Metro Plus News
नगर निगमफरीदाबादराजनीतिराष्ट्रीयहरियाणा

हरियाणा के 11 नगर निगमों में दो ‘कानूनी कसौटी’ पर फेल, मानेसर और अंबाला नगर निगमों के अस्तित्व पर सवाल उठे!

20.42 लाख आबादी के साथ फरीदाबाद सबसे बड़ा, मात्र 1.62 लाख जनसंख्या वाला मानेसर सबसे छोटा निगम
नगर निगम कानून में न्यूनतम तीन लाख आबादी का प्रावधान, अम्बाला भी निर्धारित सीमा से 42 हजार कम
Metro Plus से Naveen Gupta की रिपोर्ट।
Chandigarh, 27 जुलाई:
हरियाणा के शहरी प्रशासन से जुड़ा एक ऐसा तथ्य सामने आया है जिसने प्रदेश के दो नगर निगमों के कानूनी दर्जे पर ही सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रदेश सरकार के शहरी स्थानीय निकाय विभाग द्वारा हालिया जारी आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार हरियाणा के 11 नगर निगमों में से मानेसर और अम्बाला नगर निगमों की आबादी हरियाणा नगर निगम अधिनियम, 1994 में निर्धारित न्यूनतम तीन लाख की सीमा से कम है। इनमें मानेसर की जनसंख्या तो आवश्यक सीमा की लगभग आधी ही है।
शहरी निकाय विभाग की वेबसाइट पर उपलब्ध और 16 जुलाई, 2026 तक अपडेट आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार फरीदाबाद नगर निगम 20,42,186 की आबादी के साथ प्रदेश का सबसे बड़ा नगर निगम है, जबकि मानेसर नगर निगम मात्र 1,62,617 की आबादी के साथ सबसे छोटा है। दूसरी ओर अम्बाला नगर निगम की आधिकारिक जनसंख्या 2,57,942 दर्ज है जो कानून में निर्धारित न्यूनतम सीमा से 42,058 कम है।

सरकारी वेबसाइट पर उपलब्ध ताजा आंकड़ों का विश्लेषण:-
पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में एडवोकेट एवं म्युनिसिपल कानून विशेषज्ञ हेमंत कुमार ने शहरी स्थानीय निकाय विभाग की वेबसाइट पर उपलब्ध आधिकारिक आंकड़ों का विश्लेषण करते हुए बताया कि प्रत्येक नगर निकाय की जनसंख्या का स्रोत हरियाणा सरकार का सिटीजन रिसोर्सेज इन्फॉर्मेशन डिपार्टमेंट है और यह आंकड़े 16 जुलाई, 2026 तक अद्यतन हैं।
उन्होंने बताया कि नगर निकायों में पंजीकृत संपत्तियों का डेटा विभाग के प्रॉपर्टी टैक्स पोर्टल से लिया गया है जबकि क्षेत्रफल संबंधी आंकड़े विभाग की जीआईएस प्रणाली के अनुसार 7 मई, 2026 तक अपडेट हैं।

फरीदाबाद सबसे बड़ा, मानेसर सबसे छोटा:-
जनसंख्या के आधार पर प्रदेश के नगर निगमों की स्थिति इस प्रकार है-
नगर निगम आधिकारिक जनसंख्या
फरीदाबाद 20,42,186
गुरूग्राम 11,31,859
पानीपत 6,97,159
यमुनानगर 5,47,091
रोहतक 4,66,254
करनाल 4,12,933
हिसार 3,86,112
सोनीपत 3,79,994
पंचकूला 3,01,568
अम्बाला 2,57,942
मानेसर 1,62,617
क्षेत्रफल के लिहाज से 297.99 वर्ग किलोमीटर के साथ गुरूग्राम प्रदेश का सबसे बड़ा नगर निगम है जबकि फरीदाबाद 285.89 वर्ग किलोमीटर के साथ दूसरे स्थान पर है।

कानून क्या कहता है?
एडवोकेट हेमंत ने बताया कि हरियाणा नगर निगम अधिनियम, 1994 की धारा 3(2) के परन्तुक के अनुसार किसी क्षेत्र में नगर निगम स्थापित करने के लिए न्यूनतम तीन लाख जनसंख्या होना आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि जब सरकार के अपने ही आधिकारिक आंकड़े अम्बाला और मानेसर नगर निगमों की आबादी तीन लाख से कम दर्शा रहे हैं, तब इन दोनों नगर निगमों के कानूनी अस्तित्व और वैधता पर गंभीर प्रश्न स्वाभाविक रूप से खड़े होते हैं।


चुनाव से पहले भी उठाया था मुद्दा?
हेमंत कुमार ने बताया कि उन्होंने मार्च 2025 में मानेसर नगर निगम के पहले आम चुनाव तथा मई 2026 में अम्बाला नगर निगम के चुनाव से पूर्व हरियाणा राज्य निर्वाचन आयोग तथा शहरी स्थानीय निकाय विभाग के आयुक्त एवं सचिव, निदेशक सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों को कानूनी नोटिस भेजकर आग्रह किया था कि चुनाव कराने से पहले दोनों नगर निगमों की आधिकारिक जनसंख्या कानून के अनुरूप न्यूनतम तीन लाख सुनिश्चित की जाए।
उनका कहना है कि आज तक न तो इस संबंध में कोई कार्रवाई की गई और न ही उनके नोटिस का कोई उत्तर दिया गया।

नए नगर निकाय कानून में भी बरकरार है तीन लाख की शर्त:-
हेमंत ने बताया कि दिसंबर 2025 में हरियाणा विधानसभा द्वारा पारित हरियाणा नगर निकाय विधेयक, 2025 में भी नगर निगम के गठन के लिए न्यूनतम तीन लाख की जनसंख्या का प्रावधान यथावत रखा गया है। यह विधेयक राज्यपाल द्वारा राष्ट्रपति की स्वीकृति के लिए भेजा जा चुका है और वर्तमान में विचाराधीन है।
उन्होंने कहा कि इससे स्पष्ट है कि राज्य सरकार स्वयं भी नगर निगम गठन के लिए तीन लाख की न्यूनतम आबादी के सिद्वांत को आवश्यक मानती है। ऐसे में अम्बाला और मानेसर नगर निगमों की वर्तमान स्थिति पर सरकार को स्पष्ट रूख अपनाना चाहिए।

बढ़ सकती है कानूनी बहस:
नगर निगम गठन के लिए न्यूनतम जनसंख्या का प्रावधान स्वयं कानून में निहित होने और सरकार के आधिकारिक आंकड़ों में दो नगर निगमों की आबादी निर्धारित सीमा से कम होने के कारण यह मामला अब केवल प्रशासनिक नहीं, बल्कि कानूनी बहस का भी विषय बन सकता है। आने वाले समय में इस मुद्दे पर सरकार की स्थिति और न्यायिक परीक्षण दोनों पर सबकी नजर रहेगी।

Related posts

World Cancer Day: 2 जिलों में डे-केयर कैंसर केंद्रोंं ने किया संचालन शुरू: डॉ. सुमिता मिश्रा

Metro Plus

वैष्णोदेवी मंदिर से निकाली गई भगवान भोले व माता पार्वती की बारात

Metro Plus

पार्कों और ग्रीन बेल्ट को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए MCF संस्थाओं के साथ मिलकर कार्य करेगा: धीरेन्द्र खडग़टा

Metro Plus