Metro Plus से Naveen Gupta की रिपोर्ट
Faridabad, 27 मार्च: नगर निगम फरीदाबाद और पॉल्यूशन विभाग की संयुक्त टीम ने आज डबुआ मंडी क्षेत्र में प्रतिबंधित पॉलिथीन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो दुकानदार से करीब 50 किलो पॉलिथीन जब्त करते हुए लगभग 35 हजार रुपये का चालान किया।
बता दें कि डबुआ मंडी के अंदर प्रतिबंधित पॉलिथीन बेचने की शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायत के आधार पर संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की, जहां दुकान पर प्रतिबंधित पॉलिथीन पाई गई। इसके बाद टीम ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए दुकानदार महेश यादव का 10 हजार और दूसरे दुकानदार पिंटू का 25 हजार रुपए का चालान कर पॉलिथीन को जब्त कर लिया।
यह कार्रवाई पॉल्यूशन विभाग फरीदाबाद के जेई साजिद खान तथा नगर निगम के सहायक सफाई इंस्पेक्टर अजीत रावत, राहुल धारीवाल और गजराज चौहान, नितिन शर्मा के नेतृत्व में की गई। नगर निगम आयुक्त धीरेंद्र खडग़टा के दिशानिर्देशों पर नगर निगम के संबंधित विभागों की संयुक्त टीम द्वारा यह कार्रवाई की गई है।
निगम आयुक्त धीरेंद्र खडग़टा ने शहरवासियों से अपील करते हुए कहा कि शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए सभी नागरिक सहयोग करें तथा प्रतिबंधित पॉलिथीन के उपयोग से बचें। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी प्रकार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।





