Metro Plus News
फरीदाबादराजनीतिराष्ट्रीयहरियाणा

अफवाहों से न घबराएं, एलपीजी और पेट्रोल-डीजल की कमी नहीं: राजेश नागर

Metro Plus से Naveen Gupta की रिपोर्ट।

Faridabad , 12 मार्च: हरियाणा सरकार के खाद्य एवं आपूर्ति राज्य मंत्री राजेश नागर ने कहा कि राज्य मेंं पेट्रोल, डीजल एवं घरेलू एलपीजी गैस की आपूर्ति पूरी तरह से सामान्य है। उन्होंने कहा कि मिडिल ईस्ट में उत्पन्न युद्ध जैसी परिस्थितियों के बीच कुछ शरारती एवं षड्यंत्रकारी तत्व अफवाह फैला रहे हैं, लेकिन सरकार ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी।

मंत्री राजेश नागर ने आमजन से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। उन्होंने बताया कि भारत सरकार के पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय, नई दिल्ली द्वारा 9 मार्च 2026 को जारी एक पत्र में प्राथमिक क्षेत्रों के लिए घरेलू एलपीजी गैस की आपूर्ति, उसके समुचित एवं समान वितरण तथा उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। इन दिशा-निर्देशों के अनुरूप हरियाणा सरकार ने तत्काल प्रभाव से आवश्यक कदम उठाए हैं। उन्होंने बताया कि वर्तमान में हरियाणा में पेट्रोल, डीजल एवं घरेलू एलपीजी गैस की आपूर्ति पूरी तरह सुचारू रूप से चल रही है। प्रमुख तेल कंपनियां- इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (आईओसीएल) भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) और हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल) के पास पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। इसके साथ ही गैस की निरंतर आपूर्ति भी प्राप्त हो रही है, जिससे उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की कमी का सामना नहीं करना पड़ रहा है।

राज्य मंत्री राजेश नागर ने कहा कि हरियाणा का खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग पूरी सतर्कता के साथ सप्लाई चेन को मजबूत करने और उपभोक्ताओं की आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए कार्यरत है। विभाग के अधिकारी चौबीस घंटे निगरानी कर रहे हैं, ताकि मांग और आपूर्ति के बीच संतुलन बना रहे। उन्होंने आश्वासन दिया कि राज्य में रसोई गैस या पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति में किसी भी प्रकार की कमी नहीं होने दी जाएगी।

उन्होंने बताया कि फिलहाल केवल कमर्शियल सिलेंडरों की आपूर्ति में अस्थायी रूप से कुछ बाधा उत्पन्न हुई है, जो वैश्विक परिस्थितियों के कारण है। हालांकि ऑयल कंपनियां इसे जल्द दूर करने के लिए लगातार प्रयास कर रही हैं। प्राथमिकता के आधार पर कमर्शियल सिलेंडरों की आपूर्ति शिक्षण संस्थानों, अस्पतालों और अन्य आवश्यक सेवाओं से जुड़े प्रतिष्ठानों को सुनिश्चित की जा रही है। इसके अलावा वितरण व्यवस्था को सामान्य करने के लिए विशेष टीमों का गठन भी किया गया है।

मंत्री राजेश नागर ने कहा कि हमारी सरकार का प्राथमिक उद्वेश्य है कि हर घर में रसोई गैस पर्याप्त मात्रा में बनी रहे और वाहनों के इंजन सुचारू रूप से चलते रहें। केंद्र सरकार के सहयोग से हमने राज्य स्तर पर मजबूत वितरण नेटवर्क विकसित किया है, जिसमें 5,000 से अधिक वितरक शामिल हैं। इनके माध्यम से प्रतिदिन लाखों सिलेंडर वितरित किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि चोरी, कालाबाजारी या अनधिकृत वितरण पर रोक लगाने के लिए राज्य के सभी उपायुक्तों, पुलिस अधीक्षकों तथा जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रकों को सख्त निर्देश दिए हैं। इन निर्देशों में विशेष अभियान चलाने, स्टॉक की दैनिक रिपोर्टिंग तथा उपभोक्ता शिकायतों के त्वरित निपटारे का प्रावधान है। विभाग ने हेल्पलाइन नंबर 1967 को सक्रिय रखा है, जहां उपभोक्ता अपनी शिकायतें दर्ज करा सकते हैं।

मंत्री राजेश नागर ने आमजन से अपील की कि एलपीजी गैस या पेट्रोलियम उत्पादों की आपूर्ति को लेकर सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से फैल रही अफवाहों पर ध्यान न दें। उन्होंने कहा कि नागरिक अनावश्यक घबराहट और भंडारण से बचें, क्योंकि इससे बाजार में कृत्रिम कमी पैदा हो सकती है। उन्होंने कहा कि राज्य में आवश्यक पेट्रोलियम उत्पादों की आपूर्ति सुचारू रूप से जारी है और हम हर संभव प्रयास कर रहे हैं कि यह स्थिति बनी रहे। सरकार पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ काम कर रही है और किसी भी प्रकार की अनियमितता की शिकायत पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी। नागर ने भरोसा दिलाया कि केन्द्र और हरियाणा सरकार वैश्विक चुनौतियों के बावजूद, आम आदमी की दैनिक आवश्यकताओं की पूर्ति में कोई कमी नहीं आने देगी।

Related posts

भारत विकास परिषद् की भारत को जानो प्रतियोगिता में ए.डी. स्कूल व विद्या मंदिर स्कूल की टीम आई प्रथम

Metro Plus

Haryana Chief Minister Mr. Manohar Lal addressing the senior officers of various departments

Metro Plus

हर घर तिरंगा अभियान के तहत निकाली जाएगी जन-जागरूकता साइकिल रैली।

Metro Plus