Metro Plus से Naveen Gupta की रिपोर्ट।
Faridabad, 13 मार्च: जिला उपायुक्त एवं अध्यक्ष जिला रेडक्रॉस सोसाइटी फरीदाबाद आयुष सिन्हा के निर्देशानुसार तथा जिला रेडक्रॉस सोसाइटी फरीदाबाद के सचिव बिजेंद्र सोरौत के मार्गदर्शन में दिव्यांग व असहाय वरिष्ठ नागरिकों को सक्षम बनाने के उद्वेश्य से जिला रेडक्रास सोसायटी फरीदाबाद द्वारा संचालित रेडक्रॉस पुनर्वास केंद्र, फरीदाबाद और एलिम्को, नवादा फरीदाबाद द्वारा दिल्ली की संस्था इंटरनेशनल रिहैब सेंटर फॉर डिसेबल्ड (इंटरनेशनल रिहैब फाउंडेशन, नई दिल्ली) के सहयोग से बाल भवन, फरीदाबाद में कृत्रिम अंग व सहायक उपकरण वितरित कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान 31 दिव्यांगजनों व वरिष्ठ नागरिकों को विभिन्न प्रकार के कृत्रिम अंग और सहायक उपकरण वितरित किए गए।
रेडक्रॉस सोसाइटी फरीदाबाद के सचिव बिजेंद्र सोरौत ने बताया कि रेडक्रॉस जिले के हर जरूरतमंद दिव्यांग के घर पहुंचकर उनकी मदद करने के लिए प्रतिबद्व है।
जिले में चिह्नित किए गए दिव्यांगजनों को एलिम्को की सहायता से सहायक उपकरण प्रदान किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि किसी दिव्यांगजन को किसी प्रकार के सहायक उपकरण की आवश्यकता है तो वह एलिम्को कार्यालय या रेडक्रॉस कार्यालय से संपर्क कर सकता है।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला बाल कल्याण अधिकारी सुरेखा डागर उपस्थित रहीं। उन्होंने रेडक्रॉस समय-समय पर ऐसे शिविर आयोजित करता है, जिससे समाज के हर वर्ग को लाभ मिलता है।
उपाधीक्षक पुरूषोत्तम सैनी ने रेडक्रॉस द्वारा चलाई जा रही अन्य सामाजिक गतिविधियों का उल्लेख करते हुए कहा कि जिला रेडक्रॉस सोसाइटी समाज की अनेक संस्थाओं के साथ मिलकर सामाजिक कार्य कर रही है जिसमें दिव्यांगजनों के लिए दिव्यांग पुनर्वास केंद्र की महत्वपूर्ण भूमिका है।
इंटरनेशनल रिहैब सेंटर फॉर डिसेबल्ड, दिल्ली के निदेशक डॉ० मनीष सूद ने बताया कि पूर्व में आयोजित जांच एवं माप शिविर में पात्र पाए गए दिव्यांगजनों को इस कार्यक्रम के दौरान नि:शुल्क सहायक उपकरण वितरित किए गए।
मंडल बाल कल्याण अधिकारी कमलेश शास्त्री ने कहा कि रेडक्रॉस सोसाइटी फरीदाबाद जरूरतमंद दिव्यांगजनों की सहायता के लिए लगातार कार्य कर रही है, ताकि उन्हें जीवनयापन के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
इस अवसर पर रेडक्रॉस पुनर्वास केंद्र के डॉक्टर राकेश, भौतिक चिकित्सक एवं कार्यक्रम संयोजक डॉ० जयपाल सिंह, टेक्नीशियन ज्ञान प्रसाद, लिपिक बेबी सिंह, रेडक्रॉस फरीदाबाद के आजीवन सदस्य विपुल तथा एलिम्को से राजेश दास व उनकी टीम उपस्थित रही। शिविर में पात्र दिव्यांगों को बैटरी चलित तिपहिया साइकिल, व्हीलचेयर, कृत्रिम अंग, दृष्टिबाधित विद्यार्थियों के लिए मोबाइल फोन व स्मार्ट केन, मंदबुद्धि बच्चों के लिए एमआर किट एवं अन्य सहायक उपकरण वितरित किए गए।









