डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन के लिए करोड़ों का टेंडर फाइनल
Metro Plus से Naveen Gupta की रिपोर्ट।
Faridabad, 22 अगस्त: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ, सुंदर और विकसित भारत के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए फरीदाबाद की स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक मजबूत एवं आधुनिक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में हाई पावर परचेज कमेटी द्वारा शहर में डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण एवं उसे प्रोसेसिंग साइट तक पहुंचाने की परियोजना के टेंडर को अंतिम रूप दे दिया गया है।
मेयर प्रवीण बत्रा जोशी ने इस महत्वपूर्ण निर्णय के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूरदर्शी सोच, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व वाली हरियाणा सरकार तथा शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल का आभार व्यक्त किया।
मेयर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वच्छ भारत के संकल्प को जनभागीदारी से जुड़े राष्ट्रीय मिशन का रूप दिया है। इसी सोच को आगे बढ़ाते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार शहरों की सफाई व्यवस्था को आधुनिक, प्रभावी और मजबूत बनाने के लिए लगातार महत्वपूर्ण निर्णय ले रही है।
मेयर प्रवीण जोशी ने कहा कि इस परियोजना का सबसे बड़ा लाभ फरीदाबाद के आम नागरिकों को मिलेगा। इसके तहत शहर में हर घर से नियमित रूप से कूड़ा उठाने की व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा, ताकि घरों से निकलने वाला कचरा व्यवस्थित तरीके से एकत्रित हो और खुले में कूड़ा जमा होने की समस्या को कम किया जा सके तथा वातावरण साफ रहे।
उन्होंने कहा हमारा लक्ष्य है कि फरीदाबाद के हर घर से समय पर कूड़ा उठे, शहर की गलियों और सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा दिखाई न दे तथा कचरे के संग्रहण से लेकर प्रोसेसिंग साइट तक पहुंचाने की पूरी व्यवस्था व्यवस्थित और प्रभावी हो। स्वच्छ फरीदाबाद के निर्माण में नगर निगम पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगा।
परियोजना के तहत फरीदाबाद के ईस्ट और वेस्ट जोन में डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण एवं परिवहन की व्यवस्था की जाएगी। परियोजना की अवधि 5 वर्ष होगी, जिसे अनुबंध की शर्तों के अनुसार अधिकतम 2 अतिरिक्त वर्षों तक बढ़ाया जा सकता है।
नई व्यवस्था के लिए पर्याप्त संसाधन भी उपलब्ध कराए जाएंगे। दोनों जोन में कुल 712 हल्के वाणिज्यिक वाहन/टिपर और 195 ई-रिक्शा के माध्यम से डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण को मजबूत किया जाएगा। इसके साथ ही 7 कचरा स्थानांतरण केंद्र विकसित किए जाएंगे, जिनमें स्थिर कचरा संपीड़क की सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी। इन कचरा स्थानांतरण केंद्रों का विकास संबंधित एजेंसी द्वारा किया जाएगा।
इसके अलावा कचरे के व्यवस्थित परिवहन और प्रबंधन के लिए स्थिर कचरा संपीड़क, हुक लोडर, कचरा कंटेनर और कचरा संपीड़क वाहन सहित आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था की जाएगी, जिससे घर से कचरा उठाने से लेकर उसे प्रोसेसिंग साइट तक पहुंचाने की पूरी प्रक्रिया अधिक प्रभावी हो सके।
मेयर ने कहा कि यह केवल कूड़ा उठाने की व्यवस्था नहीं, बल्कि फरीदाबाद की पूरी वेस्ट मैनेजमेंट प्रणाली को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम है। कचरे के संग्रहण, परिवहन और प्रोसेसिंग तक की व्यवस्था को बेहतर बनाकर शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने के प्रयासों को नई गति मिलेगी।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ भारत के विजन, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के मजबूत नेतृत्व तथा शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल के सहयोग से फरीदाबाद को स्वच्छ, सुंदर और विकसित शहर बनाने का संकल्प लगातार आगे बढ़ रहा है।





