Metro Plus News
फरीदाबादराजनीतिराष्ट्रीयहरियाणा

हरियाणा सरकार की दृष्टि में जूनियर HCS अधिकारियों का दर्जा जूनियर IAS अधिकारियों से भी ऊपर?

वर्तमान में वर्ष 2022 और 2023 बैच के 6-6 आईएएस और 2023 बैच के 9 एचसीएस एक समान एसडीएम पद पर तैनात
Metro Plus से Naveen Gupta की रिपोर्ट।
Chandigarh, 11 फरवरी:
ऐसा पढऩे और सुनने में भले ही आश्चर्यजनक और रोचक प्रतीत हो, परंतु सत्य यही है कि वर्तमान में हरियाणा सरकार की दृष्टि में जूनियर HCS-E.B.-(हरियाणा सिविल सेवा-कार्यकारी शाखा) अधिकारियों का दर्जा जूनियर IAS (भारतीय प्रशासनिक सेवा) से भी ऊपर है।

सर्वविदित है कि आईएएस जो एक आल इंडिया सर्विस होती है, का दर्जा निश्चित तौर पर HCS जो हरियाणा की प्रादेशिक सिविल (प्रशासनिक) सेवा है, से ऊपर होता है। कोई व्यक्ति तीन प्रकार से IAS अधिकारी बन सकता है। पहला वह UPSC द्वारा प्रतिवर्ष आयोजित आल इंडिया सिविल सेवा परीक्षा में उच्च रैंक हासिल कर अर्थात सीधी भर्ती से चयनित होकर IAS बन सकता है, दूसरा वह प्रादेशिक सिविल सेवा (जैसे HCS) में सेवा कर सामान्यत: 15 वर्ष या उसके बाद प्रोमोट होकर IAS बनने योग्य होता है और तीसरा वह प्रदेश के गैर राज्य सिविल सेवा (Non HCS) कोटे से चयनित होकर भी IAS बन सकता है। हालांकि इस वर्ग में बहुत सीमित अवसर होते हैं। वर्तमान में हरियाणा में पांच IAS ऐसे ही Non-HCS कोटे से IAS नियुक्त हैं।

पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के एडवोकेट और प्रशासनिक मामलों के जानकार हेमंत कुमार की मानें तो वर्तमान में पिछले कई महीनों से हरियाणा कैडर के 2022 बैच के सात में से छ: IAS प्रदेश के उपमंडलों में बतौर SDO (सिविल) अर्थात उपमंडल अधिकारी (नागरिक) जिन्हें आमतौर पर SDM कहा जाता है, तैनात हैं। इनमें अंकित कुमार चौकसी झज्जर, अंजलि श्रोत्रिया गोहाना, अर्पित संगल डबवाली, ज्योति पलवल, डॉ. राहुल रैया असंध और उत्सव आनंद सांपला में SDM पद पर तैनात हैं। वहीं 2023 बैच के भी छ: IAS बतौर एसडीएम तैनात हैं जिनमें अंकिता पंवार नूहं में, अनिरुद्व यादव नारनौल में, अभिनव सिवाच बहादुरगढ़ में, आकाश शर्मा टोहाना में, कनिका गोयल महेंद्रगढ़ में और योगेश सैनी चरखी दादरी में तैनात हैं।

ज्ञात रहे कि IAS में सीधी भर्ती से चयनित होकर नियुक्त हुए अधिकारियों को अपने सेवा करियर के आरम्भ में अर्थात जब तक वह जूनियर स्केल में होते हैं, SDM पद पर तैनात किया जाता है एवं बैच वर्ष के चार वर्ष बाद उन्हें सीनियर स्केल प्रदान कर दिया जाता है जिसके बाद वह जिले के अतिरिक्त उपायुक्त (ADC) पद पर तैनाती के योग्य बन जाते हैं।

रोचक बात यह है कि इसी वर्ष 1 जनवरी, 2026 से 2022 बैच के सभी 7 IAS नामत: अंकित कुमार चौकसी, अंजलि श्रोत्रिया, अर्पित संगल, ज्योति, डॉ. राहुल रैया, शास्वत सांगवान और उत्सव आनंद को IAS के सीनियर टाइम स्केल पे (मैट्रिक्स का लेवल 11) में प्रोमोट किया गया था। हालांकि इसी बैच के शास्वत सांगवान भी पहले SDM थानेसर (कुरुक्षेत्र) के पद पर तैनात थे परन्तु गत माह 30 जनवरी को उन्हें स्वच्छ भारत मिशन (अर्बन) के मिशन डायरेक्टर पद पर तैनात कर दिया गया।

वहीं हेमंत ने बताया कि हरियाणा में वर्तमान में 2023 बैच के नौ HCS (ई.बी.) अधिकारी अर्थात जो वर्तमान में जूनियर स्केल में हैं, उन्हें सेवा में आये दो वर्ष ही हुए हैं, वह भी प्रदेश के उपमंडलों में SDM के पद पर तैनात हैं जिनमें कुंवर आदित्य विक्रम पुन्हाना में, विपिन कुमार महम, अप्रतिम सिंह हथीन, आशीष सांगवान बाढड़ा, अजय हुड्डा कलायत में, रमन गुप्ता बादली में, विश्वनाथ जगाधरी में, पारस भगोरिया ऐलनाबाद में और प्रमेश सिंह गुहला में बतौर उपमंडलाधीश तैनात हैं।

हेमंत के मुताबिक गत् वर्ष दिसम्बर, 2025 में ही प्रदेश के कार्मिक विभाग द्वारा आगामी तीन वर्षो के लिए ताजा HCS कैडर संख्या निर्धारण आदेश जारी किया गया जिसके अनुसार SDO सिविल अर्थात SDM के पदों को स्पष्ट तौर पर सीनियर स्केल और सिलेक्शन ग्रेड अर्थात 5 वर्ष से 15 वर्ष तक की HCS सेवा वाले अधिकारियों के लिए दर्शाया गया है। इस आधार पर वर्तमान में 2023 बैच के उपरोक्त नौ HCS अधिकारी आधिकारिक तौर पर आज से दो वर्ष बाद अर्थात जनवरी, 2028 के बाद ही प्रदेश के विभिन्न उपमंडलों में बतौर SDM तैनात हो सकते हैं जब उनकी HCS में न्यूनतम पांच वर्ष की सेवा पूरी होगी।

हेमंत ने बताया कि हालांकि इसमें कोई संदेह नहीं कि प्रदेश में IAS और HCS-ईबी अधिकारियों की तैनाती-तबादले करने की शक्ति राज्य सरकार (मुख्यमंत्री) में निहित होती है एवं ऐसा करना उनका विवेकाधिकार है, परन्तु ऐसा करते समय कुछ प्रशासनिक सिद्वांतों की अनुपालना आवश्यक होती है ताकि तैनाती-तबादलों पर किसी प्रकार का कोई प्रश्नचिन्ह उत्पन्न न हो जैसे वर्तमान में 2023 बैच के नौ जूनियर HCS अधिकारियों को वर्ष 2022 और वर्ष 2023 बैच के 6-6 जूनियर IAS अधिकारियों के सामान एक ही SDM पद पर तैनात कर दिया है।



Related posts

पढ़ाई के साथ-साथ सामाजिक सारोकार के कार्यों से भी जुड़ें विद्यार्थींं: यशपाल

Metro Plus

हॉमर्टन ग्रामर स्कूल को दुबई में किया जाएगा सम्मानित, जानिए क्यों?

Metro Plus

सीमा त्रिखा को कॉलोनी वासियों ने लड्डूओं से तौला

Metro Plus