Metro Plus News
फरीदाबादराजनीतिराष्ट्रीयहरियाणा

सरकार यात्रा में जितनी रूकावट डालेगी यात्रा उतनी ही मजबूती से आगे बढ़ेगी: भूपेंद्र हुड्डा

Metro Plus से Naveen Gupta की रिपोर्ट।
Faridabad News, 24 दिसंबर:
राहुल गांधी के नेतृत्व वाली भारत जोड़ो यात्रा फिरोजपुर झिरका नूंह सोहना होते हुए फरीदाबाद में प्रवेश कर गई। ज्यों-ज्यों यात्रा आगे बढ़ती जा रही है त्यों-त्यों भारी भीड़ इस यात्रा में उमड़ती जा रही है। तमाम सरकारी बाधाओं व अवरोधों के बावजूद बड़ी संख्या में लोग यात्रा के साथ चले। सड़कें पूरी तरह लोगों से भरी रहीं। इसके अलावा पूरे यात्रा मार्ग के दोनो तरफ लोग अपने घरों की छतों, खिड़कियों से भी यात्रा का स्वागत कर रहे थे। हरियाणा में बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी ने पिछले सारे रिकार्ड तोड़ दिए। भारत जोड़ो यात्रा में सरकारी बाधा डालने से नाराज भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा भाजपा सरकार भारत जोड़ो यात्रा में जितनी रूकावट डालेगी ये यात्रा उतनी ही मजबूती से आगे बढ़ेगी। उधर सांसद दीपेंद्र हुड्डा हरियाणा में यात्रा को सफल बनाने के लिए एक साथ कई मोर्चों पर काम कर रहे हैं। वे न सिर्फ सुबह यात्रा शुरू होते ही राहुल गांधी के साथ यात्रा में कदम से कदम मिलाकर चल रहे हैं बल्कि जब यात्रा अपने विश्राम स्थल पहुंचती है तब भारत यात्रियों के विश्राम की व्यवस्था देखने के बाद आगे की यात्रा की सफलता के लिए तैयारियों में जुट जाते हैं। दीपेंद्र हुड्डा यात्रा के साथ चल रहे लोगों के लिए भोजन, आवास, परिवहन, चिकित्सा आदि के प्रबंध की तैयारियों का जायजा लेते दिखाई देते हैं क्योंकि भीषण ठंड का समय है इसलिए कहीं कोई कोर-कसर न रहे। इसके अलावा वे यात्रा में जनभागीदारी के लिए निरंतर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं से संपर्क में भी दिखाई देते हैं।
यात्रा खेरली लाला से शुरू होकर सिरोही, आलमपुर, धौज, पाखल पहुंची जहां दिन का ठहराव हुआ इसके बाद पाली चौक से शुरू होकर चुंगी नंबर 17ए पुलिया नंबर 3, दशहरा ग्राउन्ड, बीके चौक, नीलम चौक, मथुरा रोड़ होते हुए बडख़ल मोड़, ओल्ड फरीदाबाद पहुंची जहां विशाल जनसभा का आयोजन किया गया। इससे पहले राहुल गांधी ने फरीदाबाद में 30 एमएसएमई से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को जाना। इस दौरान उद्यमियों ने राहुल गांधी को बताया कि नोटबंदी ने छोटे उद्योगों की कमर तोड़ दी लाखों लोग बेरोजगार हो गए और उद्यमियों को भारी संकट का सामना करना पड़ा है। यही कारण है कि आज हरियाणा में भीषण बेरोजगारी है और प्रदेश का युवा रोजगार के लिए दर-दर की ठोकर खाने को मजबूर है।
पत्रकारों को संबोधित करते हुए नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि फरीदाबाद ऐतिहासिक भूमि है। आजादी की लड़ाई के समय फरीदाबाद के इलाके में महात्मा गांधी ने सबसे पहली गिरफ्तारी पलवल में दी। कांग्रेस सरकार ने इसे औद्योगिक और आधुनिक नगर बनाया। यहां कई बड़ी परियोजनाएं स्थापित की गई। हमने फरीदाबाद को मैट्रो से जोड़ा। लेकिन भाजपा सरकार ने पिछले 8 साल में फरीदाबाद को बदहाल कर दिया। यहां निवेश व बड़ी परियोजनाएं लाना तो दूर सरकार यहां की सड़कों की मरम्मत तक नहीं करा पाई। आज यहां से उद्योग पलायन कर रहे हैं।