Metro Plus News
एजुकेशनफरीदाबादहरियाणा

सरस्वती शिशु सदन स्कूल में धूमधाम से मनाई गई श्रीकृष्ण जन्माष्टमी

Metro Plus से Naveen Gupta की रिपोर्ट

Faridabad, 3 सितंबर: सरस्वती शिशु सदन सीनियर सैकेंडरी स्कूल, तिगांव में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व बड़े हर्षोल्लास एवं श्रद्धाभाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर पूरी तरह कृष्णमय हो उठा। विद्यार्थियों ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण के जीवन, उनकी बाल लीलाओं, राधा-कृष्ण के प्रेम एवं रासलीलाओं का मनमोहक चित्रण प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम में नन्हे-मुन्ने बच्चे राधा और कृष्ण की मनमोहक वेशभूषा में सभी के आकर्षण का केंद्र रहे। उनकी मनमोहक प्रस्तुतियों ने उपस्थित अभिभावकों एवं विद्यालय परिवार का मन मोह लिया। विद्यार्थियों द्वारा श्रीकृष्ण के जन्म से लेकर उनकी विभिन्न लीलाओं तक का सुंदर मंचन किया गया, जिसने दर्शकों को भाव-विभोर कर दिया।

कार्यक्रम का विशेष आकर्षण कक्षा 8वीं की छात्राओं द्वारा अच्युतम केशवम् गीत पर प्रस्तुत मनमोहक नृत्य रहा। नृत्य की सुंदर भाव-भंगिमाओं और मनोहारी प्रस्तुति ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया। वहीं कक्षा 8वीं के छात्र-छात्राओं ने अध्यापकों के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त करते हुए एक भावपूर्ण गीत प्रस्तुत किया, जिसे सभी ने खूब सराहा।

जन्माष्टमी के अवसर पर विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के लिए मटकी सजाओ प्रतियोगिता एवं बांसुरी सजाओ प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने आकर्षक एवं रंग-बिरंगी मटकियों तथा बांसुरियों को विभिन्न कलात्मक तरीकों से सजाकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

विद्यालय के प्रधानाचार्य महेश भारद्वाज ने विद्यार्थियों को श्रीकृष्ण के जीवन से प्रेरणा लेने तथा उनके द्वारा दिए गए प्रेम, कर्म, सत्य, धर्म और कर्तव्यनिष्ठा के संदेश को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ऐसे सांस्कृतिक कार्यक्रम विद्यार्थियों में भारतीय संस्कृति एवं संस्कारों के प्रति सम्मान की भावना विकसित करने के साथ-साथ उनकी रचनात्मक प्रतिभा को भी निखारते हैं।

कार्यक्रम का समापन हर्षोल्लास और भक्तिमय वातावरण में हुआ। विद्यालय परिवार की ओर से सभी विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दी गई।

Related posts

वार्ड नंबर-37 में भाजपा उम्मीदवार के प्रचार प्रसार से दूरी बनाए हुए है विधायक मूलचंद शर्मा

Metro Plus

क्या इस बार मनाया जाएगा गणतंत्र दिवस समारोह? देखे!

Metro Plus

सावित्री पॉलीटेक्निक के सिल्वर जुबली समारोह में छात्राओं ने जमकर मचाया धमाल

Metro Plus