Metro Plus News
नगर निगमफरीदाबादराजनीतिराष्ट्रीयहरियाणा

हाइड्रोजन ट्रेन विकसित भारत और हरित ऊर्जा की नई पहचान: कृष्णपाल गुर्जर

हाइड्रोजन ट्रेन से बदलेगा भारत का भविष्य, ग्रीन एनर्जी को मिलेगी नई रफ्तार: विपुल गोयल

Metro Plus से Naveen Gupta की रिपोर्ट।

Faridabad, 17 जुलाई: भारत सरकार में केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि आज का दिन हरियाणा और देश के लिए अत्यंत गौरवपूर्ण एवं ऐतिहासिक है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जींद से देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को झंडी दिखाकर रवाना कर एक नए युग की शुरूआत की है। इस अवसर पर बल्लभगढ़ स्थित अटल ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर तथा हरियाणा सरकार में शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।

कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा जींद से देश की प्रथम हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया गया। इस ऐतिहासिक अवसर का सीधा लाइव प्रसारण ऑनलाइन माध्यम से प्रदर्शित किया गया। साथ ही कार्यक्रम में स्वयं सहायता समूह की चार महिलाओं, प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के चार लाभार्थियों और हरियाणा रोडवेज के द्वारा पांच लाभार्थियों को हैप्पी कार्ड भी वितरित किए गए।

कार्यक्रम में बल्लभगढ़ विधायक मूलचंद शर्मा, बडख़ल विधायक धनेश अदलखा, एनआईटी विधायक सतीश फागना, महापौर प्रवीण जोशी, फरीदाबाद भाजपा जिलाध्यक्ष पंकज पूजन रामपाल, बल्लभगढ़ भाजपा जिलाध्यक्ष सोहन पाल सिंह, जिला परिषद चेयरमैन विजय लोहिया, पूर्व मंत्री सीमा त्रिखा, पूर्व विधायक नरेंद्र गुप्ता तथा पूर्व विधायक टेकचंद शर्मा सहित अनेक गणमान्य जनप्रतिनिधि एवं पार्टी पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।

केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि यह केवल एक नई ट्रेन की शुरूआत नहीं, बल्कि स्वच्छ ऊर्जा, आधुनिक तकनीक और विकसित भारत के संकल्प की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में भारत भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए ऐसे निर्णय ले रहा है, जिनका लाभ आने वाली पीढिय़ों को मिलेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत नवाचार, अनुसंधान और हरित ऊर्जा के क्षेत्र में लगातार नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है। उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन आज पूरी दुनिया के सामने गंभीर चुनौती है और डीजल तथा पेट्रोल जैसे जीवाश्म ईंधनों से निकलने वाला कार्बन प्रदूषण इसका प्रमुख कारण है। ऐसे में हाइड्रोजन ऊर्जा, सौर ऊर्जा, पवन ऊर्जा और अन्य स्वच्छ ऊर्जा स्रोतों को बढ़ावा देकर भारत पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2030 तक हरित ऊर्जा उत्पादन के लिए जो लक्ष्य निर्धारित किए थे, उन्हें निर्धारित समय से पहले 2025 में प्राप्त कर विकास की दिशा में देश तेजी से आगे बढ़ रहा है।

केंद्रीय सहकारिता मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि पिछले वर्षों में भारतीय रेल के व्यापक विद्युतीकरण का कार्य रिकॉर्ड स्तर पर किया गया है। अधिकांश रेल मार्गों का विद्युतीकरण होने से डीजल की खपत में उल्लेखनीय कमी आई है, जिससे न केवल विदेशी मुद्रा की बचत हुई है बल्कि पर्यावरण संरक्षण को भी मजबूती मिली है। उन्होंने कहा कि पहले बड़ी मात्रा में पेट्रोलियम उत्पादों के आयात पर खर्च होने वाला धन अब देश के विकास कार्यों में उपयोग हो रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूरदर्शी नीतियों के कारण भारत आज दुनिया की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हो चुका है और शीघ्र ही विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में अग्रसर है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न प्रोत्साहन योजनाएं चला रही है, जिससे आम नागरिकों को स्वच्छ परिवहन अपनाने के लिए प्रेरित किया जा सके। इन प्रयासों से कार्बन उत्सर्जन में कमी आएगी, ऊर्जा आत्मनिर्भरता बढ़ेगी तथा लोगों के स्वास्थ्य पर भी सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा।

केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने नागरिकों से पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान करते हुए कहा कि केवल पेड़ लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी देखभाल करना भी प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक वृक्षारोपण कर तथा स्वच्छ ऊर्जा को अपनाकर हम जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों का प्रभावी ढंग से सामना कर सकते हैं। उन्होंने सभी नागरिकों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्ष-2047 तक विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में अपना सक्रिय योगदान देने की अपील की।

हाइड्रोजन आधारित परिवहन भविष्य की आवश्यकता, हरित ऊर्जा को मिलेगा बढ़ावा: विपुल गोयल

हरियाणा सरकार में शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि आज का दिन हरियाणा और देश के लिए ऐतिहासिक है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जींद से देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को रवाना कर स्वच्छ ऊर्जा, आधुनिक परिवहन और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को भी बधाई दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने लगभग 14,700 करोड़ रूपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया, जिससे प्रदेश के बुनियादी ढांचे, परिवहन, उद्योग, ऊर्जा और जनसुविधाओं को नई गति मिलेगी तथा हरियाणा के विकास को और मजबूती मिलेगी।

कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि वर्ष-2014 से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है। उन्होंने उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, हर घर जल अभियान तथा किसानों, महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों के कल्याण से जुड़ी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इनसे समाज के प्रत्येक वर्ग को सशक्त बनाया गया है। उन्होंने कहा कि भारत आधुनिक तकनीक और स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है तथा हाइड्रोजन आधारित परिवहन भविष्य की आवश्यकता है। इंडियन ऑयल द्वारा हाइड्रोजन ईंधन आधारित बसों का सफल परीक्षण किया जा चुका है और अब इस तकनीक को सार्वजनिक परिवहन में विस्तार दिया जा रहा है, जिससे प्रदूषण में कमी आएगी, स्वदेशी ऊर्जा स्रोतों को बढ़ावा मिलेगा और पर्यावरण संरक्षण को मजबूती मिलेगी।

कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने वैश्विक स्तर पर नई पहचान बनाई है और देश का सम्मान लगातार बढ़ा है। उन्होंने कहा कि सामाजिक विकास के साथ सांस्कृतिक एवं धार्मिक विरासत के संरक्षण के लिए भी ऐतिहासिक कार्य हुए हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार भी आधारभूत ढांचे, जनकल्याण और सुशासन को प्राथमिकता देते हुए विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ा रही है। उन्होंने नागरिकों से प्रदेश और देश के विकास के संकल्प को और मजबूत करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में निगमायुक्त धीरेंद्र खडग़टा, उपायुक्त आयुष सिन्हा, एडीसी अंजलि श्रोत्रिया, बल्लभगढ़ एसडीएम मयंक भारद्वाज, सीटीएम अंकित कुमार सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य व्यक्तिगण मौजूद रहे।

Related posts

नशा मुक्त भारत अभियान के तहत हरियाणा को नशा मुक्त करना सरकार का कृतसंकल्प: CM नायब सैनी

Metro Plus

पेड़-पौधों से हमें जीवनदायिनी प्राण वायु आक्सीजन मिलती है: नगेन्द्र भड़ाना

Metro Plus

Rotary द्वारा जीवन को सकारात्मक जीने के लिए किया गया Motivational Saminar का आयोजन

Metro Plus