कृष्णपाल गुर्जर और धनेश अदलखा ने सफाई कर दिया स्वच्छता का संदेश
Metro Plus से Naveen Gupta की रिपोर्ट
Faridabad, 2 अक्टूबर: राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर जिले में विभिन्न स्थानों पर स्वच्छता अभियान चलाकर स्वच्छता एवं जनभागीदारी का संदेश दिया गया। इसी कड़ी में शहीद भगत सिंह चौक पर आयोजित स्वच्छता अभियान में केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर तथा बडख़ल विधानसभा क्षेत्र के विधायक धनेश अदलखा ने भाग लिया। दोनों ने स्वयं सफाई कार्य में सहभागिता करते हुए नागरिकों को स्वच्छता को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का संदेश दिया।
केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने स्वच्छता को स्वस्थ एवं सशक्त समाज की आधारशिला माना था। उन्होंने स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक करते हुए स्वयं भी सफाई कार्यों में भाग लेकर समाज को प्रेरणा दी। गांधी जयंती के अवसर पर स्वच्छता अभियान चलाना उनके स्वच्छता संबंधी संदेश को आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ शहर और स्वच्छ समाज के निर्माण में केवल प्रशासन की भूमिका पर्याप्त नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए स्वच्छता कार्यों में भागीदारी निभानी होगी। सार्वजनिक स्थानों पर कचरा न डालना, कूड़े का उचित निस्तारण करना तथा अपने आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ रखना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है।
सफाई कर्मचारियों के प्रयासों की सराहना कर किया सम्मानित:-
स्वच्छता अभियान के दौरान केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर एवं विधायक धनेश अदलखा ने स्वच्छता अभियान में सक्रिय रूप से योगदान देने वाले सफाई कर्मचारियों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने सफाई कर्मचारियों को माला पहनाकर सम्मानित किया तथा उनके योगदान के लिए उनका उत्साहवर्धन किया।
केंद्रीय राज्यमंत्री ने कहा कि सफाई कर्मचारी शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उनके निरंतर प्रयासों के कारण सार्वजनिक स्थानों की स्वच्छता सुनिश्चित होती है। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारियों के प्रति सम्मान एवं सहयोग का भाव रखना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।
शहीद भगत सिंह, राजगुरू और सुखदेव को किया नमन:-
स्वच्छता अभियान के उपरांत केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर एवं बडख़ल के विधायक धनेश अदलखा ने शहीद भगत सिंह चौक पर देश की स्वतंत्रता के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले महान क्रांतिकारी शहीद-ए-आजम भगत सिंह, शहीद राजगुरू एवं शहीद सुखदेव की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि शहीद भगत सिंह, राजगुरू और सुखदेव का जीवन देशभक्ति, साहस और राष्ट्र के प्रति समर्पण की प्रेरणा देता है। देश की आजादी के लिए उनके द्वारा दिए गए सर्वोच्च बलिदान को राष्ट्र सदैव स्मरण करता रहेगा। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी को शहीदों के जीवन एवं उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में अपनी सकारात्मक भूमिका निभानी चाहिए।
इस अवसर पर बडख़ल के विधायक धनेश अदलखा ने भी स्वच्छता के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि स्वच्छता केवल किसी एक दिन या अभियान तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। प्रत्येक नागरिक को अपने घर, गली, मोहल्ले और सार्वजनिक स्थानों की स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी निभानी चाहिए। जनभागीदारी से ही स्वच्छ और सुंदर फरीदाबाद के लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।
इस अवसर पर उपस्थित नागरिकों एवं कार्यकर्ताओं ने भी स्वच्छता अभियान में भाग लिया तथा अपने आसपास के सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने का संकल्प लिया।







