Metro Plus News
नगर निगमफरीदाबादहरियाणा

फरीदाबाद के होटल-रेस्टोरेट में प्रशासन की छापेमारी की तैयारी, तंदूर में कोयला मिला तो होगी कार्रवाई

होटल-रेस्टोरेंट में तंदूर के लिए कोयला-लकड़ी के इस्तेमाल पर रोक, जिलाधीश आयुष सिन्हा ने दिए सख्त निर्देश
Metro Plus से Naveen Gupta की रिपोर्ट।
Faridabad, 12 नवंबर:
शहर में बढ़ते वायु प्रदूषण पर नियंत्रण लगाने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त कदम उठाया है। जिलाधीश आयुष सिन्हा ने होटल, रेस्टोरेंट एवं खुले भोजनालयों में तंदूर के लिए कोयला एवं लकड़ी के ईंधन के उपयोग पर रोक लगाने के निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया है कि ऐसे सभी प्रतिष्ठानों में तंदूर एवं अन्य उपकरणों के संचालन के लिए केवल बिजली, गैस अथवा अन्य अनुमोदित स्वच्छ ईंधन आधारित उपकरणों का ही प्रयोग किया जाएगा।

जिलाधीश ने स्पष्ट किया कि वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि होटल, रेस्टोरेंट एवं खुले भोजनालयों में तंदूर के लिए कोयला/लकड़ी के ईंधन के उपयोग पर लागू प्रतिबंध के सख्त अनुपालन का प्रावधान किया गया है। इसके तहत संबंधित प्रतिष्ठानों को बिजली आधारित, गैस आधारित अथवा अन्य अनुमत स्वच्छ ईंधन आधारित उपकरणों का उपयोग करना अनिवार्य है।

आदेश के माध्यम से राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के लिए अनुमोदित ईंधनों की मानक सूची निर्धारित की गई है, जिसका उद्वेश्य स्वच्छ ईंधनों को बढ़ावा देना तथा वायु प्रदूषण को नियंत्रित करना है। इसके अनुपालन में हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (HSPCB ) द्वारा 21 जुलाई 2022 को आदेश जारी कर NCR तथा गैर-NCR क्षेत्रों के लिए अनुमोदित ईंधनों की सूची को अपनाया गया है। उक्त आदेश के अनुसार NCR क्षेत्र में अनुमोदित ईंधनों की सूची 1 जनवरी 2023 से पूर्ण रूप से लागू है।

इसी क्रम में CAQM द्वारा Direction No. 66 दिनांक 5 अगस्त 2022 के माध्यम से संशोधित GRAP जारी किया गया है, जिसमें स्पष्ट रूप से प्रावधान किया गया है कि होटल, रेस्टोरेंट एवं खुले भोजनालयों में कोयला/लकड़ी जिसमें तंदूर में इनका उपयोग भी शामिल है, की अनुमति नहीं होगी। ऐसे प्रतिष्ठानों को बिजली आधारित अथवा स्वच्छ गैस आधारित उपकरणों का उपयोग करना होगा।

जिलाधीश आयुष सिन्हा ने कहा है कि पारंपरिक तंदूरों में कोयला एवं लकड़ी जलाने से पार्टिकुलेट मैटर सहित विभिन्न वायु प्रदूषकों का उत्सर्जन होता है, जिससे विशेषकर वायु गुणवत्ता खराब होने की अवधि में पर्यावरण एवं जनस्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में वायु गुणवत्ता को बेहतर बनाए रखने के लिए CAQM द्वारा जारी निर्देशों का प्रभावी एवं समन्वित क्रियान्वयन आवश्यक है।

जिलाधीश आयुष सिन्हा द्वारा जारी निर्देशों के तहत नगर निगम फरीदाबाद तथा हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, फरीदाबाद क्षेत्र के क्षेत्रीय अधिकारियों को होटल, रेस्टोरेंट एवं खुले भोजनालयों में तंदूर के लिए कोयला एवं लकड़ी के उपयोग पर रोक का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही इन प्रतिष्ठानों में बिजली, गैस अथवा अन्य अनुमोदित स्वच्छ ईंधन आधारित उपकरणों के उपयोग की भी जांच की जाएगी।

प्रतिदिन देनी होगी कार्रवाई की रिपोर्ट:-
जिलाधीश ने सभी अधिकारियों को नगर निगम और संबंधित प्रवर्तन एजेंसियों को प्रतिदिन किए गए निरीक्षण, पाए गए उल्लंघनों तथा की गई कार्रवाई से संबंधित Action Taken Report संबंधित क्षेत्रीय अधिकारी को प्रस्तुत करनी होगी। सभी संबंधित विभागों एवं अधिकारियों को आदेश का अक्षरश: एवं प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

जिलाधीश आयुष सिन्हा ने स्पष्ट किया है कि ये निर्देश तत्काल प्रभाव से लागू होंगे तथा संबंधित कानूनों, CAQM अथवा अन्य सक्षम प्राधिकारी द्वारा समय-समय पर जारी आगामी निर्देशों के अधीन प्रभावी रहेंगे। उन्होंने सभी होटल, रेस्टोरेंट एवं खुले भोजनालय संचालकों से अपील की है कि वे तंदूर में कोयला एवं लकड़ी का प्रयोग तत्काल बंद कर केवल अनुमोदित स्वच्छ ईंधन आधारित उपकरणों का उपयोग करें तथा वायु गुणवत्ता सुधारने के सामूहिक प्रयासों में सहयोग करें।

Related posts

जनता की कोई भी समस्या विपुल गोयल की अपनी समस्या है: अमन गोयल

Metro Plus

मानव रचना में 10वें कॉरपोरेट क्रिकेट चैलेंज कप का जोर-शोर से हुआ आगाज

Metro Plus

नाहर सिंह स्टेडियम में तहसील ना बनाए जाने को लेकर संजय भाटिया ने आक्रामक तेवर अपनाए

Metro Plus