तीज जैसे आयोजन महिलाओं को एकजुट होने का देते हैं अवसर: नेहा गर्ग
Metro Plus से Jaspreet Kaur की रिपोर्ट।
Faridabad, 10 अगस्त: आरोहण ट्रस्ट की ओर से हरियाली तीज के पावन अवसर पर तीज उत्सव का भव्य आयोजन हर्षोल्लास और पारंपरिक रंगों के साथ किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और सावन के गीतों, नृत्य, मनोरंजक गतिविधियों एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से तीज के उत्सव को यादगार बनाया।
आरोहण ट्रस्ट द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम का उद्वेश्य भारतीय संस्कृति, परंपराओं और लोक पर्वों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के साथ-साथ महिलाओं को एक ऐसा मंच प्रदान करना रहा, जहां वे आपसी मेल-जोल, खुशियों और उत्साह के साथ त्योहार का आनंद ले सकें। कार्यक्रम में महिलाओं ने पारंपरिक परिधानों में सजकर तीज की सुंदरता को और भी बढ़ा दिया।
कार्यक्रम के दौरान सावन के पारंपरिक गीतों और लोकधुनों पर महिलाओं ने जमकर नृत्य किया। परिसर में झूले, संगीत और तीज से जुड़ी विभिन्न मनोरंजक गतिविधियों ने पूरे माहौल को उत्सवमय बना दिया। महिलाओं ने एक-दूसरे को तीज की शुभकामनाएं दीं और भारतीय संस्कृति की समृद्ध परंपराओं को उत्साह के साथ मनाया।
इस अवसर पर आरोहण ट्रस्ट की अध्यक्ष नेहा गर्ग ने कहा कि आज के आधुनिक दौर में अपनी संस्कृति और परंपराओं से जुडऩा बेहद जरूरी है। ऐसे आयोजन महिलाओं को एक साथ आने और अपनी सांस्कृतिक विरासत को उत्साहपूर्वक मनाने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि आरोहण ट्रस्ट भविष्य में भी सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से समाज को जोडऩे का प्रयास करता रहेगा।
इस अवसर पर नेहा गर्ग, आंचल गर्ग, सोनिया यादव, दीप्ति ठक्कर, शिल्पी शर्मा, संगीता शर्मा, प्रियंका छाबड़ा, जूही सिंह, नेहा दुबे और कोमल अग्रवाल सहित ट्रस्ट से जुड़ी महिलाओं ने कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सभी ने मिलकर आयोजन की व्यवस्थाओं को संभाला और विभिन्न गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भागीदारी की।
इस अवसर पर मेयर प्रवीन बत्रा जोशी और बडख़ल के विधायक धनेश अदलखा की धर्मपत्नी सोनाली अदलखा ने कहा कि हरियाली तीज केवल एक त्योहार नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, पारिवारिक रिश्तों, महिला शक्ति और सामाजिक एकजुटता का प्रतीक है। सावन के महीने में मनाया जाने वाला यह पर्व महिलाओं के जीवन में उमंग, उत्साह और खुशियों का संदेश लेकर आता है।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं के लिए विभिन्न मनोरंजक खेल एवं गतिविधियां भी आयोजित की गईं। प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह के साथ इन गतिविधियों में हिस्सा लिया। तीज की पारंपरिक वेशभूषा में सजी महिलाओं ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई और सभी ने सावन के गीतों पर जमकर आनंद लिया।
आयोजन के अंत में आरोहण ट्रस्ट की ओर से सभी प्रतिभागियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया गया। ट्रस्ट पदाधिकारियों ने कहा कि भारतीय संस्कृति और त्योहारों को जीवंत बना, रखने के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं। ऐसे आयोजन समाज में आपसी भाईचारे, महिला सहभागिता और सांस्कृतिक चेतना को मजबूत करते हैं।
आरोहण ट्रस्ट द्वारा आयोजित हरियाली तीज उत्सव ने सावन की खुशियों, भारतीय संस्कृति और महिला शक्ति का सुंदर संगम प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में शामिल सभी महिलाओं के चेहरे पर उत्साह और खुशी साफ दिखाई दी और पूरा आयोजन यादगार बन गया।



















