Metro Plus News
उद्योग जगतफरीदाबादराजनीतिहरियाणा

निगम पार्षद देखते रहे गए, निगमायुक्त मो०शाईन ने अपने अंदाज में करवा लिया निगम का बजट पास

मैट्रो प्लस से नवीन गुप्ता की रिपोर्ट
फरीदाबाद, 26 मार्च: नगर निगम पार्षदों के अडिय़ल रवैये को दरकिनार कर नगर निगम फरीदाबाद के वित्तीय वर्ष 2018-19 का बजट जिस तरीके से निगम पार्षदों को विश्वास में लेकर पास किया गया, वह वास्तव में नगर निगम आयुक्त मो० शाईन की काबलियत को दर्शाता है। पार्षदों को मुख्यमंत्री कोष से तो अपने-अपने वार्डों के विकास कार्यो के लिए दो-दो करोड़ रूपये नहीं मिले जिसके लिए सारा हो होल्ला या कहिए ड्रामेबाजी हो रही थी। हां, निगमायुक्त मो० शाईन ने जरूर इन पार्षदों को तिमाही 50-50 लाख के काम उनके वार्डों में करने का आश्वासन देकर उनकी बोलती बंद कर दी। इसके बाद 2-2 करोड़ रूपये के लिए चिल्ला रहे पार्षद दीपक चौधरी, सरपंच महेन्द्र भड़ाना, कपिल डागर, ललिता यादव, जितेन्द्र यादव उर्फ बिल्लू आदि पार्षदगण शांत बैठ गए।
भीगी बिल्ली बनी बैठी रहीं कई महिला पार्षद:-
वार्ड न.-1 सपना डागर, वार्ड न.-8 से ममता चौधरी, वार्ड न०-40 से सविता तंवर, वार्ड न०-4 से शीतल खटाना, वार्ड न०-13 से सुमन भारती, वार्ड न०-25 से मुनीष भड़ाना, वार्ड न०-24 से सोमलता भड़ाना, वार्ड न०-38 से उमा सैनी तथा वार्ड न०-23 से गीता रक्षवाल तो महिला निगम पार्षदों का ये हाल था कि पूरे बजट के दौरान उनके मुंह से बजट के खिलाफ व पक्ष में एक शब्द भी नहीं निकला। पूरे बजट के दौरान ये महिला पार्षद मुंह बंदकर डमी कॉपी या कहिए कठपुतली की तरह चुपचाप अपनी सीट पर बैठी रहीं। जबकि इनमें से कुछेक के पतिदेव पीछे की दीर्घा में बैठे सदन की कार्यवाही देख रहे थे।
आरोप-प्रत्यारोप के चले दौर:-
नगर निगम के सदन की इस बैठक में वार्ड न०-5 की पार्षद ललिता यादव ने कहा कि उनकी यानि पार्षदों की पूछ तो सदन में सिर्फ बैठक होने तथा मद पास करवाने तक होती है, उसके बाद तो उन्हें पूछा तक नहीं जाता। वहीं वार्ड न०-37 के पार्षद दीपक चौधरी निगमायुक्त से क्लेक्शन पर जोर देते हुए कहा कि सभी पार्षदों को निगम की आय-व्यय का हिसाब हर महीने देना चाहिए ताकि उन्हें भी पता चल सके कि निगम की वित्तीय स्थिति क्या है। इस पर महापौर सुमन बाला द्वारा उप-महापौर मनमोहन गर्ग की अध्यक्षता में एक कमेटी का गठन किया गया जिसमें दीपक चौधरी, मनोज नासवा, सरपंच भड़ाना तथा अजय बैंसला को शामिल किया गया।
निगम कंस्लटेंट अमरीक सिंह को हटाने पर रहा जोर:-
