Metro Plus News
गुड़गांवदिल्लीफरीदाबादराष्ट्रीयहरियाणा

सूरजकुंड अंतराष्ट्रीय शिल्प मेले में रहेगी रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम: सुमिता मिश्रा

नवीन गुप्ता
चंडीगढ़/फरीदाबाद, 27 जनवरी:
हरियाणा पर्यटन द्वारा पहली से 15 फरवरी तक सूरजकुंड फरीदाबाद में आयोजित 29वें सूरजकुंड अंतराष्ट्रीय शिल्प मेले के दौरान रोजाना शाम के समय रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जायेगा।
हरियाणा पर्यटन निगम की प्रबंध निदेशक श्रीमती सुमिता मिश्रा ने यह जानकारी देते हुए बताया कि भारतीय पर्यटन के क्षेत्र में इस मेले का बहुत महत्वपूर्ण स्थान है, जहां मेले में भारत की संस्कृति, शिल्प कला, परम्परा तथा भारतीय विरासत की शानदार झलक देखने को मिलती है, वहीं इस मेले ने भारतीय कला, शिल्प और संस्कृति को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
उन्होंने कहा कि सांस्कृतिक कार्यक्रम मेले की शोभा को और बढ़ायेंगे। मेले में जहां दिन के समय दर्शकों को खरीददारी करने एवं लजीज व्यजनों को चखने का मौका मिलेगा वहीं शाम के समय वे भारत और अन्य देशों से आये जाने-माने कलाकारों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम का आनंद उठा सकेंगे।
उन्होंने कहा कि सांध्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन रोजाना सांय छ: बजे से मेला मैदान में ओपन एयर थियेटर, चौपाल में किया जायेगा। पहली फरवरी को मेला के थीम राज्य छत्तीसगढ़ के नृत्यकों द्वारा कार्यक्रम प्रस्तुत किया जायेगा। इसी प्रकार, दर्शक दो फरवरी को लेबनान की भूमध्यीय संस्कृति, तीन फरवरी को अंतराष्ट्रीय विदेशी कलाकारों के प्रदर्शन और चार फरवरी को तेलंगाना के कलाकारों के रंगारंग कार्यक्रम का आन्नद ले सकेंगे। पांच फरवरी को छत्तीसगढ़ के लोक गीतों और छ: फरवरी को सांस्कृतिक कार्य विभाग, हरियाणा द्वारा सम्मोहित करने वाले कार्यक्रम प्रस्तुत किये जायेंगे।
श्रीमती मिश्रा ने कहा कि दर्शक प्रसिद्घ गायकों से लेकर बैले नृत्यकों और कव्वालों का लाइव कार्यक्रम भी देख सकेंगे। सात फरवरी को लोकप्रिय पंजाबी पॉप एवं लोक गायक मास्टर सलीम अपना कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे। आठ फरवरी को भारतीय लोक नर्तक जहां अपने जोशीले नृत्य प्रस्तुत करेंगे वहीं नौ फरवरी को पॉप एवं लोक गायक गुरिन्द्र गिंडा की संगीतमय संध्या के साथ-साथ लोक नृत्यकों द्वारा मिर्जा साहिब बैले प्रस्तुत किया जायेगा। 10 फरवरी को पुन: छत्तीसगढ़ के कलाकारों द्वारा आर्कषक नृत्य प्रस्तुत किये जायेंगे।
उन्होंने कहा कि 11 फरवरी को प्रसिद्घ हास्य व्यंग्यकार सुरेन्द्र शर्मा तथा पार्टी के हास्य कवि सम्मेलन का आयोजन किया जायेगा। 12 फरवरी को अब्बदुल हामिद सबरी और रजिया बानो द्वारा कव्वाली गायन और 13 फरवरी को जैसलमेर एवं बाडमेर (राजस्थान) से प्रसिद्घ मंगयार/लांघा गायकों-जनाब तालेब खां, बरकत खां और उनके समूह द्वारा राजस्थानी लोक गीत प्रस्तुत किये जायेंगे। अंत में 14 फरवरी को हरियाणा के प्रसिद्घ गजेन्द्र फोगाट और उनकी टीम द्वारा हरियाणवी तड़का प्रस्तुत किया जायेगा क्योंकि हरियाणा में आयोजित इस मेले में हरियाणवी तड़के के बिना मनोरंजन अधूरा है।

Related posts

अयोध्या मामले में सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई के दौरान वकीलों की तेज आवाज पर चीफ जस्टिस ने लगाई फटकार

Metro Plus

बडख़ल झील को फिर से सुंदर बनाया जाएगा! देखें कैसे?

Metro Plus

Chief Minister, Mr. Manohar Lal paying floral tributes to former Deputy Chief Minister, Haryana Dr. Mangal Sen on his birth anniversary

Metro Plus