Metro Plus News
फरीदाबादराजनीतिराष्ट्रीयहरियाणा

हरियाणा में ADC के पदों पर तैनाती में IAS व HCS अधिकारियों को लेकर बड़ा प्रशासनिक असंतुलन!

HCS अधिकारियों के साथ सौतेला व्यवहार, 15 में से मात्र 8 जिलों में ही HCS अधिकारी बतौर ADC के तौर पर तैनात!
प्रदेश के कुल 23 जिलों में से 15 में अतिरिक्त उपायुक्त का पद वरिष्ठ HCS अधिकारियों के लिए निर्धारित
Metro Plus से Naveen Gupta की रिपोर्ट
Chandigarh, 17 नवंबर:
ऐसा पढऩे और सुनने में भले ही आश्चर्यजनक प्रतीत हो, परन्तु सच यही है कि हरियाणा के दो प्रमुख जिलों अम्बाला और कुरूक्षेत्र में गत् कई महीनों से अतिरिक्त उपायुक्त (एडिशनल डिप्टी कमिश्नर-ADC) का पद रिक्त है। बीती जुलाई माह के दूसरे सप्ताह से अम्बाला जिले में और अगस्त महीने के तीसरे सप्ताह से कुरूक्षेत्र जिले में अतिरिक्त उपायुक्त के पद पर तत्कालीन तैनात दो HCS अधिकारियों के तबादले के बाद से आज तक दोनों जिलों के ADC पद पर नियमित तैनाती ही नहीं की गयी है।

इसी बीच पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट में एडवोकेट और हरियाणा सरकार के प्रशासनिक तंत्र और व्यवस्था पर समय-समय पर टिप्पणी करने वाले एडवोकेट हेमंत कुमार ने बताया कि गत वर्ष जून, 2025 में हरियाणा सरकार द्वारा प्रदेश में तबादला, रिटायरमेंट, छुट्टी, ट्रेनिंग, चुनावी ड्यूटी आदि कारणों से प्रशासनिक पदों पर हुई रिक्ति के लिए लिंक अधिकारी पदांकित करने सम्बन्धी जारी सरकारी सर्कुलर पत्र अनुसार अगर जिले का ADC का पद रिक्त हो जाता है और जब तक उस पद पर किसी नए अधिकारी की तैनाती नहीं होती, तब तक जिला परिषद् एवं डीआरडीए का मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) अतिरिक्त उपायुक्त का पदेन लिंक अधिकारी होगा।

अत: वर्तमान में अम्बाला में तैनात 2013 बैच के HCS गगनदीप सिंह जो अम्बाला जिला परिषद और DRDA अम्बाला के CEO हैं, और कुरूक्षेत्र में तैनात 2014 बैच के HCS पंकज कुमार जो कुरूक्षेत्र जिला परिषद और DRDA कुरूक्षेत्र के CEO हैं, वह दोनों जिलों में ADC की ड्यूटी एवं जिम्मेवारी निभा रहे हैं। हालांकि इसका अर्थ यह नहीं कि तीन-चार महीने की लंबित अवधि तक जिले में नियमित ADC की तैनाती ही न की जाए।

बहरहाल, हरियाणा में जिलों के अतिरिक्त उपायुक्त के पदों पर तैनाती को लेकर एक बड़ा प्रशासनिक असंतुलन भी सामने आया है। हेमंत ने बताया कि प्रदेश में HCS-EB (हरियाणा सिविल सेवा-कार्यकारी शाखा) अधिकारियों के लिए मौजूदा लागू कैडर संख्या आदेशानुसार प्रदेश के कुल 23 जिलों में से 15 में अतिरिक्त उपायुक्त का पद वरिष्ठ HCS अधिकारियों के लिए निर्धारित है, लेकिन वर्तमान में सिर्फ 8 जिलों में ही HCSअधिकारी बतौर ADC के तौर पर तैनात हैं। इसके विपरीत IAS अधिकारियों के लिए केवल 8 ADC पद निर्धारित होने के बावजूद वर्तमान में 13 जिलों में IAS अधिकारियों की ADC के तौर पर तैनाती है।

हेमंत ने इसे HCS अधिकारियों के साथ एक प्रकार का सौतेला व्यवहार बताते हुए कहा कि प्रदेश सरकार अपनी ही कैडर व्यवस्था की भावना का सत्यनिष्ठा से पालन नहीं कर रही है। उन्होंने बताया कि दिसम्बर-2025 में जारी हरियाणा सरकार के HCS कैडर संख्या निर्धारण आदेश में स्पष्ट रूप से 15 जिले ADC पद HCS कैडर के लिए निर्धारित किए गए थे। इन पदों पर सिलेक्शन ग्रेड, सुपर टाइम स्केल अथवा 9 से 18 वर्ष या उससे अधिक सेवा वाले वरिष्ठ HCS अधिकारियों की तैनात की जा सकती है।

