Metro Plus से Naveen Gupta की रिपोर्ट।
Faridabad, 16 जुलाई: नगर निगम में शहर की कूड़ा प्रबंधन व्यवस्था को अधिक प्रभावी, सुव्यवस्थित एवं वैज्ञानिक बनाने के उद्वेश्य से पार्षदों एवं कूड़ा प्रबंधन से जुड़े वेंडर्स की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जॉइंट कमिश्नर अनिल यादव ने की। नगर निगम आयुक्त धीरेंद्र खडग़टा के निर्देशानुसार आयोजित बैठक में शहर की ठोस अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने, कूड़े के वैज्ञानिक एवं व्यवस्थित निस्तारण, समयबद्व उठान तथा विभिन्न क्षेत्रों में सामने आ रही समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
जॉइंट कमिश्नर अनिल यादव ने बैठक में कहा कि सभी बल्क वेस्ट जनरेटर अपने लाइसेंस का समय रहते नवीनीकरण कराएं तथा नगर निगम के नियमों के अनुरूप कूड़े का उचित प्रबंधन सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि शहर में कहीं भी कूड़ा इधर-उधर फेंकने अथवा स्वच्छता संबंधी नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरूद्व नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में वेंडर्स को निर्देश दिए हैं कि सभी वेंडर्स पार्षदों से तालमेल कर घर-घर तक कूड़ा लेने के लिए अपनी गाड़ी को भेजें और सुबह 9:00 बजे तक निर्धारित स्थान पर कूड़ा डालें। उन्होंने कहा कि लोगों को भी इस बाबत जागरूक करें कि लोग समय पर कूड़ा घर पहुंचने वाली गाड़ी में ही डालें कूड़े को इधर-उधर ना फेकें।
उन्होंने कहा कि कई स्थानों पर अव्यवस्थित तरीके से कूड़ा डाले जाने के कारण स्वच्छता व्यवस्था प्रभावित होती है। इसे रोकने के लिए जन-प्रतिनिधियों एवं वेंडर्स का सहयोग अत्यंत आवश्यक है। इसी उद्वेश्य से यह बैठक आयोजित की गई है ताकि सभी के समन्वय से कूड़ा संग्रहण एवं निस्तारण की व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।
बैठक में वेंडर्स को निर्देश दिए गए कि वे नगर निगम द्वारा निर्धारित स्थानों पर ही कूड़ा डालें, कूड़े का पृथक्करण सुनिश्चित करें, समय पर उठान करें तथा सभी स्वच्छता मानकों का पालन करें। ट्रैक्टर्स-ट्रॉली पर ट्रैफिक नियमों का पालन कर नंबर प्लेट लगाकर चले।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक वेंडर अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन पूरी गंभीरता से करे और नियमों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करे जिससे शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ बनाया जा सके। उन्होंने कहा कि यदि वेंडर्स कूड़े को निर्धारित स्थान के अलावा अन्य स्थानों पर डालते हुए मिले अथवा अन्य कोई व्यक्ति खुले स्थान पर अथवा नालों में कूड़ा फेंकता हुआ मिला तो उसे पर कार्रवाई करते हुए चालान किया जाएगा।
बैठक में पार्षद गायत्री देवी, पार्षद मुकेश डागर, पार्षद जसवंत सिंह, पार्षद भगवान सिंह, पार्षद शीतल सहित अन्य पार्षदगण के अलावा सफाई निरीक्षक मुख्यालय बिशन सिंह तेवतिया, सफाई निरीक्षक हरवीर रावत सहित कई पार्षदगण एवं कूड़ा प्रबंधन से जुड़े वेंडर्स उपस्थित रहे।






