Metro Plus News
फरीदाबादराजनीतिहरियाणा

कांग्रेस की सरकार में हफ्ता वसूली होती थी और चौकी-थाने तक बिकते थे: मनोहर लाल

हरियाणा में एक बार फिर से भाजपा की सरकार बनना तय है: मनोहर लाल

पूर्व सीएम एवं केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल व कृष्णपाल गुर्जर की उपस्थिति में विपुल गोयल और राजेश नागर ने भरा नामांकन
Metro Plus के लिए Naveen Gupta की रिपोर्ट।
Faridabad News, 9 सितंबर:
पूर्व मुख्यमंत्री एवं केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल व केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर की मौजूदगी में फरीदाबाद विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी विपुल गोयल व तिगांव विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी राजेश नागर ने चुनाव के लिए नामांकन दाखिल किया। नामांकन के अवसर पर विधायक नरेंद्र गुप्ता, भाजपा जिलाध्यक्ष राजकुमार वोहरा, पूर्व जिलाध्यक्ष गोपाल शर्मा आदि मौजूद रहे।

नामांकन से पहले सैक्टर-16 में आयोजित नामांकन सभा में हरियाणा के पूर्व सीएम एवं केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का विश्वास डगमगा चुका है और वह लगातार तीसरी बार हरियाणा में हार का मुंह देखने जा रही हैं। भाजपा प्रदेश की सभी 90 विधानसभाओं में चुनाव लड़ रही है जबकि कांग्रेस ने सहयोगी ढूंढने शुरू कर दिए हैं। उन्होंने कहा कि नामांकन के दौरान जो वातावरण बन रहा है, इससे निश्चित तौर पर हरियाणा में तीसरी बार भाजपा की सरकार बन रही है।

केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने उपस्थित लोगों को आह्वान करते हुए कहा कि विपुल गोयल और राजेश नागर को बड़े अंतर की जीत का आशीर्वाद दे। केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने कांग्रेस पर गरजते हुए कहा कि 2014 से पहले कांग्रेस की सरकार में हफ्ता वसूली होती थी और चौकी-थाने तक बिकते थे। सरकारी दफ्तरों में कमीशन एजेंट घूमते थे। उन्होंने कहा कि 2014 में भाजपा की सरकार बनने के बाद हमने व्यवस्था परिवर्तन किया और राज्य में सुशासन स्थापित किया।

मनोहर लाल ने कहा कि भाजपा विचारधाराओं की पार्टी है। भाजपा के कार्यकर्ता राष्ट्र प्रथम की भावना से देश और समाज की सेवा करते हैं। उन्होंने कहा कि हमारे कार्यकर्ता केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं को घर-घर तक लेकर जाएं और तीसरी बार भाजपा सरकार बनाने के लिए लोगों का भाजपा के पक्ष में मतदान कराएं।

इस अवसर पर मनोहर लाल ने कहा कि हरियाणा में एक बार फिर से भाजपा की सरकार बनना तय है। उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि भाजपा में कार्यकर्ता और नेता पार्टी के सिद्धांतों के अनुसार काम करते हैं, जहां व्यक्तिगत स्वार्थ से परे जाकर संगठन को मजबूत किया जाता है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि हमने 10 वर्ष बिना भेदभाव किए प्रदेश का विकास किया है। बिना पर्ची और बिना खर्ची के युवाओं को नौकरी दी है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि हरियाणा एक, हरियाणवी एक के मूलमंत्र पर चलते हुए पूरे हरियाणा का समान रूप से विकास कराया है। जबकि कांग्रेस की सरकारों में विकास के नाम पर भी भेदभाव होता था। हरियाणा के युवाओं को योग्यता के आधार पर नौकरियां दी है।

वहीं केंद्रीय मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने रैली को संबोधित करते हुए कहा कि फरीदाबाद की जनता ने 2014 से पूरा समर्थन भाजपा को दिया हुआ है। उन्होंने कहा कि फरीदाबाद जिले की 6 की 6 विधानसभाओं में भाजपा का परचम लहरायेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा हर वर्ग को साथ लेकर चलने वाली पार्टी है। हरियाणा में पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने पारदर्शी सिस्टम लागू करके हरियाणा को विकास के पथ पर आगे बढ़ाने का काम किया है।

इस मौके पर कृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि फरीदाबाद की जनता ने लोकसभा चुनाव में तीसरी बार जीताकर दिल्ली भेजा है। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि विधानसभा चुनाव में भी अपना प्यार और समर्थन कमल के फूल को देना है और तीसरी बार भाजपा की सरकार बनानी है।

इस अवसर पर भाजपा प्रत्याशी विपुल गोयल ने कहा कि केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल, केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर के आशीर्वाद व फरीदाबाद विधानसभा क्षेत्र की जनता के स्नेह व सहयोग से फरीदाबाद विधानसभा सीट पर पुन: कमल खिलेगा। फरीदाबाद विधानसभा क्षेत्र की जनता कमल पर वोट देकर ऐतिहासिक जीत की साक्षी बनेगी।

इस मौके पर तिगांव विधानसभा से भाजपा उम्मीदवार राजेश नागर ने भी जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस बार तिगांव की जनता भाजपा प्रत्याशी को भारी मतों से विजयी बनाएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में ही गरीब, युवा, किसान और महिलाओं की तरक्की है। लोगों से अपील करते हुए राजेश नागर ने कहा कि 5 अक्टूबर को कमल के फूल पर वोट देकर हरियाणा में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनाने में सहयोग करें।


Related posts

डिस्ट्रिक्ट रजिस्ट्रार ऑफ़िस में लीगल असिस्टेंट की अवैध नियुक्ति पर उठे सवाल !

Metro Plus

सुमित गौड़ ने ओल्ड फरीदाबाद मार्किट में BJP की अर्थी निकाली

Metro Plus

मल्होत्रा का विश्वास नई नीति से ईज ऑफ डुइंग बिजनेस को मिलेगा लाभ

Metro Plus