Metro Plus News
फरीदाबादहरियाणा

गंदगी से उठने वाली तीव्र बदबू ने किया लोगों का जीना मुहाल

मैट्रो प्लस से राजीव पाराशर की रिपोर्ट
होडल, 22 मई : नगर परिषद में तैनात सफाई कर्मचारियों की हडताल अब लोगों के लिए मुसीबत बनती जा रही है। आज हालात ये हो चले हैं कि शहर की अधिकांश कालोनियों, गलियों और चौराहों पर गंदगी के अम्बार लगे हुए है। इतना ही नहीं नालियां भी गंदगी से ओवरफ्लो हो चुकी हैं। गंदा पानी रास्तों में बह रहा है। गंदगी से उठने वाली तीव्र बदबू ने तो लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। लोग नारकीय जीवन जीने को मजबूर है। उधर इस मामले में स्थानीय प्रशासन पूरी तरह से चुप्पी साधे बैठा है। किसी भी अधिकारी ने शहर की गंभीर स्थिति का जायजा नहीं लिया है। गंदगी से परेशान लोग जब नगर परिषद में शिकायत लेकर पहुंचते हैं तो यहां तैनात कर्मचारी सफाई कर्मियों की हडताल का बहाना बनाकर उन्हें टरका रहे हैं। जगजीवनराम चौक से राजीव गांधी चौक, रामलीला मैदान से देशल मोहल्ला जाने वाले रास्ते, चिंतनाथ मंदिर के निकट, थाना परिसर के ठीक सामने तो हालात इतने गंभीर हैं कि उक्त स्थानों पर अब मृत जानवरों के शव सडने लगे हैं। यहां से उठने वाली तीव्र बदबू ने आसपास के दुकानदारों का जीना मुहाल कर दिया है। लोगों को मुंह पर कपडा आदि रखकर निकलने को मजबूर होना पड रहा है। दिन के समय तेज हवा के साथ उठने वाली गंदगी बाजार में दुकानों के सामने एकत्रित हो रही है। सब्जी मंडी के आसपास तो हालात और भी ज्यादा खराब हैं। यहां आसपास की कालोनियों में रहने वाले लोगों को पूरा दिन बदबू का सामना करना पड रहा है। चौराहों पर लगे गंदगी के ढेरों के कारण दोपहिया वाहन चालक दुघर्टनाओं का शिकार हो रहे हैं। उठने वाली तेज बदबू के कारण दुकानदारी पूरी तरह चौपट हो चुकी है। अब शहर की स्थिति यह हो रही है कि अगर प्रशासन ने इस मामले में शीघ्र कोई कदम नहीं उठाए तो यहां गंभीर बीमारी फैल सकती है। बार-बार शिकायत के बावजूद समस्या का कोई समाधान नहीं हो रहा है जिसके कारण लोगो में प्रशासन के प्रति रोष व्याप्त है।

Related posts

FMS के छात्रों ने अमूल के बनास मिल्क प्लांट का दौरा किया!

Metro Plus

आरके चिलाना ने राजनीति छोड़ समाजसेवा को अपनाया, इनेलो पार्टी से दिया इस्तीफा

Metro Plus

आरडब्लयूए सैक्टर-19 एवं वरिष्ठ नागरिक सेवा मंच द्वारा योग शिविर का आयोजन

Metro Plus