Metro Plus News
फरीदाबादराजनीतिहरियाणा

ग्रीवेंस कमेटी मीटिंग में विपुल गोयल का अधिकारियों को सख्त संदेश, जनहित के मामलों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी!

नूंह में जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक में जन-समस्याओं पर हुई सुनवाई, अधिकारियों को समयबद्ध समाधान और जवाबदेही के दिए सख्त निर्देश 

Metro Plus से Naveen Gupta की रिपोर्ट।

Nuh, 27 जुलाई: जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति (ग्रीवेंस कमेटी) की बैठक हरियाणा सरकार के कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में आमजन से प्राप्त शिकायतें संवेदनशीलता और पूर्ण उत्तरदायित्व के साथ विस्तारपूर्वक सुनवाई की गई। इस दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 14 शिकायतों पर विचार किया गया जिनमें से अधिकारियों ने तत्परता दिखाते हुए 11 शिकायतों का मौके पर ही समाधान कर दिया, जबकि शेष 3 मामलों के शीघ्र एवं प्रभावी निस्तारण के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को स्पष्ट एवं कड़े दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि हरियाणा सरकार का मूल ध्येय लोक कल्याण है और उसी भावना के साथ प्रदेश के प्रत्येक नागरिक की सेवा, सुरक्षा एवं हितों की रक्षा सुनिश्चित की जा रही है। 

उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता केवल शिकायतें सुनना नहीं, बल्कि उनका समयबद्ध, निष्पक्ष एवं स्थायी समाधान सुनिश्चित करना है। इसी उद्देश्य से अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने तथा प्रत्येक लंबित प्रकरण का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

कैबिनेट मंत्री ने अधिकारियों को दो-टूक शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि जनहित से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही, उदासीनता अथवा गैर-जिम्मेदाराना रवैया स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रत्येक अधिकारी अपनी जिम्मेदारी को पूरी ईमानदारी, संवेदनशीलता एवं जवाबदेही के साथ निभाए, अन्यथा उसके विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी निर्दोष व्यक्ति के साथ अन्याय नहीं होना चाहिए। शासन-प्रशासन की जिम्मेदारी है कि प्रत्येक नागरिक को न्याय मिले और उसकी समस्या का निष्पक्ष एवं पारदर्शी समाधान निर्धारित समय सीमा के भीतर किया जाए। प्रशासन का आचरण ऐसा होना चाहिए जिससे आमजन का विश्वास शासन व्यवस्था में निरंतर मजबूत हो।

बैठक के दौरान एक विद्यालय की बाउंड्री वॉल निर्माण का मामला सामने आने पर कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने तत्काल  लगभग 15 लाख रुपये की राशि स्वीकृत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि विद्यालय की बाउंड्री वॉल का निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ होकर पूरी तरह पूर्ण किया जाए, ताकि विद्यार्थियों की सुरक्षा एवं विद्यालय का शैक्षणिक वातावरण बेहतर बनाया जा सके।

उन्होंने कहा कि जिले के किसी भी विद्यालय में मूलभूत सुविधाओं का अभाव स्वीकार नहीं किया जाएगा। बच्चे हमारे देश का भविष्य हैं और उनके बेहतर भविष्य के निर्माण में किसी प्रकार की कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी। विद्यार्थियों को सुरक्षित वातावरण, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा तथा आवश्यक सभी सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

कैबिनेट मंत्री ने जिला शिक्षा अधिकारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि एक माह के भीतर जिले के सभी सरकारी विद्यालयों का व्यापक निरीक्षण किया जाए तथा प्रत्येक विद्यालय में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था एवं आवश्यक विकास कार्यों की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। उन्होंने कहा कि जहां भी किसी प्रकार की कमी पाई जाए, वहां तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार सबकी सुरक्षा और सबके कल्याण के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है। इसी उद्देश्य से जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक प्रत्येक माह आयोजित की जाती है, ताकि आमजन की समस्याओं को सीधे सुना जा सके, उनकी शिकायतों का प्रभावी समाधान किया जा सके तथा प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक जवाबदेह बनाया जा सके।

कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि इन बैठकों के माध्यम से सभी विभागों के अधिकारियों की जवाबदेही तय होती है। इससे यह सुनिश्चित होता है कि आम नागरिकों को सरकारी कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर न लगाने पड़ें तथा उनकी समस्याओं का समाधान समयबद्ध, पारदर्शी एवं प्रभावी ढंग से हो। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता मानते हुए प्रत्येक शिकायत का निस्तारण संवेदनशीलता, निष्पक्षता एवं पूर्ण पारदर्शिता के साथ किया जाए।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार सुशासन, पारदर्शिता, जवाबदेही एवं सेवा भाव के सिद्धांतों पर कार्य करते हुए प्रदेश के प्रत्येक नागरिक तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने और जनसमस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। सरकार का उद्देश्य ऐसी प्रशासनिक व्यवस्था विकसित करना है, जहां प्रत्येक नागरिक को सम्मान मिले, उसकी बात सुनी जाए और उसकी समस्या का समाधान समयबद्ध रूप से हो। इसी सोच के साथ प्रदेश के सर्वांगीण विकास और जनकल्याण के संकल्प को निरंतर गति प्रदान की जा रही है।

Related posts

औद्योगिक संगठनों व सरकार द्वारा मिलकर औद्योगिक क्षेत्रों को नियमित करने की ओर कदम बढ़ाए जाएंगे: विपुल गोयल

Metro Plus

पत्रकार देशपाल सौरोत बने एनयूजेआई के मुख्य संरक्षक

Metro Plus

सेक्टर-15A के निवासी नारकीय जीवन जीने को मजबूर

Metro Plus