Metro Plus से Naveen Gupta की रिपोर्ट।
Chandigarh, 28 जनवरी: अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) ने ग्रामीण भारत की आजीविका और संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए चलाए जा रहे “मनरेगा बचाओ संग्राम” अभियान को और अधिक प्रभावी एवं संगठित बनाने की दिशा में अहम कदम उठाया है। इसके तहत देशभर के विभिन्न राज्यों में कोऑर्डिनेटर की नियुक्ति की गई है। इसी क्रम में हरियाणा प्रदेश के लिए भी कोऑर्डिनेटर नियुक्त किया गया है।
हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह के मुताबिक पार्टी हाईकमान के दिशा-निर्देशों तथा हरियाणा प्रभारी बीके हरिप्रसाद की देखरेख में लखन सिंगला को हरियाणा का कोऑर्डिनेटर नियुक्त किया गया है। यह नियुक्ति उनके निरंतर समर्पण, संगठनात्मक क्षमता और जनहित के मुद्दों—विशेषकर श्रमिकों, किसानों और वंचित वर्गों के अधिकारों—के प्रति उनकी सक्रिय व प्रतिबद्ध भूमिका को देखते हुए की गई है।
राव नरेंद्र सिंह ने इस अवसर पर कहा कि लखन सिंगला ने पिछले विधानसभा चुनाव में फरीदाबाद क्षेत्र से कांग्रेस के आधिकारिक उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ा था। वे लंबे समय से जनसेवा से जुड़े रहे हैं और ज़मीनी स्तर पर उनका मजबूत जनाधार है। उनकी संगठनात्मक समझ और जन-संघर्ष का अनुभव इस अभियान को नई ऊर्जा प्रदान करेगा।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने विश्वास जताया कि लखन सिंगला की जिम्मेदारी से हरियाणा में “मनरेगा बचाओ संग्राम” अभियान को नई दिशा, गति और मजबूती मिलेगी। यह अभियान केंद्र की भाजपा सरकार द्वारा मनरेगा को कमजोर करने अथवा उसके मूल स्वरूप को बदलने की कथित कोशिशों के खिलाफ निर्णायक आवाज बनेगा। ग्रामीण श्रमिकों, गरीब परिवारों और मेहनतकश वर्ग के काम के संवैधानिक अधिकार की रक्षा के लिए यह संघर्ष अहम साबित होगा।
कांग्रेस पार्टी का मानना है कि यह अभियान प्रदेशभर में जन-जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) को उसके अधिकार-आधारित मूल स्वरूप में बनाए रखने की लड़ाई को और सशक्त करेगा। गांव-गांव और पंचायत-पंचायत तक पहुंचकर कार्यकर्ता ग्रामीण भारत की आवाज को बुलंद करेंगे।
यह नियुक्ति न केवल अभियान के लिए बल्कि हरियाणा में संगठनात्मक मजबूती और ग्रामीण मजदूरों के हितों की रक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण और सकारात्मक कदम है।






