Metro Plus News
दिल्लीफरीदाबादराजनीतिराष्ट्रीयहरियाणा

चौटाला ने सांसद दुष्यंत चौटाला और दिग्विजय सिंह को इनेलो पार्टी से बाहर निकाला

मैट्रो प्लस से नवीन गुप्ता की रिपोर्ट
नई दिल्ली/चंडीगढ़, 2 नवंबर: इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी एवं पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला ने तुरंत प्रभाव से अपने दोनों पोतों और हिसार के सांसद दुष्यंत चौटाला व इनसो प्रधान दिग्विजय सिंह को इनेलो की प्राथमिक सदस्यता से निष्कासित कर दिया है। उन्होंने दुष्यंत चौटाला को पार्लियामेंट में पार्टी की संसदीय समिति के नेतृत्व से भी हटा दिया है। दुष्यंत चौटाला और दिग्विजय सिंह दोनों पर ही 7 अक्तूबर, 2018 को गोहाना में आयोजित चौधरी देवीलाल के जन्मदिवस उत्सव के दौरान अनुशासनहीनता, हुड़दंगबाजी और पार्टी नेतृत्व के विरुद्ध असंतोष फैलाने वाली नारेबाजी के आरोप लगाए गए थे।

इनेलो सुप्रीमों चौ० ओमप्रकाश चौटाला ने पार्टी कार्यालय को सूचित किया है कि वास्तव में इस मामले में उन्हें किसी भी बाहरी प्रमाण की आवश्यकता नहीं थी क्योंकि वह स्वयं उस आयोजन में उपस्थित थे और उन्होंने अनुशासनहीनता और हुड़दंगबाजी की घटनाएं स्वयं देखी। उन्होंने यह भी देखा कि स्वयं उनके भाषण में भी लगातार व्यवधान डाला गया था। परंतु फिर भी उन्होंने इस पूरे मामले को अनुशासन कार्यवाही समिति को सौंपा था। समिति इस निष्कर्ष पर पहुंची है कि दोनों उन आरोपों के दोषी हैं।
चौटाला ने यह भी कहा कि यह देखते हुए कि दुष्यंत चौटाला और दिग्विजय सिंह उनके अपने परिवार के ही सदस्य थे, इसलिए उनके विरुद्ध कोई कार्रवाई करना उनके लिए सरल निर्णय नहीं था। किन्तु वे जीवनपर्यंत जननायक चौधरी देवीलाल के सिद्धांतों और आदर्शों की पालना करते रहे हैं और जननायक की तरह ही वह भी यह मानते हैं कि पार्टी किसी भी व्यक्ति विशेष या परिवार के सदस्य से बड़ी होती है। अत: उन्होंने कहा कि वे इस मामले में अनुशासन कार्रवाई समिति की सिफारिशों से सहमत हैं। तदानुसार उन्होंने पार्टी कार्यालय को यह निर्देश दिया है कि उनके निष्कासन के फैसले को तुरंत प्रभाव से लागू किया जाए।

Related posts

साईकल यात्रा के दौरान कांग्रेस प्रवक्ता विकास चौधरी द्वारा करवाई गई पुष्प वर्षा ने सतरंगी छठा बिखेरी

Metro Plus

बच्चों को शिक्षित करने का कार्य समाज की जिम्मेदारी है: एचएस मलिक

Metro Plus

सरकारी स्कूलों में साल में एक बार सेमिनार का आयोजन किया जाए: सीमा त्रिखा

Metro Plus