Metro Plus News
फरीदाबादहरियाणा

रॉन्ग साइड ड्राइविंग और अवैध पार्किंग पर फरीदाबाद पुलिस का शिकंजा, एक्सप्रेसवे-NH-44 पर विशेष अभियान

फरीदाबाद ट्रैफिक पुलिस एक्शन मोड में, रॉन्ग साइड ड्राइविंग करने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई

Metro Plus से Naveen Gupta की रिपोर्ट।

Faridabad, 16 जून: जिले में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित एवं सुगम बनाने के उद्वेश्य से फरीदाबाद यातायात पुलिस ने बड़ा कदम उठाया है। केजीपी, (कुंडली-गाजियाबाद-पलवल) एक्सप्रेसव, मुंबई-वडोदरा एक्सप्रेसवे तथा राष्ट्रीय राजमार्ग-44 (दिल्ली-मथुरा रोड़) पर रॉन्ग साइड ड्राइविंग और अवैध पार्किंग के खिलाफ कार्यवाही के लिए जोनल अधिकारियों (ZO) को निर्देश दिए गए हैं। इस दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरूद्ध चालान के साथ-साथ आवश्यक कानूनी कार्यवाही भी की जाएगी।

DCP ट्रैफिक जयवीर सिंह की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में एसीपी ट्रैफिक-II विकास कुमार, यातायात थाना प्रभारी निरीक्षक अनोज कुमार सहित सभी ट्रैफिक जोन के अधिकारी और यातायात पुलिसकर्मी उपस्थित रहे। बैठक में जिले के प्रमुख राष्ट्रीय राजमार्ग और एक्सप्रेसवे पर यातायात व्यवस्था, सड़क सुरक्षा उपायों तथा दुर्घटनाओं के कारणों की विस्तार से समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान DCP ट्रैफिक जयवीर सिंह ने कहा कि हाल के वर्षों में एक्सप्रेसवे और राष्ट्रीय राजमार्गों पर होने वाली कई गंभीर दुर्घटनाओं के पीछे रॉन्ग साइड ड्राइविंग एक प्रमुख कारण बनकर सामने आई है। कई वाहन चालक समय बचाने या लंबा चक्कर लगाने से बचने के लिए गलत दिशा में वाहन चला देते हैं, जिससे आमने-सामने की टक्कर जैसी गंभीर दुर्घटनाएं होती हैं। ऐसे मामलों में न केवल वाहन चालकों बल्कि अन्य निर्दोष लोगों की जान भी खतरे में पड़ जाती है।

उन्होंने निर्देश दिए कि रॉन्ग साइड वाहन चलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही की जाए। इसके लिए संवेदनशील स्थानों, कट प्वाइंट्स, यू-टर्न तथा सर्विस रोड़ के आसपास विशेष निगरानी रखी जाएगी। जहां आवश्यकता होगी, वहां पुलिसकर्मियों की अतिरिक्त तैनाती भी की जाएगी।

बैठक के दौरान यह भी सामने आया कि एक्सप्रेसवे और राष्ट्रीय राजमार्गों पर कई बार वाहन चालक सड़क किनारे, पुल के नीचे, सर्विस रोड़ या प्रतिबंधित क्षेत्रों में अपने वाहन खड़े कर देते हैं। जिससे यातायात प्रभावित होने के साथ-साथ दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ जाता है। कई मामलों में तेज गति से आ रहे वाहन अचानक खड़े वाहनों से टकरा जाते हैं, जिसके कारण गंभीर हादसे होते हैं। इसे देखते हुए DCP ट्रैफिक ने अवैध पार्किंग के खिलाफ भी कार्यवाही करने के निर्देश दिए हैं।

उन्होंने कहा कि सड़क किनारे खड़े ट्रक, डंपर, बसें और अन्य भारी वाहन दुर्घटनाओं का बड़ा कारण बनते हैं। ऐसे वाहनों के खिलाफ नियमानुसार चालान करने के साथ-साथ आवश्यक होने पर उन्हें जब्त करने की कार्यवाही भी की जाएगी। संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित निरीक्षण करें और किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतें।

बैठक के दौरान दुर्घटना संभावित (ब्लैक स्पॉट) क्षेत्रों की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि ऐसे स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाए तथा आवश्यकता अनुसार चेतावनी संकेतक, रिफ्लेक्टर और अन्य सुरक्षा उपायों को सुनिश्चित कराया जाए।

फरीदाबाद यातायात पुलिस द्वारा सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। केजीपी एक्सप्रेसवे, मुंबई-वडोदरा एक्सप्रेसवे एवं NH-44 पर लगातार निगरानी और कार्यवाही की जाएगी। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी सख्त कार्यवाही जारी रहेगी, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके और नागरिकों को सुरक्षित यातायात व्यवस्था उपलब्ध कराई जा सके।

Related posts

कोरोना वायरस से बचाव के लिए सावधानी जरूरी: Yashpal

Metro Plus

मतदाता अपने वोट का प्रयोग जरूर करें: भाटिया

Metro Plus

Chief Minister Mr. Manohar Lal presiding over a meeting regarding discontinuing the stage of interview for junior level posts

Metro Plus