Metro Plus News
फरीदाबादराजनीतिहरियाणा

कांग्रेस कार्यकर्ता एकजुट होकर भाजपा सरकार की जन-विरोधी नीतियों का मुंहतोड़ दे जवाब: कुमारी सैलजा

बाढ़ पीडि़तों को सरकार सर्वे करवाकर दे उचित मुआवजा, बेघर को बसाने का काम करे जिला प्रशासन: कुमारी सैलजा
Metro Plus से Naveen Gupta की रिपोर्ट
Faridabad, 13 सितंबर:
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव, लोकसभा सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री कुमारी सैलजा ने कहा है कि भाजपा की ट्रिपल इंजन की सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है। आज किसान, मजदूर, कामगार, पिछड़ा, दलित हर वर्ग भाजपा सरकार की जन-विरोधी नीतियों से दु:खी है, इसलिए कांग्रेस कार्यकर्ता एकजुट होकर मजबूत विपक्ष की भूमिका निभाते हुए इस गूंगी-बहरी भाजपा सरकार को नींद से जगाने का काम करें और इसका दोहरा चेहरा जनता के समक्ष उजागर करे ताकि आने वाले समय में इस जन-विरोधी सरकार को देश व प्रदेश से उखाडक़र फैंका जा सके। कुमारी सैलजा शनिवार को यहां एक पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रही थी। फरीदाबाद पहुंचने पर कांग्रेस नेताओं ने कुमारी सैलजा का शॉल ओढ़ाकर तथा बुक्के व मैमोंट भेंट कर स्वागत किया। वहीं हुड्डा सहित शैलजा गट के कई नेताओं ने भी इस प्रोग्राम से दूरी बनाये रखी जिसने जिले में कांग्रसियों के अंदर गुटबाजी का संदेश देने का काम किया।

पत्रकारों को संबोधित करते हुए कुमारी सैलजा ने कहा कि पंजाब की तरह हरियाणा में भी बाढ़ ने फसलों और लोगों के आशियानों को उजाड़ दिया है। सैकड़ों लोग इस बाढ़ की चपेट में आकर आज सडक़ पर आकर जीवन यापन कर रहे है, लेकिन इसके बावजूद भाजपा सरकार द्वारा बाढ़ पीडि़तों को राहत देने के लिए कोई कारगर कदम नहीं उठाए गए और जो कदम उठाए वह ऊंट के मुंह में जीरे के समान है।

उन्होंने कहा कि फसलों के नुकसान को लेकर भाजपा सरकार ने जो पोर्टल शुरू किया है, उसमें कई प्रकार की खामियां है जिसके चलते किसानों को इसका कोई लाभ नहीं मिल रहा। इसलिए सरकार जमीनी स्तर पर अधिकारियों से सर्वे करवाकर प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा दे और जो लोग इस प्राकृतिक आपदा में बेघर हुए है, उन्हें पुन: बसाने का काम करे।

उन्होंने आज फरीदाबाद की स्मार्ट सिटी की चर्चा करते हुए कहा कि कभी एशिया के मानचित्र पर चमकने वाला शहर आज कूड़ा व नरक सिटी बनकर रह गई है। शहर में चारों ओर कूड़े के ढेर पड़े हुए है और नेशनल हाईवे के दोनों ओर भी गंदगी का ही आलम बना हुआ है। पिछले दिनों हुई बरसात में तो हालात इतने बदत्तर हो गए थे कि लोगों को फ्लाईओवर पार करने में दो-दो घण्टे का समय लग गया था।

उन्होंने सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि सरकार व प्रशासन ने समय रहते शहर की सीवरेज व ड्रेनेज की सफाई क्यों नहीं की। अगर प्रशासन उचित कदम उठाता तो लोगों को बरसात में इतनी परेशानियों का सामना ना करना पड़ता। उन्होंने भाजपा सरकार द्वारा चलाए जा रहे स्वच्छता अभियान की पोल खोलते हुए कहा कि यह अभियान बरसों से चलाया जा रहा है, परंतु इसके बावजूद फरीदाबाद में साफ-सफाई दूर-दूर तक नजर नहीं आती। यह अभियान केवल कागजों तक सिमटा हुआ है।

कुमारी सैलजा ने कहा कि भाजपा धर्म, जाति व वोट चोरी के नाम पर देश को बांटने का काम करती है जबकि कांग्रेस पार्टी सभी वर्गो को साथ लेकर चलने में विश्वास रखती है। संगठन विस्तार के सवाल पर कुमारी सैलजा ने कहा कि हरियाणा में मजबूत संगठन बनाने की कवायद शुरू हो गई है और मजबूत व कर्मठ कार्यकर्ताओं को संगठन मेें जिम्मेवारियां दी जाएगी और फरीदाबाद में भी मेहनतकश कार्यकर्ताओं को संगठन में समायोजित किया जाएगा और सभी को साथ लेकर चलने का काम किया जाएगा।

इस मौके पर पूर्व जज सुभाष कौशिक एडवोकेट, डॉ. एसएल शर्मा, कांग्रेसी नेता संजीव चौधरी एडवोकेट, वंदना चौधरी एडवोकेट, विनोद कौशिक प्रदेश अध्यक्ष विचार विभाग, प्रदेश प्रवक्ता योगेश ढींगरा, सविता चौधरी, पूर्व पार्षद अनिल शर्मा, वेदराम शर्मा, डॉ. सौरभ शर्मा, गौरव ढींगरा, अनुज शर्मा, देवेंद्र दीक्षित, सुनीता फागना, विकास फागना, अशोक रावल, बाबूलाल रवि, सुंदर नेताजी, कृपाल वाल्मीकि, आरडी वर्मा, डॉ. एचपी माहौर, डॉ. आरके गोयल, योगेश तंवर, जुबैर खान, जवाहर ठाकुर सहित काफी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद थे।


Related posts

मुख्यमंत्री अंत्योदय परिवार उत्थान मेला मात्र फर्जीवाड़ा! जानिए कैसे?

Metro Plus

मानव रचना ने चौथे फाउंडर डे पर स्वप्नदर्शी फाउंडर को दी श्रृद्धांजलि

Metro Plus

संसार में रक्तदान करना सबसे पुण्य का कार्य : सुमित गौड़

Metro Plus