आगजनी की घटनाओं के बाद नगर निगम अलर्ट, सभी जोन में शुरू होगा विशेष निरीक्षण अभियान
Metro Plus से Naveen Gupta की रिपोर्ट
Faridabad, 15 अक्टूबर: दिल्ली, लखनऊ और अब फरीदाबाद में हुई अग्निकांड की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए नगर निगम फरीदाबाद ने भी इस मामले में सख्त रवैया अपनाने की ठान ली है।
हरियाणा के मुख्यमंत्री के निर्देशों के बाद राज्य सरकार द्वारा सभी व्यावसायिक भवनों की अग्नि सुरक्षा के दृष्टिकोण से विशेष निरीक्षण करने के निर्देश जारी किए गए हैं। इन्हीं आदेशों को अमलीजामा पहनाने के उद्देश्य से पर नगर निगम फरीदाबाद द्वारा भी अपने अधिकार क्षेत्र में आने वाले सभी व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की व्यापक जांच अभियान शुरू किया जाएगा। निगम आयुक्त यशेन्द्र सिंह ने संबंधित अधिकारियों को एक महीने में अपने-अपने जोन की रिपोर्ट पेश करने के निर्देश दिए हैं।
नगर निगम आयुक्त यशेंद्र सिंह ने सभी संयुक्त आयुक्तों एवं सहायक अभियंताओं (प्रवर्तन) को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में स्थित सभी व्यावसायिक भवनों का तत्काल एवं विस्तृत निरीक्षण करें।
इस अभियान में विशेष रूप से कोचिंग सेंटर, अस्पताल एवं नर्सिंग होम, स्कूल, कॉलेज, हॉस्टल, गेस्ट हाउस, धार्मिक स्थान, मैरिज हॉल आदि को अपनी जरूरी अनिवार्यता पूरी करनी होगी।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों द्वारा अग्निशमन एवं अग्नि रोकथाम उपकरणों की उपलब्धता और कार्यशीलता, आपातकालीन निकासी मार्गों एवं निकास द्वारों की स्थिति, निर्धारित अग्नि सुरक्षा मानकों एवं नियमों के अनुपालन तथा आग लगने की स्थिति में जन-धन की हानि को रोकने हेतु किए गए सुरक्षा प्रबंधों की प्रभावशीलता की जांच की जाएगी।
नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सभी संबंधित अधिकारी निरीक्षण के उपरांत तथ्यात्मक रिपोर्ट निर्धारित प्रारूप में तैयार कर समयबद्व रूप से प्रस्तुत करेंगे, ताकि राज्य सरकार को विस्तृत अनुपालन रिपोर्ट भेजी जा सके।
नगर निगम ने सभी व्यावसायिक प्रतिष्ठानों, अस्पताल संचालकों, नर्सिंग होम प्रबंधन एवं कोचिंग संस्थानों से अपील की है कि वे अग्नि सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करें तथा निरीक्षण टीमों को आवश्यक सहयोग प्रदान करें। जनहित एवं सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। अब देखना है कि निगम अधिकारी क्या कार्यवाही अमल में लाते हैं।





