कूड़ा जलाने और पॉलीथिन इस्तेमाल करने वालों पर निगम की सख्ती
Metro plus से Naveen Gupta की रिपोर्ट
Faridabad, 13 नवंबर: शहर को स्वच्छ एवं प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए नगर निगम द्वारा प्रतिबंधित पॉलीथिन के इस्तेमाल, सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा फेंकने, कूड़े में आग लगाने तथा अन्य नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत नगर निगम की विभिन्न जोन की टीमों ने कुल 147 चालान किए हैं।
नगर निगम की कार्रवाई के तहत एनआईटी जोन-86 में 35, एनआईटी जोन-87 में 16, ओल्ड जोन-1 में 34, ओल्ड जोन-2 में 24 तथा बल्लभगढ़ जोन में 38 चालान किए गए हैं।
वहीं, उल्लंघन के मामलों में सबसे अधिक 77 चालान सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा डालने वालों के किए गए। वहीं प्रतिबंधित पॉलीथिन के इस्तेमाल पर 48, कूड़े में आग लगाने पर 16, एक चालान मीट की दुकान तथा पांच चालान सीएंडडी वेस्ट निर्माण एवं विध्वंस कचरा से संबंधित नियमों के उल्लंघन पर किए गए हैं।
नगर निगम आयुक्त यशेंद्र सिंह ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि वे कूड़े में आग न लगाएं और सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा न फेंकें। उन्होंने कहा कि पर्यावरण को सुरक्षित रखने और शहर को स्वच्छ बनाने के लिए प्रत्येक नागरिक की भागीदारी जरूरी है। सभी नागरिक स्वच्छता नियमों का पालन करें और नगर निगम के अभियान में सहयोग दें।
नगर निगम आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों एवं चालानिंग टीमों को निर्देश दिए हैं कि सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा डालने, कूड़े में आग लगाने, प्रतिबंधित पॉलीथिन का इस्तेमाल करने तथा ग्रेप (GRAP) के नियमों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई जारी रखी जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शहर में प्रदूषण नियंत्रण और स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नगर निगम का यह विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।





