Metro Plus से Naveen Gupta की रिपोर्ट।
Faridabad, 2 मार्च: जिला रेडक्रॉस सोसाइटी फरीदाबाद द्वारा संचालित अन्नदान-महादान के तहत होली के पावन अवसर पर आर्थिक रूप से कमजोर 65 तपेदिक (TB) मरीजों को विशेष पोषाहार वितरित किया गया। यह कार्यक्रम लायंस क्लब फरीदाबाद के सहयोग से उपायुक्त एवं अध्यक्ष रेडक्रॉस सोसाइटी आयुष सिन्हा के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित अनिल अरोड़ा ने जिला रेडक्रॉस सोसाइटी फरीदाबाद द्वारा संचालित मुहिम को बहुत ही सार्थक बताते हुए तपेदिक के रोगियों से अपील करते हुए कहा कि तपेदिक रोग लाइलाज नहीं है यदि इसकी पूरी दवाइयों का सेवन पूर्ण रूप से किया जाए। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया की जिला रेडक्रॉस सोसाइटी जब भी टी.बी के रोगियों के लिए ऐसा कोई कार्यक्रम करेगी तो लायंस क्लब फरीदाबाद डैफोडिल सदैव अपना सहयोग देगा।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में श्रीराम ने कहा कि देश को वर्ष-2026 तक टीबी मुक्त बनाने का सपना प्रधानमंत्री मोदी ने देखा है और इसे साकार करने में सामाजिक संस्थाओं की अहम भूमिका है।
जिला रेडक्रॉस सोसाइटी के सचिव बिजेन्द्र सौरोत ने बताया कि तपेदिक की बीमारी बहुत ही खतरनाक बीमारी है, लेकिन समय पर दवाईयों का सेवन, पौष्टिक आहार और समय-समय पर अपनी जांच कराए ताकि आप खुद व अपने परिवार को इस जानलेवा रोग की चपेट में आने से बचा सकें।
अधिवक्ता एवं आजीवन सदस्य प्रताप सिंह ने बताया कि तपेदिक कि बीमारी पैदा करने वाले बैक्टीरिया से लडऩे में लहसुन कारगार होता है, रोगाणुरोधी गुण से भरपूर लहसुन, प्रतिरक्षा प्रणाली को भी बढ़ावा दे सकता है, पुदीने में एंटी-बैक्टीरियल गुण पाए जाते हैं, जो तपेदिक से प्रभावित ऊतकों के उपचार में मददगार साबित हो सकते हैं।
लायंस क्लब के प्रधान सुरेश शर्मा, क्लब सचिव राजेन्द्र कुमार और क्लब कोषाध्यक्ष दाऊ जी सिंह ने कहा कि टीबी एक गंभीर लेकिन पूरी तरह से उपचार योग्य बीमारी है। समय पर जांच, नियमित दवा और पर्याप्त पोषण से इस रोग को जड़ से खत्म किया जा सकता है। उन्होंने समाज के सक्षम लोगों से भी अपील की कि वे आगे आकर टीबी मरीजों को गोद लें और उनके उपचार व पोषण में सहयोग करें।
कार्यक्रम संयोजक पुरषोत्तम सैनी ने सभी तपेदिक रोगियों को माननीय प्रधानमंत्री के सपने के अनुसार देश को TB मुक्त बनाने के लिए सभी उपस्थित तपेदिक रोगियों को शपथ दिलवाई तथा इस बीमारी की चपेट में आने से बचने के लिए रोगियों को पूर्ण जानकारी दी। इसके अतिरिक्त उन्होंने रोगियों से संवाद कर उनका मनोबल बढ़ाया और रोगमुक्त जीवन की दिशा में सकारात्मक सोच अपनाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर निगम पार्षद जसवंत पंवार ने रेडक्रॉस की सराहना करते हुए बताया कि रेडक्रॉस एक मानवीय संस्था है जो समाज में लोगों की सहायता के लिए तत्पर रहती हैं। लोगों को समय-समय पर हर प्रकार की कुरीतियों से अवगत करवाते रहते हैं।
इस मौके पर मदनलाल, महेश, सुशील, रामबरन यादव, अशोक कुमार, केशव कुमार, युवराज, सुमित, संजू, परवीन, रानी, प्रेम, कमलेश, बलराम बृजमोहन शर्मा, व अन्य रेडक्रॉस स्टॉफ ने पूर्ण सहयोग दिया।








