Metro Plus से Naveen Gupta की रिपोर्ट।
Faridabad, 6 अप्रैल: समाज सेवा की दिशा में एक सराहनीय पहल करते हुए इनर व्हील क्लब ऑफ फरीदाबाद इंडस्ट्रियल टाउन ने सैक्टर-14 स्थित रेडक्रॉस नशा मुक्ति केंद्र में एक लाइब्रेरी स्थापित की है। इस पहल का उद्वेश्य नशा छोडऩे की राह पर चल रहे व्यक्तियों को सकारात्मक वातावरण देना और उनके मानसिक व भावनात्मक पुनर्वास में सहयोग करना है।
क्लब की प्रधान मनीता सिंगला ने बताया कि मरीजों के लिए मनोरंजन और ज्ञानवर्धन के साधनों की व्यवस्था की गई है। लाइब्रेरी में इनडोर खेल सामग्री उपलब्ध कराई गई, जिससे मरीज अपने समय का सदुपयोग कर सकें और तनाव से दूर रह सकें। साथ ही, पढऩे के लिए मनोरंजक एवं धार्मिक पुस्तकों का भी प्रबंध किया गया, जो उनके भीतर सकारात्मक सोच और आत्मबल को बढ़ाने में सहायक सिद्ध होंगी। इसके अलावा लाइब्रेरी के सुचारू संचालन के लिए 10 कुर्सियां और 2 मेज भी उपलब्ध कराई गई हैं।
रेडक्रॉस सोसाइटी के सचिव बिजेंद्र सोरौत ने क्लब के इस योगदान की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के प्रयास नशा मुक्ति की प्रक्रिया को मजबूत बनाते हैं। उन्होंने बताया कि नशे की लत से उबरने के लिए केवल चिकित्सकीय उपचार ही नहीं, बल्कि मानसिक शांति और सकारात्मक गतिविधियां भी बेहद जरूरी होती हैं। उन्होंने बताया कि इन सुविधाओं से केंद्र में अध्ययन और गतिविधियों के लिए एक व्यवस्थित स्थान तैयार हो गया है, जिससे मरीजों को बेहतर माहौल मिल सकेगा।
जिला बाल कल्याण अधिकारी सुरेखा डागर ने भी इस पहल को सराहनीय बताते हुए कहा कि लाइब्रेरी स्थापित होने से नशा मुक्ति केंद्र में रह रहे लोगों को नई दिशा और प्रेरणा मिलेगी। उन्होंने बताया कि यह पहल निश्चित रूप से नशा मुक्ति की दिशा में एक सकारात्मक कदम है, जो समाज में जागरूकता और सहयोग की भावना को और अधिक मजबूत करेगी।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने मिलकर समाज में नशा मुक्ति के प्रति जागरूकता बढ़ाने और जरूरतमंदों की सहायता करने का संकल्प लिया। इस मौके पर क्लब की सदस्य पूनम गोयल, निधि गुप्ता, रेखा गुप्ता, नशा मुक्ति केंद्र के प्रोजेक्ट डायरेक्टर धर्मेंद्र कसाना एवं अन्य केंद्र का स्टाफ का सहयोग सराहनीय रहा।