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष चौ० उदयभान ने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा आम लोगों की यात्रा है। हरियाणा में घोटाले और भ्रष्टाचार की सरकार चल रही है। अपनी नीतियों से बीजेपी-जेजेपी ने हर बार रोजगार को नष्ट करने का काम किया। हरियाणा में 32 बार पर्चे लीक हुए एचपीएससी, एचएसएससी में रंगे हाथ करोड़ों रूपयों की रिश्वत ली गई और घोटाले हुए। पूरी तरह से यहां कानून व्यवस्था ठप हो गई। इसलिए इस सरकार से छुटकारा पाने के लिए इतनी भीषण सर्दी में भी भारी मात्रा में लोग आ रहे हैं। महंगाई, भ्रष्टाचार और बेरोजगारी से आक्रोशित हरियाणा की जनता लगातार राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा से जुड़ रही है। उन्होंने कहा कि आज देश के हालात बिगड़ रहे हैं। देश में धार्मिक उन्माद पैदा किया जा रहा है। हरियाणा में पूरे देश में सबसे ज्यादा बेरोजगारी है उसका मुख्य कारण खाली पड़े सरकारी पदों के अलावा नोटबंदी है। जिसके कारण उद्योग-धंधे चौपट हो गए एमएसएमई बंद होने से लाखों लोगों का रोजगार छिन गया। एचपीएससी, एचएसएससी में नौकरियां बेची गई। हरियाणा में दर्जनों घोटाले हुए। लोगों में भाजपा सरकार के प्रति भारी गुस्सा है जो यात्रा में उमड़ रहे जनसैलाब के रूप में देखा जा सकता है।
हरियाणा कांग्रेस प्रभारी शक्ति सिंह गोहिल ने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा हरियाणा से दिल्ली में प्रवेश करेगी जो बदरपुर बार्डर, मोहन स्टेट, न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी, आश्रम चौक, हजरत निजामुद्दीन, इंडिया गेट सर्किल, तिलक ब्रिज, दिल्ली गेट होते हुए लाल किला पहुंचेगी। यहां से राहुल गांधी व भारत यात्री राजघाट, वीर भूमि, शक्ति स्थल आदि समाधियों पर जाकर श्रद्धासुमन अर्पित करेंगे। इसके बाद यात्रा विश्राम घोषित किया गया है जो 2 जनवरी तक रहेगा और 3 जनवरी से यात्रा पुन: शुरू होगी जो उत्तर प्रदेश के बाद पुन: हरियाणा में प्रवेश करेगी।
इस दौरान फरीदाबाद से एनआईटी विधायक नीरज शर्मा ने फरीदाबाद की समस्याएं बताते हुए कहा कि फरीदाबाद कहने को स्मार्ट सिटी है लेकिन जरा सी बारिश हो जाती है तो मिलिट्री और पुलिस बुलानी पड़ती है। फरीदाबाद में 200 करोड़ का घोटाला हुआ है और जांच के नाम पर लीपा-पोती की जा रही है। नीरज शर्मा ने कोरोना की आड़ में यात्रा रोकने की भाजपा की कोशिशों पर तंज कसा कि कौवों के कोसने से ढोर नहीं मरा करते। यात्रा चलती रहेगी। उन्होंने बताया कि फरीदाबाद में ब्लैक आउट कर दिया गया ताकि लोग यात्रा में न पहुंच सकें। लेकिन सबने देखा कि भारी संख्या में लोग यात्रा में शामिल हुए। यात्रा को रोकने की भाजपाई की कोशिशें कामयाब नहीं होंगी।
पलवल से पूर्व विधायक करन दलाल ने कहा कि फरीदाबाद नहर में गंदा पानी आ रहा है। भाजपा सरकार ने वायदा करने बावजूद कुछ नहीं किया। फरीदाबाद में पीने का पानी तक उपलब्ध नहीं है, लोगों का स्वास्थ्य खराब हो रहा है। फरीदाबाद में भ्रष्टाचार चरम पर है कोई महकमा ऐसा नहीं है जहां बिना पैसा दिए कोई काम होता हो। पत्रकार वार्ता को हरियाणा कांग्रेस प्रभारी शक्ति सिंह गोहिल, नेता प्रतिपक्ष चौ० भूपेंद्र सिंह हुड्डा, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष चौ० उदयभान, एआईसीसी संचार प्रभारी जयराम रमेश, मीडिया विभाग के चेयरमैन पवन खेड़ा, भारत यात्री कन्हैया कुमार, फरीदाबाद एनआईटी विधायक नीरज शर्मा, हरियाणा में यात्रा प्रभारी राव दान सिंह, विधायक आफताब अहमद, विधायक गीता भुक्कल, विधायक बीबी बतरा समेत सभी विधायकगण पूर्व विधायकगण, सांसद, पूर्व सांसद, हरियाणा कांग्रेस के पदाधिकारी, वरिष्ठ नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे


Related posts

कांग्रेसी नेता लखन सिंगला का जन्मदिवस समर्थकों ने धूमधाम से मनाया

Metro Plus

सोनल गोयल ने बंधवाड़ी स्थित कचरा प्लांट का किया दौरा

Metro Plus

होटल, गेस्ट हाउस के संचालक हो जाए सावधान हो सकता है मुकदमा दर्ज! जानें क्यों?

Metro Plus