Metro Plus News
नगर निगमफरीदाबादहरियाणा

शहर की सफाई व्यवस्था पर नगर निगम की नजर, 46 वार्डों में नोडल अधिकारी नियुक्त

सफाई कर्मचारियों की हाजिरी से लेकर कूड़ा उठान तक होगी निगरानी: परमजीत चहल
Metro Plus से Naveen Gupta की रिपोर्ट
Faridabad, 8 अक्टूबर:
नगर निगम आयुक्त यशेंद्र सिंह के दिशा-निर्देशों पर नगर निगम फरीदाबाद के अतिरिक्त आयुक्त परमजीत चहल एवं नगर निगम सलाहकार इंदरजीत कुलेरिया ने नगर निगम क्षेत्र के सभी वार्डों के सफाई निरीक्षकों, वेंडर्स एवं मास्टर ट्रेनर्स के साथ बैठक कर शहर की सफाई व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

नगर निगम के अतिरिक्त आयुक्त परमजीत चहल ने बताया कि शहर के सभी 46 वार्डों में नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की गई है। प्रत्येक वार्ड में नोडल अधिकारी के साथ 15 सदस्यीय कमेटी का गठन किया जाएगा। इन कमेटियों का गठन 15 अक्टूबर तक करने के निर्देश दिए गए हैं। संबंधित वार्ड के सफाई निरीक्षक जेई द्वारा कमेटी के सदस्यों का चयन किया जाएगा।

प्रत्येक वार्ड में नोडल अधिकारी के साथ 15 सदस्यीय कमेटी में सेवानिवृत्त व्यक्तियों, एनजीओ से जुड़े सदस्यों तथा आरडब्ल्यूए प्रतिनिधियों को शामिल किया जाएगा। कमेटी के सदस्य अपने-अपने वार्ड में सफाई व्यवस्था सहित अन्य समस्याओं पर नजर रखेंगे और उन्हें नोडल अधिकारियों के संज्ञान में लाएंगे, ताकि समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जा सके।

अतिरिक्त आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक वार्ड में जीवीपी, गार्बेज वल्नरेबल प्वाइंट, खत्ता, सेकेंडरी कूड़ा प्वाइंट सहित कूड़ा एकत्रित होने वाले सभी स्थानों को चिन्हित कर उनकी सूची तैयार की जाएगी, ताकि दोबारा कूड़ा जमा होने की स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके।

नोडल अधिकारी समय-समय पर सफाई कर्मचारियों की हाजिरी की जांच करेंगे तथा सफाई व्यवस्था की मौके पर जाकर निगरानी करेंगे। कूड़ा उठान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और संबंधित अधिकारियों को अपने क्षेत्रों में नियमित निरीक्षण सुनिश्चित करना होगा।

बैठक में अधिकारियों को प्रत्येक वार्ड में स्लम एरिया, रिहायशी क्षेत्र तथा कॉमर्शियल क्षेत्रों का आंकड़ा तैयार करने के भी निर्देश दिए गए, ताकि संबंधित क्षेत्रों में हर रोज कूड़ा उठान और सफाई व्यवस्था की प्रभावी योजना बनाई जा सके। इसके अतिरिक्त प्रत्येक वार्ड में कबाड़ा लेने वालों की सूची तैयार करने के निर्देश दिए गए।

नगर निगम फरीदाबाद में एडवाइजर इंद्रजीत कुलेरिया ने कहा कि शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने के लिए सफाई व्यवस्था की नियमित निगरानी, नागरिकों की सहभागिता और अधिकारियों की जवाबदेही को और मजबूत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नगर निगम के नियमों की गंभीरता से पालना सुनिश्चित करना और करवाना हमारी ड्यूटी है।

Related posts

नाटकों के मंचन द्वारा हम नाटक कला के प्रति लगाव पैदा कर सकते हैं: जितेंद्र सिंगला

Metro Plus

सूरजकुंड हस्तशिल्प मेले में इस बार का आकर्षण भारतवर्ष की पांचों ऋतुओं पर आधारित थीम होगी: सुमिता मिश्रा

Metro Plus

एसीपी एनआईटी शाकिर हुसैन ने दिया व्यापारियोंं को भयमुक्त होकर रहने का आश्वासन, व्यापारियोंं ने किया फूल-मालाओं से भव्य स्वागत

Metro Plus