पौधारोपण के नाम पर हुई पेड़ों की अवैध कटाई के मामले ने पकड़ा तूल।
Chandigarh/Faridabad, 18 नवंबर: हरा-भरा जंगल बनाने के नाम पर वन विभाग के अधिकारी किस प्रकार पेड़ों का ही काटने में लगे हैं, इसका जीता-जागता प्रमाण फरीदाबाद में देखने को मिला। वन विभाग के अधिकारियों द्वारा यहां कैंपा योजना के तहत यमुना नदी से सटे अलीपुर शिकारगढ़ बीट में 20 एकड़ जमीन में पौधारोपण करवाया जाना था। बजाए पौधारोपण कराने के वन विभाग के अधिकारियों ने यहां से विलायती कीकर और अन्य प्रजाति किस्मों के हजारों पेड़ ही कटवा डाले। यहीं नहीं, यहां से इन पेड़ों को कटवाकर लकड़ी को ट्रकों-ट्रैक्टरों में भरवाकर उन्हें नूंह जिले की लकड़ी मंडी पुन्हाना में भी पहुंचवा दिया।
रिजर्व फॉरेस्ट के अंतर्गत अलीपुर शिकारगढ़ बीट में पौधारोपण के नाम पर फरीदाबाद में हुई इन पेड़ों की अवैध कटाई का मामला अब लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। इस मामले में जहां कल रेंज अफसर अफजल और फॉरेस्टर अंकित व संदीप को सस्पेंड कर दिया गसा था, वहीं आज इस सनसनीखेज मामले में जिला वन अधिकारी एवं उप वन संरक्षक झलकर उइके को सस्पेंड कर दिया है जोकि आईएफएस अधिकारी हैं। सरकार ने इस मामले में एफआईआर दर्ज करने के आदेश भी दिए हैं। फरीदाबाद रिजर्व फॉरेस्ट में पेड़ों की अवैध कटाई के मामले में हरियाणा सरकार की यह एक बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है। पर्यावरण, वन एवं वन्यजीव विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव सुधीर राजपाल ने आज बुधवार को इसके आदेश जारी किए हैं।
बता दें कि फरीदाबाद वन मंडल के अलीपुर आरक्षित वन क्षेत्र में अवैध रूप से पेड़ काटे गए थे। शुरुआती जांच में इस मामले में झलकर उइके की गंभीर लापरवाही सामने आई। इसके बाद राज्यपाल ने उन्हें तत्काल प्रभाव से सस्पेंड करने के आदेश दिए थे। सस्पेंड करने के साथ ही उन्हें पंचकूला मुख्यालय अटैच किया गया है।
फरीदाबाद से पुन्हाना पहुंची सरकारी लकड़ी:-
काबिलेगौर रहें कि फरीदाबाद के अलीपुर शिकारगढ़ बीट से कथित तौर पर काटे गए सरकारी पेड़ों की लकड़ी नूंह जिले के पुन्हाना की लकड़ी मंडी तक पहुंच गई थी। इसके बाद 13 नवंबर को फरीदाबाद और नूंह वन विभाग की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर 4 आरा मशीनें सील की थीं, वहीं लकड़ी से लदी 5-7 गाडिय़ों को भी कब्जे में लेकर निगरानी शुरू कर दी गई थी। लकड़ी पुन्हाना मंडी तक पहुंचने के बाद वन विभाग के दूसरे अधिकारियों की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे थे। सवाल है कि इतनी बड़ी मात्रा में पेड़ों की कटाई और लकड़ी की ढुलाई की भनक संबंधित अधिकारियों को क्यों नहीं लगी।
अब देखना यह है कि इस मामले में FIR दर्ज होने के बाद अगली गाज किस अधिकारी पर गिरती है।





