Metro Plus से Naveen Gupta की रिपोर्ट।
Faridabad, 26 मई: फरीदाबाद मॉडल स्कूल द्वारा विद्यालय परिसर में सशक्त संबंध, समृद्ध विकास (Connect and Cultivate) विषय पर एक प्रेरणादायक एवं ज्ञानवर्धक अभिभावक संगोष्ठी का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। इस संगोष्ठी का उद्वेश्य अभिभावकों और शिक्षकों के मध्य सशक्त समन्वय स्थापित करना तथा विद्यार्थियों के समग्र विकास एवं मानसिक स्वास्थ्य को बढ़ावा देना था।
कार्यक्रम में अभिभावकों, शिक्षकों एवं विद्यालय प्रशासन ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। संगोष्ठी के दौरान सकारात्मक अभिभावकत्व, प्रभावी संवाद तथा बच्चों के लिए घर और विद्यालय दोनों स्थानों पर सहयोगात्मक एवं प्रेरणादायक वातावरण तैयार करने की आवश्यकता पर विशेष रूप से विचार-विमर्श किया गया।
विद्यालय के निदेशक उमंग मलिक ने उपस्थित अभिभावकों का स्वागत करते हुए कहा कि बच्चों के शैक्षणिक, सामाजिक एवं व्यक्तिगत विकास में अभिभावकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। इस अवसर पर विशेषज्ञ वक्ताओं एवं काउंसलर्स ने आधुनिक पालन-पोषण, विद्यार्थियों में तनाव प्रबंधन, डिजिटल संतुलन तथा आत्मविश्वास बढ़ाने से जुड़े उपयोगी सुझाव साझा किए।
संगोष्ठी के संवादात्मक सत्रों में अभिभावकों को अपने विचार एवं समस्याएं साझा करने का अवसर प्राप्त हुआ। साथ ही उन्हें वर्तमान शिक्षा प्रणाली से जुड़ी चुनौतियों एवं उनके प्रभावी समाधानों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। विभिन्न गतिविधियों और चर्चाओं के माध्यम से अभिभावकों को बच्चों की शिक्षा तथा भावनात्मक विकास में सक्रिय सहभागिता निभाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान आयोजकों ने बताया कि इस पहल का मुख्य उद्वेश्य विद्यालय और परिवार के बीच आपसी विश्वास एवं सहयोग को सुदृढ़ करना है, ताकि प्रत्येक विद्यार्थी को उचित मार्गदर्श नए प्रेरणा और सहयोग प्राप्त हो सके।
कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। अभिभावकों ने विद्यालय की इस सराहनीय पहल की प्रशंसा करते हुए इसे बच्चों के उज्ज्वल भविष्य एवं बेहतर व्यक्तित्व विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।






