CM नायब सैनी ने खोला विकास पिटारा, करोड़ों की परियोजनाएं का किया लोकार्पण
Metro Plus से Naveen Gupta की रिपोर्ट।
Chandigarh, 1 जुलाई: हरियाणा के CM नायब सिंह सैनी ने अंबाला के नारायणगढ़ में आयोजित कार्यक्रम के दौरान 325 अमृत सरोवर के साथ-साथ 70 एडवांस्ड लाइफ स्पोर्ट एंबुलेंस जनता को समर्पित की है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कुल 337 करोड़ रूपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शुभारंभ किया। 114 करोड़ रूपये की लागत से तैयार 7 महत्वपूर्ण स्वास्थ्य परियोजनाएं शामिल हैं। इसके साथ ही 223 करोड़ रूपये की लागत से निर्मित 325 अमृत सरोवर भी प्रदेश की जनता को समर्पित किए गए।
कार्यक्रम के दौरान प्रदेश की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव, विधायक शैली चौधरी, स्वास्थ्य विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ० सुमिता मिश्रा, एनएचएम के एमडी आरएस ढिल्लो तथा पंचायत विभाग के डॉयरेक्टर अनीश यादव भी मौजूद थे। कार्यक्रम में वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए प्रदेश के विभिन्न जिलों में आयोजित कार्यक्रम में शिरकत कर रहे मंत्रीगण और विधायक तथा अन्य गणमान्य लोग भी जुड़े थे।
CM नायब सिंह सैनी ने अपने संबोधन में कहा कि आज का अवसर केवल नारायणगढ़ के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे हरियाणा के लिए एक ऐतिहासिक अवसर है, जब उन्होंने आज 337 करोड़ रूपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शुभारंभ किया है। यह केवल परियोजनाओं का उद्वघाटन नहीं है, बल्कि स्वस्थ हरियाणा, समृद्ध हरियाणा और विकसित हरियाणा के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
इससे पहले उन्होंने डॉक्टर्स डे के अवसर पर देश एवं प्रदेश के सभी डॉक्टरों, नर्सों, पैरामेडिकल स्टॉफ, आशा वर्करों तथा स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े सभी कर्मियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने भारत के महान चिकित्सक, प्रख्यात स्वतंत्रता सेनानी, उत्कृष्ट प्रशासक एवं दूरदर्शी राष्ट्र निर्माता डॉ० बिधान चंद्र राय को श्रद्धापूर्वक नमन किया। उन्होंने कहा कि डॉ० राय का यह विचार कि स्वस्थ नागरिक ही मजबूत राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति होते हैं, आज भी अत्यंत प्रासंगिक है।
CM नायब सिंह सैनी ने कहा कि पिछले साढ़े 11 वर्षों में नारायणगढ़ विधानसभा क्षेत्र में निरंतर विकास कार्य किए गए हैं। आज की परियोजनाओं सहित इस क्षेत्र में 858 करोड़ रूपये के विकास कार्य किए जा चुके हैं।
CM ने क्षेत्र में कराए गए प्रमुख विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि यमुनानगर-पंचकूला राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-73 का निर्माण 1,112 करोड़ रूपये की लागत से किया गया है। बड़ागढ़ में राजकीय महिला महाविद्यालय, फतेहगढ़-रायवाली सड़क एवं पुल, नारायणगढ़ फोरलेन सड़क, रायवाली सड़क, आधुनिक खेल स्टेडियम सहित अनेक विकास कार्य पूर्ण किए गए हैं। शहजादपुर एवं अंबली में सीएचसी भवन तथा भूरेवाला, धनाना एवं चाणसौली में पीएचसी भवनों का निर्माण एवं विस्तार किया गया है।
CM नायब सिंह सैनी ने कहा कि आज लगभग 32 करोड़ रूपये की लागत से बने 50 बेड के नए अस्पताल ब्लॉक का उद्वघाटन किया गया है, जिससे नागरिक अस्पताल की क्षमता 100 बिस्तरों की हो गई है। साथ ही लगभग 50 लाख रूपये की लागत से ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट का शुभारंभ किया गया, जो स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करेगी।
उन्होंने कहा कि चाणसौली में 13 करोड़ रूपये की लागत से महाराणा प्रताप उद्यान विश्वविद्यालय, करनाल का क्षेत्रीय उद्यान अनुसंधान केंद्र स्थापित किया गया है। वर्तमान वित्त वर्ष के बजट में नारायणगढ़ के लिए नए राजकीय बहुतकनीकी संस्थान की घोषणा की गई है। इसके अलावा प्रदेश में 10 नए आईएमटी स्थापित किए जा रहे हैं, जिनमें आईएमटी अंबाला एवं नारायणगढ़ भी शामिल हैं।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सबका साथ, सबका विकास सबका विश्वास और सबका प्रयास के मंत्र को सरकार ने धरातल पर उतारा है। प्रधानमंत्री के 4,400 से अधिक दिनों के नेतृत्व में भारत विश्व की अग्रणी शक्तियों में शामिल हो रहा है।
CM नायब सिंह सैनी ने कहा कि सरकार अपने संकल्पों को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। विधानसभा चुनाव के संकल्प-पत्र के 217 वादों में से 66 पूरे किए जा चुके हैं, जबकि 151 वादों पर कार्य जारी है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना के तहत 2,100 रूपये प्रतिमाह सहायता दी जा रही है, जिसके अंतर्गत लगभग 10 लाख महिलाओं को 1,415 करोड़ रूपये दिए जा चुके हैं। इसके साथ ही गरीब परिवारों को राहत देने के लिए 500 रूपये में गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है, जिसके तहत 14.42 लाख लाभार्थियों को 282 करोड़ रूपये की राशि दी गई है।
