। लोकसभा और विधानसभा की तरह जनता निकाय चुनाव में भी भाजपा के साथ है। ट्रिपल इंजन की सरकार बनेगी और फरीदाबाद सहित पूरे हरियाणा को हम सब मिलकर चमकाएंगे।

इस मौके पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि जनता प्रवीन बत्रा जोशी को मेयर बनाए, पार्षदों को जिताएं बाकी काम मुझ पर छोड़ दें। फरीदाबाद में किसी तरह की कमी नहीं रहने दूंगा। तीन गुना तेज गति से विकास होगा। मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर हमला करते हुए कहा कि विपक्षी दल भ्रम में न रहें भाजपा की चक्की तेज भी चलती है और बारीक भी पिसती है। सभी अधिकारियों के सख्त निर्देश हैं कि जनता का काम नहीं किया तो हम सख्त फैसले लेंगे। आज सभी डीसी हर रोज सुबह 2 घंटे जनता की समस्या सुनते हैं और समाधान भी करते हैं। सीएम सैनी ने कहा कि मैं खुद समीक्षा करता हूं और लोगों से बात भी करता हूं। जनता को किसी तरह की समस्या नहीं आने देंगे। मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि पूरे हरियाणा में निकाय चुनाव में भाजपा के पक्ष में माहौल है और हम ट्रिपल इंजन की सरकार बनाकर मोदी के विकसित भारत के सपने को साकार करेंगे। जनसभा में विभिन्न सैक्टरों की आरडब्ल्यूए और सामाजिक संगठनों ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का जोरदार स्वागत किया।

भाजपा में शामिल हुए कांग्रेस और अन्य दलों के नेता:-
जनसभा के दौरान कांग्रेस और अन्य दलों को अलविदा बोलकर कई नेता और वरिष्ठ कार्यकर्ता भाजपा में शामिल हुए। यूथ कांग्रेस के चेयरमैन और पार्षद रहे राजेश भाटिया, पार्षद रहीं कविता जोशी, अश्वनी दुआ, हरियाणा गुरूद्वारा प्रबंधन कमेटी से चुनाव लडऩे वाले और गुरूद्वारा सिंह सभा के प्रधान नवजीत सिंह सन्नी सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने भाजपा का दामन थामा।
झूठ बोलता है विपक्ष, युवाओं के रोजगार में अटकाता है रोडे:-
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा हो या दिल्ली विपक्ष झूठ की राजनीति करता है। दिल्ली में केजरीवाल ने वोट के लिए झूठ बोला कि हरियाणा यमुना के पानी में जहर मिलाता है। मुझे बहुत तकलीफ हुई और खुद जाकर वहां से यमुना के पानी का आचमन किया जहां से यमुना का पानी दिल्ली में जाता है। दिल्ली की जनता ने केजरीवाल को इस झूठ के लिए माफ नहीं किया बल्कि सत्ता से बेदखल भी कर दिया।
कांग्रेस ने रूकवाई युवाओं की भर्ती, मैंने शपथ लेने से पहले ज्वाइनिंग करवाई:-
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा में कांग्रेस के नेताओं ने विधानसभा चुनाव के दौरान नौकरी बेचने की बात कही। इससे युवा घबरा गए और उन्होंने कांग्रेस को बाहर करने का मन बनाया। यही नहीं जब भाजपा ने युवाओं को नौकरी देने की बात कही तो कांग्रेस के नेता चुनाव आयोग के पास चले गए और भर्ती रूकवा दी। लेकिन मैंने वादा पूरा किया और मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने से पहले 25 हजार से ज्यादा युवाओं को नौकरी दी। हरियाणा के इतिहास में यह पहली बार था जब युवाओं को बिना खर्ची बिना पर्ची नौकरी मिली।
संकल्प पत्र के वादे 100 दिनों में पूरे किए, 500 में सिलेंडर दे रहे, प्लॉट भी दिए
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि भाजपा संकल्प पत्र के वादे पूरे कर रही है। भाजपा सरकार बने 100 दिनों के अंदर ही बहुत से वादे पूरे किए। आज 15 लाख से ज्यादा महिलाओं को 500 रूपए में सिलेंडर दिया जा रहा है। शहरों में 15 हजार से ज्यादा परिवारों को प्लाट दिए जा चुके हैं और जो बचे हैं उन्हें प्लॉट देने की प्रक्रिया जारी है।


पंचायती भूमि पर मकान का मालिकाना हक दिया:-
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रैली में कहा कि पंचायती भूमि पर जिनके मकान बने थे, भाजपा ने उनकी चिंता दूर कर दी है। ऐसे मकानों को तोडऩे का आदेश कभी भी आ जाता था। भाजपा ने कानून बनाया और अब जिसका मकान पंचायती भूमि पर 20 साल से ज्यादा समय से है उसे मालिकाना हक दिया जा रहा है। सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 10 साल से भाजपा ने देश को मजबूत किया है। भाजपा जो वादा जनता से करती है उसे पूरा करती है।
इनके लिए मांगा समर्थन:-
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मेयर प्रत्याशी प्रवीण जोशी एवं विधानसभा फरीदाबाद के वार्ड-14 प्रत्याशी नरेश नंबरदार, वार्ड-31 से सैफाली सिंगला, वार्ड-32 से विनोद कुमार भाटी, वार्ड-33 से ज्योति सिलानी, वार्ड-35 सचिन शर्मा, वार्ड-37 मुकेश कुमार अग्रवाल, वार्ड-39 रूमा नंबरदार सहित सभी उम्मीदवारों के लिये समर्थन मांगा ।


ये रहे मौजूद:-
फरीदाबाद विधानसभा में आयोजित जनसभा में हरियाणा सरकार में राजस्व एवं शहरी निकाय मंत्री विपुल गोयल, खाद्य मंत्री राजेश नागर, मेयर प्रत्याशी प्रवीण बत्रा जोशी, मुख्यमंत्री के पूर्व राजनैतिक सचिव अजय गौड़, विधायक धनेश अदलखा, राष्ट्रीय परिषद सदस्य संदीप जोशी, जिला अध्यक्ष राजकुमार वोहरा, जिला प्रभारी नरेन्द्र वत्स, निर्विरोध चुने वार्ड-36 के पार्षद कुलदीप साहनी, सोहनपाल सिंह, अनुशासन समिति की प्रदेश अध्यक्ष नीरा तोमर, पूर्व विधायक टेकचन्द शर्मा, दीपक मंगला, चन्दर भाटिया, पूर्व जिला अध्यक्ष गोपाल शर्मा, पूर्व जिला महामंत्री मूलचंद मित्तल, जिला महामंत्री सुरेन्द्र जांगड़ा, जिला कोषाध्यक्ष राजन मुथरेजा, जिला मीडिया प्रभारी विनोद गुप्ता, जिला उपाध्यक्ष पंकज सिंगला, मीडिया सह-प्रभारी राज मदान उपस्थित रहे।

Related posts

भ्रष्टाचार के चलते विवादों में घिरे DIC ऑफिस के IS Yadav का ट्रांसफर चर्चाओं में!

Metro Plus

Haryana Urban Local Bodies Minister Mrs. Kavita Jain presiding over a meeting of officers of MCG

Metro Plus

शिरडी साईं बाबा मंदिर में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया

Metro Plus