Metro Plus News
फरीदाबादराजनीतिराष्ट्रीयहरियाणा

हरियाणा के श्रद्धालुओं को ट्रेन से मिलेंगे तीर्थ स्थलों के निशुल्क दर्शन, सरकार और IRCTC के बीच समझौता

Metro Plus से Naveen Gupta की रिपोर्ट।

चंडीगढ़, 10 मार्च: प्रदेश सरकार हरियाणा मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत अब प्रदेश के पात्र बुजुर्ग श्रद्धालुओं को ट्रेन के माध्यम से विभिन्न तीर्थ स्थलों के दर्शन करवाएगी। इसके लिए हरियाणा सरकार और इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉर्पोरेशन (IRCTC) के बीच समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए हैं ।

सरकार की ओर से सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के महानिदेशक मकरंद पांडुरंग तथा आईआरसीटीसी की तरफ से सर्कल रिजनल मैनेजर (सीआरएम) हरजोत सिंह संधू ने एमओयू पर हस्ताक्षर किए।

महानिदेशक मकरंद पांडुरंग ने बताया कि हरियाणा सरकार द्वारा प्रदेश के पात्र बुजुर्ग श्रद्धालुओं को विभिन्न तीर्थ स्थलों की निशुल्क यात्रा करवाने के लिए हरियाणा मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना शुरू की है। इसके तहत अब तक अलग-अलग जिलों से हरियाणा परिवहन विभाग की वोल्वो बसों के माध्यम से हजारों पात्र बुजुर्गों को अयोध्या सहित विभिन्न तीर्थ स्थलों के निशुल्क दर्शन करवाए जा चुके हैं।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के निर्देश पर श्रद्धालुओं के लिए ट्रेन के माध्यम से भी तीर्थ स्थलों के दर्शन करवाने की योजना बनाई गई है। इसी के अंतर्गत हरियाणा सरकार और आईआरसीटीसी के बीच यह समझौता किया गया है। इस अवसर पर रेलवे से हर्ष दीप नितिन शर्मा तथा सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के अतिरिक्त निदेशक रणबीर सिंह सांगवान सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।

इन पवित्र स्थलों पर ले जाने का हुआ करार:-

महानिदेशक मकरंद पांडुरंग ने बताया कि आईआरसीटीसी के साथ हुए समझौते के तहत हरियाणा से अयोध्या, वाराणसी, पटना साहिब, नांदेड़ साहिब, पुष्कर जी, वैष्णो देवी, शिरडी व शनि शिंगणापुर जैसे प्रमुख तीर्थ स्थलों की यात्रा करवाई जाएगी। जरूरत के अनुसार अन्य तीर्थ स्थल भी इस योजना में जोड़े जा सकते हैं।

खाने-पीने व ठहरने की भी निशुल्क व्यवस्था:-

उन्होंने बताया कि एक ट्रेन में कुल 11 कोच होंगे, जिनमें से 10 कोच श्रद्धालुओं के लिए तथा एक कोच सर्विंग स्टाफ के लिए होगा। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के लिए खाने-पीने की व्यवस्था, नजदीकी रेलवे स्टेशन से तीर्थ स्थल तक बसों से आने-जाने का प्रबंध तथा ठहरने की व्यवस्था भी हरियाणा सरकार द्वारा निशुल्क की जाएगी।

क्या है तीर्थ यात्रा योजना:-

हरियाणा मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत 60 वर्ष या उससे अधिक आयु के हरियाणा के वरिष्ठ नागरिक, जिनकी वार्षिक आय 1.80 लाख रूपए से कम है, उन्हें निशुल्क पवित्र स्थलों की यात्रा करवाई जाती है। योजना का लाभ उठाने के लिए पात्र व्यक्ति तीर्थ यात्रा के लिए आधिकारिक पोर्टल पर पंजीकरण कर सकते हैं।

Related posts

Manav Rachna यूनिवर्सिटी में पहली लॉ एंड टेक्नोलॉजी नेशनल मूट कोर्ट प्रतियोगिता का आयोजन किया गया!

Metro Plus

राजस्थान एसोसिएशन ने मकर सक्रांति पर किया खिचड़ी प्रसाद का वितरण

Metro Plus

Dr. नवीन रोहिला के BJP में शामिल होते ही पार्टी टिकट के दावेदारों में मची खलबली

Metro Plus