सुरेन्द्र अग्रवाल, दीपक चौधरी, जितेन्द्र यादव उर्फ बिल्लू, महेन्द्र भड़ाना आदि नगर निगम के कई पार्षदों का जोर निगमायुक्त मो०शाईन द्वारा निगम कार्यों की गुणवत्ता जांचने के लिए लगाए गए कंस्लटेंट सरदार अमरीक सिंह को हटाने पर रहा। लेकिन जिस तरीके से निगमायुक्त मो०शाईन ने अमरीक सिंह की वकालत करते हुए कहा कि उन्होंने अमरीक सिंह को नगर निगम गुरूग्राम से सप्ताह में एक दिन के लिए नि:शुल्क सेवा पर निगम कार्यों के क्वालिटी कंट्रोल के लिए रखा है ना कि निगम पर वित्तीय बोझ बढ़ाने के लिए। साथ ही निगमायुक्त ने यह भी बताया कि अमरीक सिंह ने बतौर निगम कंस्लटेंट ना तो अभी तक किसी ठेकेदार की पेमेंट रूकवाई है और ना ही कोई काम। निगमायुक्त मो०शाईन ने जिस अंदाज में अमरीक को लेकर अपने तर्क दिए उसके बाद पार्षदों की बोलती बंद हो गई और वह मुद्दा खत्म हो गया।
एलईडी लाईटों से शहर होगा जगमग:-
नगर निगम की बैठक में वरिष्ठ उप-महापौर देवेन्द्र चौधरी के प्रस्ताव पर मोहर लगाते हुए निगमायुक्त मो०शाईन ने प्रति तिमाही पार्षदों को 250-250 एलईडी लाईट देने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी। यानि अगले एक साल में प्रत्येक निगम पार्षद को एक-एक हजार एलईडी लाईटें मिलेंगी जिनकी गारंटी पांच साल की होगी। इन लाईटों के लग जाने के बाद पूरा नगर निगम क्षेत्र रोशनी से जगमग मिलेगा। यहां बता दे कि निगम के मुताबिक फिलहाल पूरे निगम क्षेत्र में 54 हजार स्ट्रीट लाईटें हैं और 40 वार्ड हैं। यानि अगले एक-सवा साल में पूरे निगम क्षेत्र की लाईटें भी बदल जाएंगी और बिजली का बिल भी कम हो जाएगा। बैठक में निगम के उप-महापौर मनमोहन गर्ग ने निगम के प्रिंसीपल सेक्रेटरी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि वे तो ऐसे अधिकारी है जोकि लाईट तो 5600 रूपये की लेते हैं और उस पर मेंटेनेंस में खर्चा 10 साल में 31 हजार रूपये का करते हैं जोकि हम अपने निगम में करना नहीं चाहते। उनके इस व्यंग्य पर सदन में हंसी के ठहाके गूंज
पैसे जमा कराने वालों मिलेगी सुविधा:-
नगर निगम में किसी भी रूप में अपना टैक्स आदि जमा कराने वालों के लिए खुशखबरी है। निगमायुक्त मो०शाईन की मानें तो अब नगर निगम में पैसा जमा कराने आने वाले लोगों को धक्के नहीं खाने पड़ेंगे। उनके लिए निगम द्वारा एक एयर-कंडीशनर हॉल तैयार करवाया जा रहा है। यहां 10 लोगों का स्टॉफ होगा जोकि लोगों के विभिन्न मदों में पैसे जमा कराएगा। खास बात यह रहेगी कि इनको पैसे जमा करने से पहले चाय-पानी पूछकर उनकी आवाभगत भी की जाएगी। यहीं नहीं, निगम में जो भी रकम जमा होगी उसको निगम की वेबसाईट पर रोजाना अपडेट किया जाएगा।
कई पार्षद अनुपस्थित थे बैठक में:-
नगर निगम की इस बैठक में कई पार्षद गैर-हाजिर थे जिनमें से वार्ड न.2 से प्रियंका चौधरी, वार्ड न. 36 से दीपक यादव, वार्ड न. 33 से धनेश अद्लक्खा, वार्ड न. 21 से जितेन्द्र भड़ाना व वार्ड न. 14 से सरदार जसवंत सिंह प्रमुख थे।

 


Related posts

Delhi Scholars स्कूल नेे मनाया मदर्स-डे

Metro Plus

दिल्ली के मुख्यमंत्री सीसीटीवी कैमरे लगाने के बजाए टीवी कैमरे पर ध्यान दे रहे है: महेश गिरी

Metro Plus

Asha Jyoti Vidyapeeth ने पहली बार कक्षा 10वीं में रचा नया इतिहास

Metro Plus