हर नागरिक तक आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना सरकार का संकल्प: कृष्णपाल गुर्जर
Metro Plus से Naveen Gupta की रिपोर्ट।
Faridabad, 1 जुलाई: केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने जिला नागरिक अस्पताल के नवीनीकरण कार्यों और जिले के सात अमृत सरोवरों का लोकार्पण किया। इस दौरान बल्लभगढ़ विधायक मूलचंद शर्मा, जिला परिषद चेयरमैन विजय सिंह, डीसी आयुष सिन्हा सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।
इस अवसर पर हरियाणा प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने नारायणगढ़ स्थित अनाज मंडी में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम से ऑनलाइन माध्यम द्वारा प्रदेश के विभिन्न जिलों में स्वास्थ्य विभाग और पंचायत विभाग की योजनाओं का उद्वघाटन और लोकापर्ण किया। कार्यक्रम का लाइव प्रसारण ऑनलाइन माध्यम से किया गया।
केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आयुष्मान भारत योजना, प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर मिशन, मेडिकल कॉलेजों के विस्तार, डिजिटल हेल्थ मिशन और आधुनिक स्वास्थ्य अधोसंरचना के माध्यम से देश के स्वास्थ्य क्षेत्र में ऐतिहासिक बदलाव आए हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार भी स्वास्थ्य सेवाओं को लगातार सुदृढ़ कर रही है। इसी क्रम में अंबाला, फरीदाबाद, कैथल, पलवल, रेवाड़ी और नूंह के जिला अस्पतालों का लगभग 28.09 करोड़ की लागत से नवीनीकरण किया गया है, जहां आधुनिक सुविधाएं, बेहतर आधारभूत ढांचा, स्वच्छ वातावरण और मरीजों की सुविधाओं का विस्तार किया गया है। साथ ही प्रदेश के सभी सरकारी अस्पतालों एवं चिकित्सा महाविद्यालयों में वृक्षारोपण पखवाड़ा भी शुरू किया गया है, जो पर्यावरण संरक्षण और स्वस्थ हरियाणा के निर्माण की महत्वपूर्ण पहल है।
राज्य मंत्री कृणपाल गुर्जर ने कहा कि जिला सिविल अस्पताल फरीदाबाद में लगभग 1.85 करोड़ की लागत से सफेदी, शौचालयों के उन्नयन, आंतरिक सड़कों और पार्किंग के विकास के कार्य किए गए हैं, जिससे अस्पताल अधिक स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित बनेगा तथा मरीजों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
उन्होंने बताया कि निकट भविष्य में अस्पताल में 161.11 करोड़ की लागत से सात मंजिला मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य एमसीएच यूनिट का निर्माण तेजी से जारी है, जिसे लगभग दो वर्षों में जनता को समर्पित किया जाएगा। इसके अलावा लगभग 1 करोड़ की लागत से आधुनिक विद्युत पैनल का कार्य अंतिम चरण में है तथा 1.74 करोड़ की लागत से अत्याधुनिक फायर फाइटिंग सिस्टम स्थापित किया जा रहा है, जिससे अस्पताल की सुरक्षा और अधिक मजबूत होगी।
उन्होंने बताया कि ईएसआई मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल की क्षमता 500 से बढ़ाकर 1000 बेड कर दी गई है। इसके साथ ही सीटी स्कैन सहित अनेक आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार किया गया है, जिससे क्षेत्र के लाखों लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो रही हैं।
केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि पंचायत विभाग द्वारा पूरे फरीदाबाद के सात अमृत सरोवर का लोकार्पण किया गया है। लगभग 4.67 करोड़ की लागत से विकसित अटाली, भनकपुर, मोहला, गढख़ेड़ा, रायपुर कलां के ये सरोवर जल संरक्षण, भूजल पुनर्भरण, पर्यावरण संवर्धन और ग्रामीण विकास को नई गति देंगे। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्वेश्य केवल भवनों का निर्माण नहीं, बल्कि ऐसी स्वास्थ्य व्यवस्था विकसित करना है, जहां प्रत्येक नागरिक को सम्मानजनक, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण उपचार मिले।
केंद्रीय राज्य मंत्री ने इन परियोजनाओं को सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग, पंचायत विभाग, लोक निर्माण विभाग, जिला प्रशासन, इंजीनियरिंग टीम, चिकित्सकों, नर्सिंग स्टॉफ तथा सभी अधिकारियों और कर्मचारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि केंद्र और हरियाणा सरकार भविष्य में भी जनकल्याण एवं विकास की ऐसी योजनाओं को गति देती रहेंगी, जिससे प्रदेश का प्रत्येक नागरिक आधुनिक सुविधाओं का लाभ प्राप्त कर सके।
इस मौके पर बल्लभगढ़ विधायक मूलचंद शर्मा ने कहा कि हरियाणा सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत, आधुनिक और जनहितकारी बनाने की दिशा में निरंतर ऐतिहासिक कदम उठा रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश में स्वास्थ्य अधोसंरचना का तेजी से विस्तार किया जा रहा है, जिससे आम नागरिकों को बेहतर, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हो रही हैं। उन्होंने इन जनकल्याणकारी परियोजनाओं के लिए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार स्वास्थ्य, ग्रामीण विकास और आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि इन योजनाओं का लाभ प्रदेश के लाखों नागरिकों को मिलेगा और फरीदाबाद सहित पूरे हरियाणा में विकास को नई गति मिलेगी।
उन्होंने कहा कि केंद्र और हरियाणा सरकार के समन्वित प्रयासों से प्रदेश में विकास कार्यों को नई दिशा मिल रही है तथा भविष्य में भी जनहित से जुड़ी योजनाओं को इसी प्रकार आगे बढ़ाया जाएगा।
इस अवसपर पर CEO जिला परिषद शिखा, DCP उषा कुंडू, CTM अंकित कुमार, CMO डॉ० जयंत आहूजा, DIPRO मूर्ति दलाल सहित अन्य सभी संबंधित विभागों के अधिकारीगण मौजूद रहे।







