Metro Plus News
फरीदाबादराजनीतिराष्ट्रीयहरियाणा

मुट्ठी बन चुके कांग्रेस के पंजे से मुकाबला करना भाजपा के बस की बात नहीं: गुलाब नबी

मैट्रो प्लस से नवीन गुप्ता की रिपोर्ट
– कांग्रेस में कोई गुटबाजी नहीं, भाजपा का सफाया जरूरी : गुलाम नबी आजाद
– सूरजकुंड गोलचक्कर पर पूर्व मंत्री महेन्द्र प्रताप ने किया जोरदार स्वागत
फरीदाबाद, 31 मार्च: कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव एवं हरियाणा के प्रभारी गुलाम नबी आजाद ने कहा कि कांग्रेस में कोई गुटबाजी नहीं है और आने वाले चुनावों में भाजपा को यह दिखा देंगे कि कांग्रेस कितनी मजबूत है।
उन्होंने कहा कि भाजपा कांग्रेस की गुटबाजी समझकर खुश हो रही है, मगर उसको यह नहीं पता कि अब कांग्रेस का पंजा मुठ्ठी बन चुका है जिससे मुकाबला करना भाजपा के बस की बात नहीं है। इससे पूर्व परिवर्तन यात्रा का पूर्व मंत्री महेंद्र प्रताप के नेतृत्व में हजारों समर्थकों ने जोरदार स्वागत किया। भारी भीड़ को देख राष्ट्रीय महासचिव गुलाम नबी आजाद एवं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा गदगद हो गए। यात्रा के स्वागत के लिए उमड़ी भीड़ सुबह से ही इंतजार में थी और जैसे ही यात्रा सूरजकुंड गोलचक्कर पहुंची विजय प्रताप के नेतृत्व में हजारों लोगों ने कांग्रेस पार्टी जिन्दाबाद, राहुल गांधी जिन्दाबाद, गुलाम नबी आजाद जिन्दाबाद, भूपेन्द्र सिंह हुड्डा एवं चौ. महेन्द्र प्रताप के नारों से माहौल गुंजायमान कर दिया।
सूरजकुंड रोड पर उपस्थित भारी भीड़ को सम्बोधित करते हुए गुलाम नबी आजाद ने कहा कि देश में हजारों लघु उद्योग बंद हो चुके हैं। कांग्रेस सरकार की नीतियों की बदौलत लोगों को रोजगार प्राप्त था, मगर मोदी सरकार ने अपनी कुनीतियों से तमाम उद्योगों पर ताले लगवा दिए हैं। नोटबंदी और जीएसटी ने इस देश को बर्बादी की कगार पर ला खड़ा किया है। इसलिए जरूरी है कि भाजपा सरकार को हटाकर देश को बर्बाद होने से बचाया जा सके। उन्होंने कहा कि परिवर्तन रथ यात्रा का छठा दिन है और 6 दिन वह हरियाणा में घूम-घूम कर लोगों का दुख-दर्द देख रहे हैं। हरियाणा की जनता मनोहर लाल सरकार से बेहद दु:खी है और अब समय आ गया है कि सरकार को उखाड़ कर फेंक दें।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को जिंदा रखने के लिए भाजपा सरकार को हटाना जरूरी है। प्रधानमंत्री केवल एक बार साल में लोकसभा में बोलते हैं और एक दिन राज्यसभा में। लोग परिवर्तन चाहते हैं, बदलाव चाहते हैं।
गुलाम नबी आजाद ने कहा कि हमारी लड़ाई भाजपा से नहीं, बल्कि उनके झूठे वादों से है। इस अवसर पर गुलाम नबी आजाद ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जमकर हमला बोला, वहीं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने मोदी एवं मनोहर लाल सरकार पर झूठे वादे करने के आरोप लगाए।
पूर्व मंत्री महेंद्र प्रताप ने भाजपा को जुमलेबाजों एवं बाजीगरों की सरकार बताते हुए कहा कि आज बेरोजगारी बढ़ी, 12 हजार किसान प्रतिवर्ष आत्महत्या कर रहे हैं। जब कांग्रेस सरकार हरियाणा में थी, हरियाणा नं.1 था। स्मार्ट सिटी के नाम पर लोगों को बेवकूफ बनाने का काम किया गया। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि अब वक्त आ गया है, भाजपा को सबक सिखाने का इसलिए एकजुट हों और देश में परिवर्तन लाएं।
इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, पूर्व मंत्री कैप्टन अजय सिंह यादव, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अशोक तंवर, पूर्व सांसद अवतार सिंह भड़ाना, प्रदेश सचिव सुमित गौड, पूर्व मंत्री एसी चौधरी, जे.पी. नागर, डा. राधा नरूला, विजय प्रताप, जितेन्द्र भड़ाना, राजेश भड़ाना, साजिद खान एडवोकेट सहित कांग्रेस के अनेक नेता मौजूद थे।
पूर्व मुख्यमंत्री हुडा ने उपस्थित जनसमूह का धन्यवाद करते हुए कहा कि जो लोगों ने उनका इंतजार किया है, वह जल्द ही खत्म होने वाला है और कांग्रेस पुन: सत्ता में आने वाली है। जिससे लोगों को भाजपा के कुशासन से छुटकारा मिलेगा। उन्होंने कहा यदि इस बार भाजपा सरकार को सत्ता से बेदखल नहीं किया तो इस देश में चुनाव प्रणाली ही समाप्त कर दी जाएगी। भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि रथ यात्रा को हरियाणा प्रदेश में अपार जन-समर्थन मिल रहा है। लोगों में परिवर्तन की लहर स्पष्ट दिखाई दे रही है और आने वाले समय में हरियाणा में भाजपा पूरी तरह से समाप्त हो जाएगी।

Related posts

शहरवासियों से अपील नालियों के ऊपर न बनाए चबूतरे, सफाई में आती है अड़चन: गौरव आंतिल

Metro Plus

साइबर क्राइम पर सख्ती का असर: हरियाणा में मामलों में गिरावट, कार्रवाई तेज: नायब सिंह सैनी

Metro Plus

Make in India – Ease of Doing Business is the key – Niti Aayog

Metro Plus