Metro Plus News
उद्योग जगतनगर निगमफरीदाबादराजनीतिहरियाणा

इको वन-विकास और पर्यावरण संरक्षण साथ-साथ चल सकते हैं: विपुल गोयल

Metro Plus से Naveen Gupta की रिपोर्ट।
Faridabad, 25 अप्रैल:
हरियाली बढ़ाने और लोगों को प्रकृति के प्रति जागरूक करने के लिए सेक्टर-15 स्थित गीता मंदिर के निकट विकसित नए इको वन ‘कृष्ण वाटिका’ का उद्वघाटन हरियाणा के कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने अपने जन्मदिवस के अवसर पर किया। इस हरित पहल को सी. दास फाउंडेशन द्वारा अमलीजामा पहनाया गया। इस अवसर पर विपुल गोयल द्वारा जहां पौधारोपण किया गया वहीं उनके जन्मदिन का केक भी काटा गया। इस अवसर पर समाजसेवी एवं उद्योगपति योगेश गुप्ता, एचके बतरा, आरएस गांधी, आरके चिलाना, आरके गोयल, सतीश परनामी, अश्विनी महाजन, नरेश शर्मा, सतीश भाटिया, अजय जुनेजा, आशू मेहरा, सी.दास ग्रुप के निदेशक आरके भाटिया, एफआईए के प्रधान राज भाटिया, विपिन भाटिया, मुकेश भाटिया सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

यह ‘कृष्ण वाटिका’ भगवान श्रीकृष्ण के जीवन दर्शन को भी दर्शाती है जहां प्रकृति, सादगी और संतुलन का संदेश मिलता है। एक समय ऐसा था जब इस स्थान पर कूड़े के ढेर लगे रहते थे लेकिन अब उसी जगह को विकसित कर एक सघन हरित क्षेत्र और छोटे जंगल के रूप में तैयार किया जा रहा है जो अपने आप में परिवर्तन की एक प्रेरणादायक मिसाल है। यह इको वन आधुनिक पर्यावरणीय मानकों को ध्यान में रखते हुए बनाया गया है जिसमें औषधीय पौधे, छायादार वृक्ष, बैठने की व्यवस्था और स्वच्छ पाथ-वे शामिल हैं।

इकोवन की श्रृंखला के तहत विकसित यह ‘कृष्णा वाटिका’ 11वां इको वन है जो शहर में हरित क्षेत्र बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। गर्मी के मौसम में भी पेड़ पौधों को साफ-रखने के लिए यहां मिस्ट तकनीक का भी इस्तेमाल किया गया है।

इस अवसर पर मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि मेरा मानना है कि विकास और पर्यावरण संरक्षण साथ-साथ चल सकते हैं। ‘कृष्ण वाटिका’ इसी सोच का प्रतीक है जहां एक ओर शहर को हरियाली मिल रही है, वहीं लोगों में प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी का भाव भी विकसित हो रहा है। तेजी से बढ़ते शहरीकरण के बीच हमें पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए ऐसे प्रयासों की सख्त जरूरत है। अगर हम आज प्रकृति की रक्षा करेंगे तो आने वाली पीढिय़ों को एक स्वस्थ और सुरक्षित भविष्य दे पाएंगे।

इस अवसर पर परफेक्ट ग्रेड ग्रुप के चेयरमैन डॉ.एचके बतरा ने 11 तथा अजय जुनेजा ने 5 इको वन बनाने की घोषणा मंत्री विपुल गोयल के कहने पर की।

कार्यक्रम में उपस्थित सी. दास ग्रुप के चेयरमैन एवं समाजसेवी बी.आर.भाटिया ने कहा कि जहां कभी कूड़े के ढेर लगे रहते थे, आज वहीं ‘कृष्ण वाटिका’ के रूप में हरियाली विकसित होना इस बात का प्रमाण है कि सकारात्मक सोच और सामूहिक प्रयास से असंभव भी संभव हो सकता है। हमारा उद्देश्य केवल पेड़ लगाना नहीं, बल्कि लोगों के मन में प्रकृति के प्रति प्रेम और जिम्मेदारी का भाव जगाना है। यह इको वन आने वाले समय में समाज के लिए एक प्रेरणा केंद्र बनेगा।

इस मौके पर स्थानीय निवासियों में भी ‘कृष्ण वाटिका’ को लेकर खासा उत्साह देखा गया। उनका मानना है कि यह पहल न केवल क्षेत्र की सुंदरता बढ़ाएगी बल्कि लोगों को स्वच्छ और हरित वातावरण भी प्रदान करेगी। उद्वघाटन समारोह में क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों और स्थानीय निवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

Related posts

30 जून तक जमा करें प्रॉपर्टी टैक्स, ब्याज होगा पूरी तरह माफ: सलोनी शर्मा

Metro Plus

FMS में हैप्पी क्लासरूम पर शिक्षकों के लिए सी.बी.एस.ई. क्षमता निर्माण कार्यक्रम का आयोजन किया गया

Metro Plus

सूरजकुंड मेले में जेल बंदियों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का जायजा लिया डीजीपी ने

Metro Plus