Metro Plus News
नगर निगमफरीदाबादहरियाणा

निगम आयुक्त धीरेंद्र खडग़टा और जॉइंट कमिश्नर अनिल यादव के आश्वासन पर खत्म हुआ प्रतापगढ़ धरना

धीरेंद्र खडग़टा का बड़ा आश्वासन: प्रतापगढ़ कूड़ा प्लांट 6 माह में शिफ्ट करने की तैयारी

Metro Plus से Naveen Gupta की रिपोर्ट।

Faridabad, 14 जुलाई: प्रतापगढ़ स्थित कूड़ा कचरा प्रोसेसिंग प्लांट पर कूड़ा डाले जाने के विरोध में चल रहे विरोध प्रदर्शन के बीच नगर निगम आयुक्त धीरेंद्र खडग़टा ने ग्रामीणों और स्थानीय प्रतिनिधियों के साथ सकारात्मक बैठक की। उन्होंने प्रतिनिधिमंडल को स्पष्ट किया कि नगर निगम का उद्वेश्य प्रतापगढ़ में कूड़े का ढेर लगाना या क्षेत्र में गंदगी फैलाना नहीं है, बल्कि यहां आने वाले ठोस अपशिष्ट का वैज्ञानिक तरीके से प्रोसेसिंग एवं निस्तारण करना है। उन्होंने कहा कि नगर निगम पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता के मानकों के अनुरूप कार्य कर रहा है।

निगम आयुक्त धीरेंद्र खडग़टा ने समिति को आश्वस्त किया कि आगामी छह माह के भीतर प्रतापगढ़ में कूड़ा डाला जाना पूरी तरह बंद करने का प्रयास किया जाएगा। इसके लिए अन्य स्थान चिन्हित करने की प्रक्रिया जारी है। साथ ही शहर के अन्य स्थानों पर भी नए प्रोसेसिंग प्लांट स्थापित किए जा रहे हैं, ताकि किसी एक स्थान पर कूड़े का अत्यधिक दबाव न पड़े और पूरे शहर में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था बेहतर ढंग से संचालित हो सके।

गौरतलब रहे कि निगम के जॉइंट कमिश्नर अनिल यादव धरना स्थल पर पहुंचे थे, उन्होंने प्रदर्शनकारियों को नगर निगम की योजना एवं आश्वासन से अवगत कराया। उन्होंने यह भी भरोसा दिलाया कि यहां पर कूड़ा लेकर आने वाली गाडिय़ां नियमों का पालन करेंगी, ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

निगम आयुक्त के आश्वासन के बाद समिति के सदस्यों ने धरना समाप्त करने की दिशा में सकारात्मक रूख व्यक्त किया। निगम आयुक्त ने जॉइंट कमिश्नर अनिल यादव को धरना स्थल पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों से संवाद स्थापित करने और नगर निगम के विजन से उन्हें अवगत कराने तथा आपसी सहमति से धरना समाप्त कराने के निर्देश दिए थे, जॉइंट कमिश्नर अनिल यादव मौके पर पहुंचे और निगम आयुक्त द्वारा दिए गए आश्वासन को सभी के समक्ष रखा जिस पर कमेटी और धरना स्थल पर मौजूद सभी ग्रामीणों ने सहमति जताते हुए धरना समाप्त किया।

बैठक में समिति की ओर से सुदेश कुमार डागर, सतपाल, पवन मोर, बलजीत कौशिक, हेमंत बरूआ एवं आशीष चिकारा उपस्थित रहे। वहीं नगर निगम की ओर से जॉइंट कमिश्नर अनिल यादव, चीफ इंजीनियर विवेक गिल, अधीक्षण अभियंता ओमवीर सिंह, कार्यकारी अभियंता मनदीप सिंह, कार्यकारी अभियंता अजय पंघाल सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।

Related posts

World Hearing Day के संबंध में उपायुक्त ने अधिकारियों की बैठक ली

Metro Plus

Kundan Green Valley स्कूल के संस्थापक शिवलाल शर्मा और लक्ष्मी देवी शर्मा की रस्म पगड़ी रविवार, 17 दिसम्बर को

Metro Plus

FSIA ने स्वच्छता अभियान चलाकर लोगों को किया जागरूक

Metro Plus