इसके बावजूद वर्तमान में केवल 8 जिलों में ही HCS अधिकारी ADC के रूप में तैनात हैं नामत: झज्जर जिले में 2002 बैच के जगनिवास, फतेहाबाद जिले में 2004 बैच के अनुराग ढालिया, यमुनानगर जिले में 2004 बैच के नवीन आहूजा, जींद जिले में 2011 बैच के प्रदीप कुमार-2, कैथल जिले में 2011 बैच के डॉ. सुशील कुमार-2, हिसार जिले में 2011 बैच की शालिनी चेतल, सोनीपत जिले में 2011 बैच के अजय चोपड़ा और महेन्द्रगढ़ जिले में 2011 बैच के तरुण कुमार पांवरिया।

हेमंत का कहना है कि राज्य में पर्याप्त संख्या में पात्र वरिष्ठ HCS अधिकारी उपलब्ध हैं और 2016 बैच तक के HCS अधिकारियों को भी ADC पद पर तैनात किया जा सकता है। इसके बावजूद प्रदेश के सात अन्य जिलों में वरिष्ठ HCS के स्थान पर IAS अधिकारियों की जिला ADC पद पर तैनाती कैडर व्यवस्था की मूल भावना के विपरीत है।

दूसरी ओर, केंद्र सरकार के कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (DOPT) द्वारा जून- 2026 में जारी IAS कैडर संख्या निर्धारण आदेश के अनुसार हरियाणा में ADC के केवल 8 पद ही IAS कैडर के लिए निर्धारित हैं, जिन पर सीनियर टाइम स्केल (कम से कम चार वर्ष सेवा) वाले IAS अधिकारी नियुक्त किए जा सकते हैं।

लेकिन वर्तमान में 23 में से 13 जिलों में IAS अधिकारी ADC के तौर पर कार्यरत हैं। इनमें भिवानी और चरखी दादरी दोनों जिलों में 2020 बैच के दीपक बाबूलाल करवा जबकि रेवाड़ी जिले में 2020 बैच के राहुल मोदी तैनात हैं, वहीं गुरूग्राम जिले में 2021 बैच के सोनू भट्ट, पंचकूला जिले में 2021 बैच के विवेक आर्य, हांसी जिले में 2021 बैच के लक्षित सरीन और रोहतक में 2021 बैच के नरेन्द्र कुमार तैनात हैं। इसी प्रकार फरीदाबाद जिले में 2022 बैच की अंजलि श्रोत्रिया, पानीपत जिले में 2022 बैच के अंकित कुमार चोकसी, सिरसा जिले में 2022 बैच के अर्पित संगल, करनाल जिले में 2022 बैच के डॉ. राहुल रैया, नूंह जिले में 2022 बैच की ज्योति और पलवल जिले में 2022 बैच के उत्सव आनन्द बतौर ADC तैनात हैं।

DC के बाद सबसे महत्वपूर्ण प्रशासनिक पद:-
जिला प्रशासन में ADC का पद उपायुक्त (DC) के बाद दूसरा सबसे महत्वपूर्ण प्रशासनिक पद माना जाता है। प्रदेश के सभी 23 जिला मुख्यालयों पर यह पद स्थायी रूप से स्वीकृत है। वर्तमान व्यवस्था में ADC संबंधित जिले के पदेन जिला नागरिक संसाधन सूचना अधिकारी (DCRIO) भी होता है ।

बड़ा सवाल:-
जब HCS के लिए 15 पद और IAS के लिए केवल 8 पद ADC के लिए निर्धारित हैं तो आखिर HCS अधिकारियों को सिर्फ 8 जिलों तक ही क्यों सीमित रखा गया है और IAS अधिकारियों की तैनाती निर्धारित संख्या से लगभग दोगुनी क्यों है?
सरकार को अपनी ही कैडर नीति के अनुरूप ADC पदों पर तैनाती कर वरिष्ठ HCS अधिकारियों के साथ हो रहे भेदभाव को रोकना चाहिए।

Related posts

मैट्रो अस्पताल में जर्मन तकनीक से पहली फास्ट ट्रैक घुटने बदलने की हुई सर्जरी

Metro Plus

लंदन में सिस्टम हैं पर आदमी नहीं हैं और भारत में आदमी हैं तो सिस्टम नहीं: अमर बंसल

Metro Plus

छठ पूजा पर भाजपा सरकार में लोगों के साथ हो रहा है अन्याय: लखन सिंगला

Metro Plus