Metro Plus News
फरीदाबादराजनीतिराष्ट्रीयहरियाणा

अवैध निर्माणों पर आरती राव का एक्शन, निगम अधिकारियों को दिए चौथी मंजिल पर तुरंत कार्यवाही के निर्देश

ग्रीवेंस बैठक में आरती राव के सख्त तेवर, 12 शिकायतों का तुरंत हुआ निस्तारण

Metro Plus से Naveen Gupta की रिपोर्ट।

Faridabad, 13 जुलाई: सैक्टर-12 स्थित एचएसवीपी सम्मेलन केंद्र में जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता हरियाणा सरकार में स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान तथा आयुष मंत्री आरती राव ने की। बैठक में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 15 परिवाद प्रस्तुत किए गए, जिनमें से 12 परिवादों का समाधान मौके पर ही कर दिया गया, जबकि 3 मामलों को अगली बैठक तक लंबित रखते हुए आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए गए। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों ने अपने-अपने मामलों पर विस्तृत रिपोर्ट भी प्रस्तुत की।

बैठक में मंत्री आरती राव ने कहा कि सरकार नागरिकों को पारदर्शी, जवाबदेह और संवेदनशील प्रशासन देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी परिवादों का समयबद्ध एवं प्राथमिकता के आधार पर निपटान सुनिश्चित किया जाए और समाधान इस प्रकार हो कि परिवादी को पूरी संतुष्टि मिले।

हाईटेंशन विद्युत लाइनें 15 दिनों में हों शिफ्ट, कार्य में देरी बर्दाश्त नहीं:-

ग्राम क्षेत्र में हाईटेंशन विद्युत लाइनों से दुर्घटनाओं की आशंका संबंधी शिकायत पर दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम के अधिकारियों ने बताया कि आवश्यक राशि जमा होने के बाद कार्य प्रक्रिया शुरू कर दी गई है तथा आगामी 15 दिनों के भीतर लाइन शिफ्टिंग का कार्य पूरा कर लिया जाएगा। इस पर मंत्री आरती राव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्य में किसी प्रकार की अनावश्यक देरी न हो और निर्धारित समय सीमा में कार्य पूर्ण किया जाए।

नगर निगम के मामलों में मौके पर निरीक्षण कर प्राथमिकता से करें समाधान:-

बैठक में नगर निगम से संबंधित सैक्टर-21डी की क्षतिग्रस्त सड़कों, अवैध निर्माण, सीवर, जलभराव तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं से जुड़ी शिकायतों पर विस्तार से चर्चा की गई। मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी स्थलों का मौके पर निरीक्षण कर प्राथमिकता के आधार पर समस्याओं का समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि बरसात के मौसम को देखते हुए सड़क मरम्मत, जल निकासी तथा नागरिक सुविधाओं के कार्यों में किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जानी चाहिए।

साहुपुरा से सोतई तक जलभराव की समस्या का होगा स्थायी समाधान:-

साहुपुरा से सोतई तक जलभराव, सड़क एवं नालियों से संबंधित शिकायतों पर नगर निगम अधिकारियों ने प्रस्तावित विकास कार्यों एवं स्वीकृत परियोजनाओं की जानकारी दी। स्वास्थ्य मंत्री ने निर्देश दिए कि दीर्घकालीन समाधान के साथ-साथ तत्काल राहत के लिए जल निकासी एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित की जाएं, ताकि बरसात के दौरान नागरिकों को परेशानी न हो।

बिजली बिल विवाद की जांच के लिए एडीसी की अध्यक्षता में समिति गठित:-

बैठक के दौरान एक शिकायतकर्ता ने बिजली बिलों में त्रुटि, पूर्व में किए गए भुगतानों का रिकॉर्ड उपलब्ध न होने तथा मीटर हटाए जाने संबंधी शिकायत प्रस्तुत की। मामले की गंभीरता को देखते हुए मंत्री आरती राव ने अतिरिक्त उपायुक्त एवं ग्रीवेंस कमेटी के सदस्यों की समिति गठित कर निष्पक्ष जांच कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समिति विस्तृत जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करे तथा उसके आधार पर नियमानुसार एवं समयबद्ध तरीके से शिकायत का समाधान सुनिश्चित किया जाए। स्वास्थ्य विभाग से संबंधित शिकायतों में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर दवाओं की उपलब्धता, स्टॉफ की कार्यप्रणाली तथा स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता से जुड़े मामलों की समीक्षा की गई। स्वास्थ्य मंत्री ने अधिकारियों को सभी शिकायतों की गंभीरता से जांच करने तथा दोषी पाए जाने पर नियमानुसार कार्यवाही करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

विद्यालय में बाउंड्री वॉल, गेट एवं अन्य निर्माण कार्य शीघ्र डी प्लान में कराए जाएं:-

बैठक में विद्यालय परिसर की जर्जर बाउंड्री वॉल, मुख्य प्रवेश द्वार एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं के अभाव का मामला भी उठाया गया। स्वास्थ्य मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि उपायुक्त की डी.प्लान योजना के अंतर्गत आवश्यक स्वीकृतियां लेकर विद्यालय की बाउंड्री वॉल, मुख्य गेट एवं अन्य आवश्यक निर्माण कार्य प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण कराए जाएं, ताकि विद्यार्थियों को सुरक्षित एवं बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध हो सके।

HSVP के लंबित आवंटन मामलों का नियमों के अनुसार करें निस्तारण:-

HSVP से जुड़े पुराने आवंटन विवाद तथा बहु-आवंटन मल्टीपल अलॉटमेंट के मामले में अधिकारियों ने न्यायालय में लंबित प्रक्रिया की जानकारी दी। इस पर स्वास्थ्य मंत्री आरती राव ने निर्देश दिए कि न्यायालय के आदेशों एवं विभागीय नियमों के अनुरूप प्रकरण का शीघ्र और पारदर्शी समाधान सुनिश्चित किया जाए।

बैठक के समापन पर स्वास्थ्य मंत्री आरती राव ने सभी विभागाध्यक्षों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का केवल औपचारिक निस्तारण न किया जाए, बल्कि मौके पर जाकर स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा है कि आम नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। सभी विभाग समयबद्ध कार्यवाही करते हुए अनुपालन रिपोर्ट प्रस्तुत करें तथा जनहित से जुड़े मामलों में पूर्ण संवेदनशीलता एवं जवाबदेही के साथ कार्य करें।

इस अवसर पर बैठक में बल्लभगढ़ विधायक मूलचंद शर्मा, बडख़ल विधायक धनेश अदलक्खा, एनआईटी विधायक सतीश फागना, महापौर प्रवीण जोशी, फरीदाबाद भाजपा जिलाध्यक्ष पंकज पूजन रामपाल, बल्लभगढ़ भाजपा जिलाध्यक्ष सोहन पाल सिंह, जिला परिषद चेयरमैन विजय लोहिया, पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता, जिला उपायुक्त आयुष सिन्हा, नगर निगम आयुक्त धीरेंद्र खडग़टा, एडीसी अंजलि श्रोत्रिया, एचएसवीपी एडमिस्टेटर नीरज कादियान सहित जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी एवं संबंधित विभागाध्यक्ष उपस्थित रहे।

Related posts

सरस्वती शिशु सदन में बैशाखी का त्यौहार बड़ी ही धूमधाम से मनाया गया

Metro Plus

रोटरी इंटरनेशनल प्रेसिडेंट बने TRF Trustee सुशील गुप्ता

Metro Plus

अब बोले केजरीवाल, CBI को दिया गया है हमें ‘खत्म’ करने का आदेश

Metro Plus