Metro Plus से Naveen Gupta की रिपोर्ट।
कुरूक्षेत्र , 23 जनवरी: अंतर्राष्ट्रीय जाट धर्मशाला में बसंत पंचमी के पावन पर्व पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि दीनबंधु चौधरी छोटूराम के संघर्ष के चलते धरती पुत्र किसान का भाग्य बदला और मजदूर की तकदीर भी बदली। कृषि भूमि की रक्षा, किसान की गरिमा और मेहनतकश की इज्जत ही दीनबंधु चौधरी छोटूराम के जीवन के मूल मंत्र थे। इन्हीं मूल मंत्रों को आधार मानकर डबल इंजन सरकार किसानों का सम्मान और सशक्तिकरण कर रही है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद महाराज, हरियाणा के सामाजिक एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी, सांसद सुभाष बराला ने दीनबंधु सर छोटूराम की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। साथ ही नेता जी सुभाष चंद्र बोस को भी श्रद्धा सुमन अर्पित किए। इस दौरान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अंतर्राष्ट्रीय जाट धर्मशाला को 31 लाख रूपए तथा सांसद सुभाष बराला ने 21 लाख रूपए की अनुदान राशि देने की घोषणा की है।
CM ने प्रदेशवासियों को बसंत पंचमी और दीनबंधु सर छोटूराम की जयंती पर बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि दीनबंधु सर छोटूराम का जीवन भी साहस के साथ संवेदना और संघर्ष के साथ सेवा के समन्वय का अद्भुत उदाहरण है। इस महान व्यक्तित्व ने धरती पुत्र किसान के साथ-साथ मजदूर का भाग्य और तकदीर भी बदली। दीनबंधु सर छोटूराम अपने आप में एक विचार थे, एक आंदोलन थे और एक संकल्प थे। जिन्होंने अपना पूरा जीवन किसानों, श्रमिकों और वंचित वर्गों के अधिकारों की रक्षा के लिए समर्पित कर दिया। दीनबंधु चौधरी छोटूराम ने उस समय की अन्यायपूर्ण व्यवस्थाओं के विरूद्ध खड़े हुए जब सत्ता और संसाधन कुछ हाथों में सिमट कर रह गए थे।
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि जब तक किसान सशक्त नहीं होगा तब तक भारत सशक्त नहीं होगा। इसी सोच के साथ दीनबंधु चौधरी छोटूराम संघर्ष करते रहे। उनके संघर्ष के कारण नीतियों और कानूनों को स्वरूप दिया। ऋण ग्रस्त किसानों को साहूकारों के शोषण से मुक्ति दिलवाने के लिए ऐतिहासिक कदम उठाए गए। इस संघर्ष से यह प्रेरणा मिलती है कि कर्तव्य के पथ पर चलना ही सच्चा धर्म है और व्यक्तिगत स्वार्थ से ऊपर उठकर समाज और राष्ट्र के हित को प्राथमिकता देनी चाहिए। उनका संघर्ष किसी वर्ग के विरूद्ध नहीं बल्कि अन्याय के विरूद्ध था, यही कारण है उनका नाम आज भी सम्मान और कृतज्ञता के साथ लिया जाता है।
CM ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दीनबंधु चौधरी छोटूराम के आदर्शों को अपनाते हुए किसानों का सम्मान व सशक्तिकरण के लिए अनेकों योजनाओं को अमलीजामा पहनाने का काम किया। किसानों के हितों को देखते हुए सभी 24 फसलों की खरीद एमएसपी पर की जा रही है। अब तक 12 लाख किसानों के खातों में फसल खरीद के 1 करोड़ 64 हजार रूपए डाले जा चुके हैं। इस सरकार ने पिछले 11 वर्षों में फसल खराबे के मुआवजे के रूप में 15 हजार 448 करोड़ रूपए किसानों को दिए हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा कृषि भूमि पट्टा विधेयक 2024 पारित करके पट्टेदार किसानों व भूमि मालिकों के बीच विश्वास बहाली का काम किया है। किसानों की खरीद को सुविधाजनक बनाने के लिए मेरी फसल मेरा ब्यौरा पोर्टल शुरू किया।
CM ने कहा कि अंग्रेजों के जमाने से चले आ रहे आबियाने को जड़ से खत्म करके बकाया 133 करोड़ रूपए भी माफ किए। पिंजौर में एशिया की सबसे बड़ी आधुनिक सेब, फल एवं सब्जी मंडी शुरू की। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत 20 लाख 18 हजार पात्र किसान परिवारों को 6 हजार वार्षिक दर से 7 हजार 233 करोड़ रूपए दिए गए है। सरकार ने अब तक किसानों को बाजार भावांतर के रूप में 1 हजार 285 करोड़ रूपए की राशि दी है और फसल विविधीकरण और जल संरक्षण योजना के तहत किसानों को अब तक 167 करोड़ रूपए की वित्तीय सहायता दी जा चुकी है।
इस मौके पर गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद महाराज ने नागरिकों को बसंत पंचमी व दीनबंधु चौधरी छोटूराम की जयंती पर बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नेताजी सुभाष चंद्र बोस का पराक्रम और दीनबंधु सर छोटूराम की करूणा दोनों मिलकर भारत के चरित्र को पूर्ण बनाते है। वहीं बसंत पंचमी हमें बताती है कि ज्ञान और संस्कृति के बिना कोई भी पराक्रम स्थाई नहीं हो सकता। इसलिए आज की पीढ़ी को इतिहास से प्रेरणा लेकर शिक्षा, नवाचार और नैतिक मूल्यों को लेकर आगे बढ़ाना होगा।
इस मौके पर सांसद सुभाष बराला ने भी प्रदेशवासियों को बधाई देते हुए कहा कि किसानों और मजदूरों के हितों की रक्षा करने और समाज में मान सम्मान देने के लिए दीनबंधु चौधरी छोटूराम ने अपना पूरा जीवन लगा दिया और संघर्ष करते हुए किसानों को उनका हक दिलवाने का काम किया। उनकी सोच थी कि समाज के अंतिम व्यक्ति के चेहरे पर मुस्कान आए। सर छोटू राम जी ने सामाजिक न्याय को केवल भाषणों तक सीमित नहीं रखा बल्कि उसे नीतियों और कानून का स्वरूप भी दिया। आज युवा पीढ़ी को दीनबंधु सर छोटूराम के जीवन से प्रेरणा लेकर देश की सेवा के लिए आगे आना चाहिए।






