Metro Plus News
फरीदाबादराजनीतिराष्ट्रीयहरियाणा

‘सेवा और जन-कल्याण’ के संकल्प के रूप में मनाया जा रहा है मोदी का जन्मदिवस: कृष्णपाल गुर्जर

सेवा संकल्प अभियान के तहत फरीदाबाद में 6 लाख दीपों से जगमगाया सेवा और जनसेवा का संदेश: कृष्णपाल
17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान, जरूरतमंदों की मदद पर जोर: धनेश अदलखा

Metro Plus से Naveen Gupta की रिपोर्ट
Faridabad, 18 सितंबर:
केंद्रीय सहकारिता राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जीवन का मूल मंत्र देश सेवा से जनसेवा है और पिछले वर्षों में इसी भावना के साथ उन्होंने देश के विकास एवं जन-कल्याण के लिए निरंतर कार्य किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन देशभर में ‘सेवा और जन-कल्याण’ के संकल्प के रूप में मनाया जा रहा है। प्रधानमंत्री के जन्मदिवस के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत कई जनसेवा एवं कल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर फरीदाबाद जिले में सेवा, समर्पण और जनसेवा के संकल्प के साथ कई कार्यक्रम आयोजित किए गए।

कृष्णपाल गुर्जर ने एनआईटी-3 स्थित केएल मेहता महिला महाविद्यालय में आयोजित ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत दीप प्रज्वलन कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस अवसर पर बडख़ल के विधायक धनेश अदलखा, जिला उपायुक्त आयुष सिन्हा, अतिरिक्त उपायुक्त अंजली श्रोत्रिया, जिला परिषद चेयरमैन विजय सिंह तथा जिलाध्यक्ष पंकज पूजन रामपाल भी उपस्थित रहे। जिलेभर में करीब 6 लाख दीप प्रज्वलित कर जहां सेवा और जन-कल्याण का संदेश दिया गया, वहीं, एनआईटी-3 स्थित केएल मेहता दयानंद कॉलेज में 11 हजार दीपों से भव्य रंगोली सजाई गई।

केंद्रीय सहकारिता राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने इस अवसर पर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने आर्थिक विकास, सांस्कृतिक विरासत, वैश्विक प्रतिष्ठा और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। आज भारत वैश्विक मंच पर मजबूती से अपनी बात रख रहा है और वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार गरीब, वंचित, किसान, महिला, युवा और जरूरतमंद वर्गों के कल्याण के लिए जन-धन योजना, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना, जल जीवन मिशन, किसान सम्मान निधि, स्वच्छ भारत मिशन तथा आवास एवं सामाजिक सुरक्षा जैसी योजनाएं चला रही है, जिनका उद्वेश्य अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक सुविधाएं पहुंचाना है।

उन्होंने कहा कि हाईवे, एयरपोर्ट, मैट्रो, मेडिकल कॉलेज, एम्स, आईआईटी, आईआईएमए विश्वविद्यालय और ग्रामीण सडक़ों सहित आधारभूत ढांचे का व्यापक विस्तार हुआ है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 140 करोड़ देशवासियों को अपना परिवार मानकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कार्य कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि वर्ष 2021 में अलग सहकारिता मंत्रालय का गठन किया गया और केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में सहकार से समृद्वि के मूल मंत्र के साथ सहकारी संस्थाओं को मजबूत करने तथा किसानों एवं अन्य हितधारकों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए अनेक पहल की गई हैं।

केंद्रीय राज्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कार्यशैली में नेशन फस्र्ट की भावना प्रमुख है और वर्ष 2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य रखा गया है। यह संकल्प सरकार के साथ-साथ प्रत्येक नागरिक की भागीदारी से पूरा होगा। उन्होंने लोगों से जनसेवा, राष्ट्र निर्माण और जरूरतमंद वर्गों की सहायता में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिवस पर देशभर में सेवा कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। फरीदाबाद में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत दिव्यांगजनों को इलेक्ट्रिक स्कूटी सहित विभिन्न जन-कल्याणकारी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। ई-स्कूटर का उद्वेश्य दिव्यांगजनों की आवाजाही सुगम बनाना, आत्मनिर्भरता बढ़ाना और उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोडऩा है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिवस की शुभकामनाएं देते हुए उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की कामना की तथा सेवा संकल्प अभियान से जुड़े सभी कार्यकर्ताओं, सामाजिक संस्थाओं, अधिकारियों और आमजन का आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर बडख़ल विधायक धनेश अदलखा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक देशभर में ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प का उद्वेश्य समाज के अंतिम छोर पर खड़े जरूरतमंद व्यक्ति की सहायता करना है और अंत्योदय की भावना के अनुरूप प्रत्येक व्यक्ति को जनसेवा के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिवस पर फरीदाबाद में 70 प्रतिशत से अधिक दिव्यांगता वाले 15 से 50 वर्ष की आयु के करीब 200 दिव्यांगजनों को ई-स्कूटी प्रदान की गई। उन्होंने कहा कि ई-स्कूटी से दिव्यांगजनों की आवाजाही सुगम होने के साथ उन्हें रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर भी मिलेंगे। उन्होंने इस पहल के लिए केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री एवं फरीदाबाद के सांसद कृष्णपाल गुर्जर का आभार व्यक्त किया।

उन्होंने कहा कि फरीदाबाद और पलवल जिलों में पात्र दिव्यांगजनों को ई-स्कूटी उपलब्ध कराने का कार्य आगामी चरणों में भी जारी रहेगा। सेवा संकल्प अभियान के तहत जरूरतमंदों की पेंशन बनवाने, परिवार पहचान पत्र में सुधार करवाने तथा सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने जैसे कार्य भी किए जा रहे हैं। उन्होंने आमजन से आह्वान किया कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले सेवा संकल्प अभियान के दौरान प्रत्येक व्यक्ति कम से कम एक जरूरतमंद की सहायता करने का संकल्प ले। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिवस की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की कामना की।

Related posts

NIT में चल रहे अवैध निर्माणों पर क्या रोक लग पाएगी?

Metro Plus

मानव रचना इंटरनेशनल स्कूलों के छात्रों ने दी अलग-अलग विषयों पर प्रस्तुति

Metro Plus

सरस्वती शिशु सदन स्कूल का 10वीं कक्षा का रहा उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम

Metro Plus