Metro Plus से Naveen Gupta की रिपोर्ट।
Faridabad, 2 दिसंबर: शहर के सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर के चुनाव की तरह ही नगर निगम के तीनों मनोनीत सदस्यों का शपथग्रहण समारोह आज MCF निगम के कांफ्रेंस हॉल में राजनीति का शिकार हो गया। समारोह नामी इस कार्यक्रम से जहां केपी, धनेश, मूलचंद और फागना ग्रुप के 38 निगम सदस्यों जिनको लोग ‘पार्षद’ कहते हैं, ने दूरी बनाकर रखी, वहीं इसमें सिर्फ विपुल और नागर समर्थित निगम सदस्यों सचिन शर्मा, कुलदीप साहनी, मुकेश अग्रवाल, वार्ड-39 से चुनाव हारी हुई भाजपा उम्मीदवार रूमा नंबरदार के पति अजित नंबरदार, लाल मिश्रा, रूबी अवाना, सुमन चंदेल, प्रवीण टोंगर ने ही अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। इनके अलावा नरेश नंबरदार बीमार होने के कारण नहीं आ सके तो दो सदस्यों शैफाली सिंगला और ज्योति चिलानी के शहर से बाहर होने के कारण उनके परिजन करण सिंगला आदि उनके प्रतिनिधि के तौर पर कार्यक्रम में शामिल हुए।
कार्यक्रम में सरकार द्वारा निगम के मनोनीत तीनों निगम सदस्यों जसवंत सैनी, योगेश शर्मा और प्रियंका बिष्ट बिधूनी को मेयर श्रीमती प्रवीण बत्रा जोशी ने पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाने के बाद उन्हें आई कार्ड और उनका स्टैंप भी भेंट किया। इस शपथ ग्रहण के बाद अब नगर निगम फरीदाबाद के सदस्यों की संख्या 46 से बढक़र 49 हो गई है।
इनके अलावा इस अवसर पर निगम आयुक्त धीरेंद्र खडग़टा, अतिरिक्त आयुक्त सलोनी शर्मा, निगम सचिव डॉ. विजयपाल यादव, जॉइंट कमिश्नर एशवीर सिंह के अलावा फरीदाबाद महानगर के जिला अध्यक्ष सोहनपाल सिंह, बल्लभगढ़ के विधायक एवं पूर्व मंत्री मूलचंद शर्मा के बड़े भाई भाजपा नेता टिपरचंद शर्मा सहित कई गणमान्यजन मौजूद रहे। उपरोक्त सभी सहित निगम के अन्य अधिकारियों एवं मनोनीत निगम सदस्यों बल्लभगढ़ निवासी योगेश शर्मा, ग्राम चंदावली निवासी जसवंत सैनी तथा ग्रेटर फरीदाबाद निवासी प्रियंका बिष्ट बिधूनी को बधाई दी।
इस मौके पर निगम महापौर ने कहा कि आज इन तीन निगम सदस्यों के और निगम सदन परिवार में जुडऩे के साथ ही फरीदाबाद के हर वर्ग का सीधा संपर्क नगर निगम से हो गया है। उन्होंने कहा कि मनोनयन की प्रक्रिया इसीलिए बनाई गई ताकि जो वर्ग सीधे चुनाव के माध्यम से सदन में न पहुंच सके,उनको प्रतिनिधित्व दिया जाए और इसी कड़ी में सरकार ने इन तीनों को सदन का सदस्य बनाया है।
उल्लेखनीय है कि फरीदाबाद नगर निगम में मेयर के अतिरिक्त 46 सदस्य चुनाव जीत कर आए थे और इसके बाद सरकार ने इन तीनों को नगर निगम का मनोनीत सदस्य नियुक्त किया था, जिनको आज महापौर द्वारा शपथ दिलाई जाने के बाद निगम सदन में कुल पार्षदों की संख्या 49 हो गई।
निगम महापौर का मानना है की इन नवनियुक्त निगम सदस्यों के साथ निगम और अधिक मजबूती के साथ शहर का विकास कर पाएगा। उन्होंने कहा कि अब के बाद यह तीन मनोनीत निगम सदस्य भी अन्य सदस्यों की तरह इस क्षेत्र के विकास में अपना सहयोग देंगे।
इस मौके पर निगम महापौर ने उपस्थित सभी निगम सदस्यों से आवाहन किया कि आज शहर की सफाई और बढ़ता प्रदूषण हम सभी के लिए एक बड़ी चुनौती है, जिसमें हम सभी को अपनी भूमिकाएं तय करनी होगी। यही शहर के लोगों के प्रति आज हमारी प्राथमिकता होनी चाहिए।
इस मौके पर निगम आयुक्त धीरेंद्र खडग़टा ने नए नॉमिनेट सदस्यों को बधाई देते हुए कहा कि नगर निगम प्रशासन उनके साथ मिलकर शहर के विकास, सफाई, बुनियादी ढांचे और आमजन की सुविधा के लिए प्रतिबद्व है। फरीदाबाद शहर को तीन नए निगम सदस्य मिलने के साथ ही नगर निगम की कार्यप्रणाली को और गति मिलने की उम्मीद भी निगमायुक्त ने जताई।
फरीदाबाद नगर निगम महापौर द्वारा आज तीन मनोनीत सदस्यों सर्वश्री योगेश शर्मा, जसवंत सैनी और प्रियंका बिष्ट विधूनी को निगम सदस्य के रूप में शपथ दिलाने के पश्चात निगम सदन की एक और प्रक्रिया आज पूरी हो गई। इसके बाद माना यह जा रहा है कि अब फरीदाबाद नगर निगम सदन और अधिक तेज गति से शहर के विकास में अपनी सार्थक भूमिका निभाएगा।











