Metro Plus से Naveen Gupta की रिपोर्ट।
Faridabad, 10 मार्च: शहर में मॉल परिसरों के बाहर अव्यवस्थित पार्किंग और बढ़ती यातायात समस्या को लेकर पुलिस आयुक्त यातायात जयवीर सिंह ने प्रमुख मॉल प्रबंधन के अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की। बैठक का उद्वेश्य मॉल के बाहर सड़क किनारे खड़े वाहनों और विशेष रूप से सप्ताहांत (शनिवार-रविवार) के दौरान बढऩे वाली भीड़ के कारण उत्पन्न होने वाली ट्रैफिक समस्याओं का समाधान करना था।
बैठक में पेबल डाउनटाउन मॉल, क्राउन प्लाजा मॉल, एल्डिको वन मॉल, मॉल ऑफ फरीदाबाद तथा पाश्र्वनाथ सिटी मॉल के प्रशासनिक प्रतिनिधि उपस्थित रहे। इस दौरान यातायात थाना प्रभारी निरीक्षक अनोज कुमार सहित अन्य यातायात अधिकारी भी मौजूद रहे।
बैठक के दौरान मॉल प्रबंधन को अवगत कराया गया कि मॉल परिसरों के बाहर सड़क किनारे अनियंत्रित रूप से खड़े वाहनों के कारण यातायात बाधित होता है और आस-पास के क्षेत्रों में जाम की स्थिती बन जाती है। विशेष रूप से सप्ताहांत के दिनों में अधिक भीड़ होने के कारण कई वाहन चालक मॉल के बाहर सड़क पर ही वाहन खड़े कर देते है, जिससे आमजन को आवागमन में काफी परेशानी होती है।
यातायात पुलिस ने मॉल प्रबंधन को निर्देश दिए गए कि परिसरों के अंदर उपलब्ध पार्किंग स्थलों का समुचित उपयोग सुनिश्चित किया जाए तथा आवश्यकता होने पर पार्किंग व्यवस्था को और बेहतर बनाया जाए। साथ ही पर्याप्त संख्या में यातायात मार्शल या सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की जाए, ताकि वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही खड़ा करवाया जा सके और कोई वाहन सड़क किनारे खड़ा ना हो।
इसके अलावा प्रवेश एवं निकास द्वारों पर स्पष्ट संकेतक लगाने, पार्किंग मार्ग को व्यवस्थित करने तथा भीड़भाड़ के समय अतिरिक्त कर्मचारियों की ड्यूटी लगाने के भी निर्देश भी दिए गए। यह भी कहा गया कि परिसर के बाहर सड़क पर किसी भी प्रकार की अवैध पार्किंग को तुरंत हटवाने की जिम्मेदारी उनके प्रशासन की भी होगी।
पुलिस प्रवक्ता अनुसार, यातायात पुलिस द्वारा मॉल परिसरों के आसपास अवैध पार्किंग के विरूद्ध लगातार चालान की कार्रवाई की जा रही है और आगे भी यह अभियान जारी रहेगा। यदि भविष्य में परिसरों के बाहर अव्यवस्थित पार्किंग पाई जाती है या स्टाफ की लापरवाही के कारण सड़क पर पार्किंग कराई जाती है, तो संबंधित वाहन चालकों के साथ-साथ संबंधित मॉल प्रबंधन के विरूद्ध भी नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फरीदाबाद यातायात पुलिस की सभी नागरिकों से भी अपील है कि मॉल परिसरों के आसपास अपने वाहन केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें और यातायात नियमों का पालन करते हुए शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में सहयोग करें।
यातायात नियमों के उल्लंघन की सूचना तथा किसी भी प्रकार की यातायात सहायता के लिए आमजन फरीदाबाद यातायात नियंत्रण कक्ष 0129-2267201 या डायल-112 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा फरीदाबाद यातायात पुलिस के सोशल मीडिया माध्यम एक्स (ट्विटर) फेसबुक तथा इंस्टाग्राम पर भी अपनी शिकायत या सूचना साझा कर सकते हैं तथा इन मंचों के माध्यम से यातायात से संबंधित ताजा जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।





