पार्षद जयवीर खटाना V/s XEN मदनलाल शर्मा
मैट्रो प्लस से नवीन गुप्ता की रिपोर्ट
फरीदाबाद, 12 जुलाई: नगर निगम फरीदाबाद का विवादों से गहरा नाता रहा है, अब भी जारी है और संभवत: आगे चलता ही रहेगा। शायद ही ऐसा कोई दिन जाता होगा जिस दिन नगर निगम में कोई विवाद ना हो। चाहे वो 200-400 करोड़ का स्कैम हो या फिर निगम पार्षद सुरेन्द्र अग्रवाल तथा एनआईटी से विधायक नीरज शर्मा के बीच का विवाद। एक मामला खत्म होता है तो दूसरा शुरू हो जाता है।
आज हम बात कर रहे हैं निगम पार्षद जयवीर खटाना और XEN मदनलाल शर्मा तथा ज्ञानचंद वधवा के बीच हुए विवाद की। कल रविवार को पानी के मुद्दे को लेकर सैक्टर-25 के जलघर पर जो विवाद हुआ तथा XEN मदनलाल शर्मा की पुलिस के सामने जो बुरी दुर्गति हुई, वो किसी से छिपी नहीं हैं। मैट्रो प्लस ने रविवार को हुए इस पूरे घटनाक्रम की लाईव कवरेज सबको दिखाई थी कि किस प्रकार उपरोक्त दोनों XEN के साथ अभद्र व्यवहार हो रहा है और मदनलाल शर्मा को तो धक्के मार-मारकर उनकी किसी तरह दुर्गति की जा रही है। कौन लोग मदनलाल शर्मा पर शराब पीकर आने के आरोप लगा रहे हैं, मैट्रो की लाईव वीडियो में सब कुछ आ रहा है जिसकी गूंज चंडीगढ़ तक सुनाई दे रही है।
उपरोक्त सारे मामले को लेकर अब राजनीति गर्मा गई है। उक्त घटनाक्रम में जिस प्रकार से निगम अधिकारी के साथ दुव्र्यवहार किया गया, उससे आहत होकर नगर निगम की यूनियन ने आज निगमायुक्त कार्यालय के सामने सांकेतिक प्रदर्शन कर जहां निगम पार्षद जयवीर खटाना और उनके पिता पूर्व पार्षद धर्मवीर खटाना पर कई गंभीर आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ नारेबाजी करते हुए दोनों पिता-पुत्र की गिरफ्तारी की मांग की। वहीं दूसरी इस प्रदर्शन के तुरंत बाद बाद भाजपा, जजपा व उनके समर्थित पार्षद दीपक चौधरी, सुरेन्द्र अग्रवाल, महेन्द्र सरपंच, पार्षद पति कविन्द्र चौधरी और मुकेश डागर आदि 4-5 पार्षदों के साथ लामबंद होकर पार्षद जयवीर खटाना आज सैक्टर-55 पुलिस चौकी पहुंचे जहां जयवीर के नेतृत्व में कुछ महिलाओं ने XEN मदनलाल शर्मा पर दुव्र्यवहार करने तथा उनकी छाती पर हाथ लगाकर उन्हें धक्का मारने का आरोप लगाते हुए अपनी शिकायत दर्ज करवाई है। शिकायत में महिलाओं ने घटनाक्रम के समय XEN मदनलाल शर्मा पर शराब पीकर वहां आने का आरोप भी लगाया है जबकि निगम अधिकारियों का कहना है कि मदनलाल ने तो आज तक शराब को हाथ ही नहीं लगाया है, पीना तो बहुत दूर की बात है।
इस मामले में जब पार्षद दीपक चौधरी से बात की गई तो उनका कहना था कि कल मंगलवार को निगम पार्षद लामबंद होकर निगमायुक्त को सारी सच्चाई से अवगत कराते हुए उपरोक्त अधिकारियों का काला चिट्ठा खोलते हुए इनकी लिखित शिकायत करेंगे।
वहीं दुसरी तरफ आज निगमायुक्त कार्यालय के सामने निगम पार्षद जयवीर खटाना और उनके पिता पूर्व पार्षद धर्मवीर खटाना के खिलाफ नारेबाजी करने वाली निगम की यूनियन ने भी इस मामले को अपनी प्रतिष्ठा से जोड़ लिया है। यूनियन ने जहां आज सांकेतिक धरना देकर अपनी बात रखी हैं, वहीं कल से ये यूनियन उक्त मामले में कड़ा रूख अपनाते हुए अपनी हड़ताल को परमानेंट जारी कर भूख हड़ताल तक करने की बात कही है। यूनियन के प्रधान रमेश जागलान ने इस प्रकार की गुंडागर्दी करने वालों के खिलाफ मुकद्मा दर्ज कर दोषियों को गिरफ्तार करने की मांग की है।
कुल मिलाकर इस मामले में पार्षदों ने निगम अधिकारियों के खिलाफ तो निगम अधिकारियों और उनकी यूनियन ने निगम पार्षद जयवीर खटाना और उनके पिता पूर्व पार्षद धर्मवीर खटाना के खिलाफ अपनी जंग की शुरूआत कर दी है। अब सबकी नजर कल मंगलवार पर इस मामले में होने वाली राजनीति पर टिकी है कि दोनों पक्ष इस मामले में क्या कार्यवाही अमल में लाते हैं।




