Metro Plus News
फरीदाबादराष्ट्रीयहरियाणा

सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए किशोरियों को लगाया जा रहा मुफ्त HPV टीका

Metro Plus से Naveen Gupta की रिपोर्ट।

Faridabad, 23 अप्रैल: जिला उपायुक्त आयुष सिन्हा ने जानकारी देते हुए बताया कि बेटियों के स्वस्थ, सुरक्षित और सशक्त भविष्य को सुनिश्चित करने के उद्वेश्य से जिला स्वास्थ्य विभाग द्वारा HPV (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान पूरे जिले में प्रभावी रूप से संचालित किया जा रहा है। यह विशेष अभियान 28 फरवरी से 31 मई तक सभी सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर जारी रहेगा। इसका उद्वेश्य किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से समय रहते बचाव प्रदान करना है।

डॉ० आहूजा ने बताया कि अभियान के अंतर्गत 14 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुकी तथा 15 वर्ष से कम आयु की सभी किशोरियों को नि:शुल्क HPV टीका लगाया जा रहा है। जिले में CRID डेटा के अनुसार कुल 23,000 किशोरियों का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसके सापेक्ष अब तक 1106 किशोरियों का सफलतापूर्वक टीकाकरण किया जा चुका है। उन्होंने इसे समाज में बढ़ती जागरूकता एवं अभिभावकों के सहयोग का सकारात्मक संकेत बताते हुए कहा कि स्वास्थ्य विभाग इस अभियान की गति को और तेज करने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

डॉ० जयंत आहूजा ने बताया कि अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के लिए सरकारी एवं निजी स्कूलों के प्रधानाचार्यों के लिए ओरिएंटेशन वर्कशॉप सफलतापूर्वक आयोजित की जा चुकी हैं। इन कार्यशालाओं के माध्यम से स्कूल प्रशासन को HPV टीकाकरण के महत्व, प्रक्रिया एवं लाभों की विस्तृत जानकारी दी गई है, ताकि वे विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को इसके लिए प्रेरित कर सकें। इसके अतिरिक्त, स्कूलों में प्रार्थना सभाओं, जागरूकता सत्रों तथा विभिन्न सामुदायिक गतिविधियों के माध्यम से भी व्यापक स्तर पर जन-जागरूकता बढ़ाई जा रही है।

अफवाहों से बचें, टीका पूरी तरह सुरक्षित:-

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ० जयंत आहूजा ने HPV ह्यूमन पैपिलोमा वायरस टीकाकरण को लेकर समाज में फैली विभिन्न भ्रांतियों को पूरी तरह निराधार बताते हुए स्पष्ट किया है कि यह टीका न तो बांझपन का कारण बनता है और न ही इसके कोई गंभीर दुष्प्रभाव हैं। विभाग के अनुसार कम उम्र में टीकाकरण कराना अत्यंत आवश्यक और अधिक प्रभावी होता है, जबकि यह धारणा कि यह नया या असुरक्षित टीका है, पूरी तरह गलत है। यह टीका वैज्ञानिक रूप से प्रमाणित, सुरक्षित तथा वर्षों से देश-विदेश में सफलतापूर्वक उपयोग में लाया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि HPV टीकाकरण सर्वाइकल कैंसर से प्रभावी सुरक्षा प्रदान करता है, संक्रमण के खतरे को कम करता है तथा भविष्य में गंभीर बीमारियों से बचाव सुनिश्चित करता है। साथ ही यह किशोरियों के स्वस्थ, सुरक्षित एवं आत्मविश्वासी जीवन की मजबूत नींव रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

अभिभावक केवल सरकारी स्वास्थ्य जानकारी पर करें भरोसा:-

डॉ० जयंत आहूजा ने सभी अभिभावकों से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों या गलत जानकारी पर विश्वास न करें और केवल स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी प्रमाणित जानकारी को ही मानें। उन्होंने कहा कि यह टीका पूरी तरह सुरक्षित है और देश-विदेश में लाखों किशोरियों को लगाया जा चुका है। अभियान से संबंधित विस्तृत जानकारी, नजदीकी टीकाकरण केंद्र, समय-सारणी एवं अन्य दिशा-निर्देशों के लिए जारी किए गए सूचनात्मक फ्लायर/पोस्टर का अवलोकन करें। अधिक जानकारी हेतु जिला टीकाकरण अधिकारी, फरीदाबाद से दूरभाष नंबर-91129 298 5566 पर संपर्क किया जा सकता है।

Related posts

किसानों की बदहाली के खिलाफ भारतीय किसान यूनियन 10 मार्च को करेगी जंतर-मंतर पर प्रदर्शन

Metro Plus

राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में वायरस जागरूकता अभियान प्रतियोगिता का आयोजन किया

Metro Plus

विवाह की इच्छा रखने वालों को करनी चाहिए मां कात्यायनी की पूजा: जगदीश भाटिया

Metro Plus