उन्होंने कहा कि किसानों के हित में प्रदेश की सभी 24 फसलों की खरीद एमएसपी पर की जा रही है। अब तक 12 लाख किसानों को 1.80 लाख करोड़ रूपये सीधे खातों में दिए जा चुके हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले साढ़े 11 वर्षों में किसानों को फसल खराबे एवं प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत 16,530 करोड़ रूपये दिए गए हैं, जबकि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में यह राशि 1,138 करोड़ रूपये थी। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस सरकार 269 करोड़ रूपये की मुआवजा राशि बकाया छोड़कर गई थी, जिसे सरकार ने 2014 के बाद जारी किया।
नकली खाद, बीज एवं कीटनाशक के खिलाफ सख्त कानून बनाकर 5 वर्ष तक की सजा का प्रावधान किया गया है। मुख्यमंत्री बागवानी बीमा योजना के तहत 46 फसलों को शामिल किया गया है तथा अब तक 157 किसानों को 1.40 करोड़ रूपये की सहायता दी गई है।
प्रदेश में भूमि एवं संपत्तियों का पंजीकरण पूरी तरह पेपरलेस और डिजिटल कर दिया गया है। साथ ही पिछड़ा वर्ग की क्रीमी लेयर आय सीमा 6 लाख से बढ़ाकर 8 लाख रूपये की गई है तथा पिछड़ा वर्ग-बी को आरक्षण दिया गया है।
प्रधानमंत्री आवास योजना का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि इसके तहत 1.56 लाख मकान दिए गए हैं। मुख्यमंत्री आवास योजना-शहरी के तहत 18,470 परिवारों को तथा ग्रामीण योजना के तहत 12,031 प्लॉट दिए गए हैं। किडनी रोगियों के लिए सभी सरकारी अस्पतालों में नि:शुल्क डायलिसिस सुविधा उपलब्ध कराई गई है। 17 जिलों में डे-केयर कैंसर सेंटर शुरू होने के बाद अब सभी 22 जिलों में कैंसर उपचार सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
CM ने कहा कि पिछले साढ़े 11 वर्षों में 1.83 लाख युवाओं को बिना खर्ची और बिना पर्ची के सरकारी नौकरियां दी गई हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान में पुलिस की भर्ती की प्रक्रिया चल रही है, साथ ही 4 हजार का पहले भी परिणाम जारी किया गया है। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में हरियाणा में अलग-अलग विभागों में भी भर्ती की जाएगी।
उन्होंने कहा कि हरियाणा में पिछले दिनों केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने 350 अटल लाइब्रेरियों का उद्वघाटन भी किया था। आज अमृत सरोवरों का उद्वघाटन किया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कई क्षेत्रों में भूजल का स्तर नीचे चला गया है, ऐसे में इन सरोवरों के बनाने का उद्वेश्य यही है कि पानी को इक_ा करके इस समस्या का हल हो सके। उन्होंने उपस्थित किसानों से आह्वान किया कि प्राकृतिक खेती को अपनाएं। मुख्यमंत्री ने इस दौरान सरकार द्वारा प्राकृतिक खेती करने वाले किसानों को दी जाने वाली सब्सिडी और उनके लिए उठाए गए कदमों का जिक्र भी किया।
स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री का जताया आभार:-
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए प्रदेश की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि हरियाणा सरकार आमजन को बेहतर सुविधाएं प्रदान करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्वेश्य न केवल बेहतर सुविधाओं में बढ़ोतरी करना है, बल्कि रोगों की समय पर पहचान करते हुए रोगों की रोकथाम करना भी है। आज से मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिए ब्लॉक स्तर पर भी इस दिशा में कार्य शुरू हो गया है। साथ ही राज्य की आपातकालीन सेवाओं को भी सुदृढ़ किया गया है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का आभार जताते हुए कहा कि उनके दूरदर्शी नेतृत्व में प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर और सशक्त किया जा रहा है।
प्रदेश में तैनात होगी तमाम एंबुलेंस, 112 से कनेक्ट भी होंगी:-
वहीं, कार्यक्रम को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ० सुमिता मिश्रा ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक मजबूत करने के लिए प्रदेश सरकार लगातार कार्य कर रही है। इसी के तहत नारायगढ़ के अस्पताल में मरीजों के लिए बेड की संख्या में इजाफा किया गया है। उन्होंने बताया कि आज 7 महत्वपूर्ण परियोजनाओं का मुख्यमंत्री ने शुभारंभ किया है। मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए काउंसलर की रोटेशन वाइज सुविधा अब शैक्षणिक संस्थाओं में मिला करेगी। इसके अलावा उन्होंने बताया कि सीएसआर फंड से करीबन 20 करोड़ रूपये की मशीनरी इत्यादि की सुविधा भी प्रदेश की जनता को समर्पित की गई है। उन्होंने बताया कि जो एंबुलेंस जनता को समर्पित की गई है, वो प्रदेश के अलग-अलग जिलों में तैनात होंगी, तथा डायल 112 से एमरजैंसी के लिए कनेक्ट होगी।











