Metro Plus News
फरीदाबादराजनीतिहरियाणा

स्वच्छता मिशन को गति: गुरूग्राम-फरीदाबाद की सफाई व्यवस्था पर फोकस, बंधवाड़ी साइट को लेकर मनोहर लाल के बड़े निर्देश

Metro Plus से Naveen Gupta की रिपोर्ट।

Chandigarh, 2 जून: केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल ने गुरूग्राम स्थित बंधवाड़ी कचरा निस्तारण प्लांट का दौरा किया। उन्होंने अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने और नियमित सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान केंद्रीय मंत्री ने कहा कि बंधवाड़ी प्लांट में प्रतिदिन होने वाले कचरा निस्तारण कार्य की रिपोर्ट हर 24 घंटे में उनके पास भेजना सुनिश्चित किया जाए, ताकि कार्य की नियमित मॉनिटरिंग की जा सके।

एजेंसियों की संख्या बढ़ाने के निर्देश:-

बंधवाड़ी प्लांट में वर्तमान में दो एजेंसियां कचरा निस्तारण का कार्य कर रही हैं। केंद्रीय मंत्री ने साइट को जल्द से जल्द साफ करने के उद्वेश्य से एजेंसियों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कचरा निस्तारण कार्य में किसी प्रकार की ढिलाई नहीं होनी चाहिए तथा निर्धारित समय सीमा के भीतर साइट को पूरी तरह साफ किया जाए।

उन्होंने अधिकारियों को फ्रेश वेस्ट के निस्तारण के लिए अलग साइट की पहचान करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए, ताकि पुराने कचरे के निस्तारण कार्य में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।

एक वर्ष में बंधवाड़ी साइट साफ करने का लक्ष्य:-

निरीक्षण के उपरांत केंद्रीय मंत्री ने पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में गुरूग्राम व फरीदाबाद के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने कहा कि स्वच्छता नगर निगमों का प्राथमिक कार्य है और इसे सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ किया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में स्वच्छ भारत मिशन की समीक्षा की है। सरकार का लक्ष्य देश के 50 शहरों को चयनित कर उन्हें स्वच्छ, सुंदर और बेहतर शहरों के रूप में विकसित करना है। उन्होंने कहा कि शहर देश की पहचान होते हैं और विदेश से आने वाले लोग सबसे पहले इन्हीं शहरों को देखते हैं।

केंद्रीय मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बंधवाड़ी वेस्ट साइट को एक वर्ष के भीतर पूरी तरह साफ किया जाए। उन्होंने कहा कि यदि कार्य में किसी प्रकार की बाधा आती है तो उसे तत्काल दूर किया जाएगा।

नियमित ड्रोन सर्वे कराने के निर्देश:-

मनोहर लाल ने बैठक के दौरान बंधवाड़ी वेस्ट साइट की नियमित ड्रोन सर्वे कराने के निर्देश भी दिए, ताकि साइट पर हो रहे कार्य की पारदर्शी और प्रभावी निगरानी सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक के माध्यम से कार्य की गति और गुणवत्ता दोनों पर लगातार नजर रखी जा सकती है।

गुरूग्राम की सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाने पर जोर:-

केंद्रीय मंत्री ने गुरूग्राम की सफाई व्यवस्था को और अधिक मजबूत और प्रभावी बनाने पर जोर देते हुए कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर कहीं भी कूड़ा दिखाई नहीं देना चाहिए। उन्होंने शहर के सभी वार्डों को सात हिस्सों में विभाजित करने का सुझाव देते हुए कहा कि प्रत्येक हिस्से की जिम्मेदारी अतिरिक्त निगमायुक्त और संयुक्त आयुक्त स्तर के अधिकारियों को सौंपी जाए, ताकि क्षेत्रवार निगरानी और जवाबदेही सुनिश्चित हो सके। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शहर में स्वच्छता व्यवस्था को मिशन मोड में लागू किया जाए और नागरिकों को साफ एवं बेहतर वातावरण उपलब्ध कराया जाए।

इस अवसर पर जीएमडीए के CEO पीसी मीणा, DC उत्तम सिंह, पुलिस आयुक्त शिबास कविराज, नगर निगम फरीदाबाद के आयुक्त धीरेंद्र खडगटा और नगर निगम गुरूग्राम के आयुक्त प्रदीप दहिया अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।

Related posts

रणजी क्रिकेटर संजय भाटिया ने लगाए क्रिकेटर चेतन शर्मा पर HCA से डील करने के आरोप

Metro Plus

Omaxe World City के खिलाफ नगर निगम ने शिकंजा कसा, हो सकती है FIR भी दर्ज!

Metro Plus

युवा आगाज को सर्वश्रेष्ठ राज्य युवा क्लब पुरस्कार से नवाज कर सम्मानित किया गया

Metro Plus