सावन के गीतों पर झूमीं महिलाएं, खुशबू शर्मा बनीं तीज क्वीन
Metro Plus से Naveen Gupta की रिपोर्ट।
बल्लभगढ़, 10 अगस्त: अग्रवाल समिति बल्लभगढ़ द्वारा चावला कॉलोनी स्थित अग्रवाल धर्मशाला में हरियाली तीज उत्सव-2026 बड़े उत्साह और धूमधाम से मनाया गया। समिति के प्रवक्ता ललित गोयल एवं अध्यक्ष जितेंद्र सिंगला ने बताया कि समिति विगत 6 वर्षों से लगातार हरियाली तीज उत्सव मनाती आ रही है। समिति द्वारा लगातार आयोजित किए जा रहे तीज उत्सव की सफलता से प्रेरित होकर इस बार नगर की विभिन्न संस्थाओं द्वारा तीज उत्सव आयोजित किए गए। कार्यक्रम में केवल महिलाओं को ही प्रवेश करने दिया गया ताकि वो अपने तरीके से उत्सव का आनंद ले सकें। तीज उत्सव में बारिश के बावजूद 550 महिलाओं की विशाल उपस्थिति ने समिति के कार्यकर्ताओं में जोश भरने का काम किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ कांग्रेस नेत्री प्रियंका अग्रवाल, खुशबू सिंगला, रीना अग्रवाल, वंदना बंसल, नेहा गर्ग, मार्केट कमेटी की वाइस चेयरपर्सन कांता बंसल एवं रेखा गोयल के साथ संयुक्त रूप से महाराजा अग्रसेन की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर तीज उत्सव का शुभारंभ किया। पूनम अग्रवाल ने गणेश वंदना की शानदार प्रस्तुति दी।
समिती की सदस्यों राजरानी, अंकिता, छवि, कविता, नेहा, सपना, सुनीता, वर्षा, गोल्डी, आभा, अंजलि, अपूर्वा, भारती, भावना, दीप्ती, डिम्पल, गरिमा, सीमा, कंचन, रीता, रूचि, संगीता, शालू, सोनू एवं सुमित्रा ने विभिन्न पारिवारिक रिश्तों जैसे मां-बेटी, जीजा-साली, देवर-भाभी आदि की जोडिय़ों में नृत्य कर प्रस्तुति दी। महिलाओं ने अरी बहना! छाई घटा घनघोर, सावन दिन आ गए सावन में झूलाओ झूला हमारे बांके बिहारी को बांके बिहारी को हमारी राधा प्यारी को जैसे सावन के लोकगीतों के साथ साथ सावन के अनेकों फिल्मी गीतों पर महिलाओं ने झूम कर मस्ती की। कार्यक्रम का मंच संचालन पूनम गोयल ने किया।
खुशबू शर्मा बनीं तीज क्वीन:-
सीमा सिंगला एवं सुरक्षा गर्ग ने विभिन्न राज्यों के परिधानों एवं आभूषणों से सुसज्जित महिलाओं की तीज क्वीन प्रतियोगिता का सफल मंच संचालन किया। प्रसिद्ध शिक्षाविद् मिथिलेश अग्रवाल व शालिनी गर्ग ने तीज क्वीन प्रतियोगिता का निर्णय देते हुए महाराष्ट्र राज्य की वेषभूषा पहने खुशबू शर्मा को तीज क्वीन घोषित किया। निशा गोयल फस्र्ट रनर अप एवं श्रद्धा राजपुरोहित सेकंड रनर अप रहीं। तीज से संबंधित प्रश्नोत्तरी एवं विभिन्न रोचक खेलों पर महिलाओं को अनेकों उपहार दिए गए। समिति द्वारा झूला, फोटोग्राफी एवं म्यूजिकल ऑर्केस्ट्रा का विशेष प्रबंध था। महिलाओं के इस आयोजन को सफल बनने के पीछे समिति के पुरूष सदस्यों ने भी पूरा सहयोग किया। कार्यक्रम के अंत में सभी महिलाओं एवं अतिथियों ने स्वादिष्ट व्यंजनों का आनंद लिया।








